SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

CA राजीव गुप्ता अपहरण केस का खुलासा: 3 आरोपी गिरफ्तार, कर्ज चुकाने के लिए रची थी साजिश

Jaipur CA Kidnapping Case: जयपुर के सेंट्रल पार्क से CA राजीव गुप्ता के अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, 4 आरोपियों ने कर्ज चुकाने के लिए अपहरण की साजिश रची थी.

Written By Aman Singh
Published: Sep 18, 2026, 08:08 PM IST | Updated: Sep 18, 2026, 08:19 PM IST
Image Credit: Rajiv Gupta Kidnapping Case
Join

Jaipur CA Kidnapping Case: जयपुर के सेंट्रल पार्क से CA राजीव गुप्ता के अपहरण के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. 10 सितंबर को मॉर्निंग वॉक से लौट रहे राजीव गुप्ता का अपहरण किया गया था. मामले को लेकर DCP साउथ राजर्षि राज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी साझा की.

उन्होंने बताया कि राजीव गुप्ता के अपहरण की साजिश में कुल चार आरोपी शामिल थे. इनमें से दो आरोपियों ने मिलकर राजीव गुप्ता का अपहरण किया था. पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की अभी तलाश जारी है.

पहले भी अपहरण की कोशिश कर चुके थे आरोपी

DCP साउथ राजर्षि राज ने बताया कि आरोपी कुछ दिन पहले भी अपहरण की कोशिश के लिए सेंट्रल पार्क आए थे, लेकिन उस समय वे अपने लक्ष्य में सफल नहीं हो पाए. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने किसी खास व्यक्ति को पहले से टारगेट नहीं किया था.

आरोपियों को लगता था कि सेंट्रल पार्क में घूमने आने वाले अमीर लोग हैं. इसी सोच के चलते वे बिना किसी निश्चित प्लानिंग के वहां पहुंचे थे और किसी भी व्यक्ति का अपहरण करने की योजना थी. इसी दौरान राजीव गुप्ता उनके निशाने पर आ गए.

कर्ज चुकाने के लिए रची अपहरण की साजिश

DCP राजर्षि राज ने बताया कि आरोपियों ने कर्ज चुकाने के लिए अपहरण की साजिश रची थी. शुरुआती जांच में आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है. पुलिस अब मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य आरोपी की भूमिका और पूरी साजिश के बारे में जानकारी जुटा रही है.

क्या था पूरा मामला ?

सेंट्रल पार्क की पार्किंग से 50 साल के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) राजीव गुप्ता का 10 सितंबर गुरुवार को दो बदमाश हथियारों के बल पर उनकी मर्सिडीज कार में अगवा कर दिल्ली रोड की तरफ ले गए थे. आमेर थाना क्षेत्र में कार दो वाहनों से टकराने के बाद कच्चे रास्ते पर नाले में पलट गई जिसके बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए थे.

आमेर थाना पुलिस ने मौके से CA राजीव गुप्ता को सुरक्षित दस्तयाब किया और उनकी मर्सिडीज कार भी पुलिस ने बरामद की. इसके बाद गुरुवार को वारदात के बाद राजीव गुप्ता की शिकायत पर अशोक नगर थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया. मोती डूंगरी थाना क्षेत्र निवासी CA राजीव गुप्ता ने बताया कि वह सुबह सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक करने के बाद अपनी मर्सिडीज कार में बैठ रहे थे. तभी दो बदमाश पिस्टल और चाकू लेकर उनकी कार में घुस गए और हथियार दिखाकर उन्हें अपने कब्जे में लिया और कार को आमेर थाना क्षेत्र की तरफ ले गए.

कार पलटते ही मौके से भागे आरोपी

आमेर इलाके में पहुंचने के बाद राजीव गुप्ता ने खुद को बचाने के लिए चलती कार का गेट खोलकर बच निकलने की कोशिश की इसी दौरान कार चला रहे आरोपी ने नियंत्रण खो दिया. जिससे मर्सिडीज कार एक बाइक से टकरा गई और इसके बाद एक अन्य गाड़ी को टक्कर मारी फिर पीली की तलाई के पास कच्चे रास्त पर पलट गई. हादसे के बाद दोनों बदमाश राजीव गुप्ता को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए. जिसके बाद आमेर थाना पुलिस ने मौके से CA राजीव गुप्ता को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया था.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES