SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

शराब पार्टी में झगड़ा, फिर कार से कुचलकर हत्या: युवक की मौत, आरोपी वारदात के बाद फरार

Rajasthan News: जयपुर के कानोता में शराब पार्टी के बाद हुए विवाद में कार से बाइक को टक्कर मारने से राहुल सैनी की मौत हो गई, जबकि सुनील सैनी घायल है. आरोपी सुरेंद्र यादव फरार है. परिजनों ने गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की.

Reported By Vishnu Prakash Sharma Edited By SAGAR CHAUDHARY
Published: Sep 28, 2026, 10:17 PM IST | Updated: Sep 28, 2026, 10:19 PM IST
Image Credit: Jaipur Kanota Murder Case
Join

Rajasthan Crime News: जयपुर के कानोता इलाके में शराब पार्टी में झगड़े के बाद एक जने ने कार से मोटर साइकिल को टक्कर मारकर एक युवक की हत्या कर दी. इसमें दूसरा साथी घायल हो गया, जिसका सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज चल रहा है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. वहीं दूसरी तरफ मृतक के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव भी किया. पुलिस आरोपी को तलाशने की कोशिश कर रही है.

हाईवे पर बाइक को कार से मारी टक्कर
कानोता के नजदीक हाईवे पर रविवार तड़के करीब ढाई बजे की घटना बताई जा रही है. एक कार चालक ने जानबूझ कर मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल सवार एक युवक राहुल सैनी की मौत हो गई, दूसरा साथी सुनील सैनी घायल हो गया. हत्या के बाद आरोपी सुरेंद्र यादव मौके से फरार हो गया.

तीनों एक ही प्रॉपर्टी डीलर के पास करते थे काम
जानकारी के अनुसार मृतक राहुल सैनी और घायल सुनील सैनी चौमूं के रहने वाले थे. मृतक और घायल तथा हत्यारा सुरेंद्र तीनों कानोता में प्रॉपर्टी डीलर नरेश अग्रवाल के पास काम करते थे. अग्रवाल ने कर्मचारियों के रहने का भी वहीं इंतजाम कर रखा था. बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने कल रात आपस में शराब पार्टी की. इस दौरान सुरेंद्र यादव और राहुल सैनी में कहासुनी हो गई. इसके बाद सुनील और राहुल मोटरसाइकिल पर सिगरेट पीने कानोता के नजदीक हाईवे पर चले गए.

फोन कर राहुल को ललकारा
पुलिस के अनुसार इसके बाद राहुल प्रताप नगर चला गया था, लेकिन पीछे से कार लेकर आए सुरेंद्र यादव ने मोबाइल पर फोन कर राहुल को ललकारा. इसके बाद राहुल और सुनील प्रताप नगर से कानोता आए. उनकी सुरेंद्र से फिर कहासुनी हो गई. इस दौरान सुरेंद्र ने जानबूझ कार से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे राहुल और सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए. वहां लोग दोनों घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने राहुल का मृत घोषित कर दिया. वहीं सुनील को इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कर लिया गया.

कार छोड़कर मौके से फरार हुआ आरोपी
इधर टक्कर मारने के बाद सुरेंद्र यादव ने हड़बड़ी में कार को सड़क के किनारे खड़े ट्रक में घुसा दी. इसके बाद सुरेंद्र यादव कार छोड़कर मौके से फरार हो गया.

गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचे परिजन
इधर सूचना मिलने पर आज सुबह राहुल के परिजन और लोग कानोता थाने पर इकट्ठा हो गए. चौमूं के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा भी कानोता पहुंचे. परिजनों ने हत्यारे सुरेंद्र की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोश जताया. पूर्व विधायक रामलाल शर्मा के अनुसार प्रॉपर्टी डीलर नरेश अग्रवाल ने राहुल के परिजनों को 15 लाख रुपए की सहायता देने का आश्वासन दिया है. दूसरी ओर पुलिस आरोपी सुरेंद्र की तलाश कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES