SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राजस्थान में अनोखी परंपरा: गोवर्धन पूजा पर रंगों और फूलों से सजाकर की जाती है गधों की पूजा

भीलवाड़ा के मांडल कस्बे में दीपावली के बाद कुम्हार समाज करीब 70 साल पुरानी वैशाख नंदन पूजा की परंपरा निभाता है. इस दौरान गधों को नहलाकर, रंगों और फूलों से सजाकर विधि-विधान से पूजा की जाती है. उन्हें गुड़-मिठाई खिलाई जाती है और पारंपरिक गधा दौड़ भी आयोजित होती है.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 10, 2026, 08:28 AM IST | Updated: Nov 10, 2026, 08:34 AM IST
Image Credit: 70 साल पुरानी परंपरा
Join

भीलवाड़ा के मांडल कस्बे में कुम्हार समाज के लोग अपने पुराने आजीविका के साथी गधों की पूजा कर वर्षों पुरानी परंपरा को आज भी जीवित रखे हुए हैं. करीब 5 दशकों से अधिक पुरानी इस परंपरा का नाम है वैशाख नंदन पूजा.  

आखिर क्या है इस अनूठी परंपरा के पीछे की कहानी?  
भीलवाड़ा जिला मुख्यालय से 14 किलोमीटर दूर स्थित मांडल कस्बे में दीपावली का दूसरा दिन एक अलग ही परंपरा का गवाह बनता है , जहां आस्था के साथ जुड़ा है कृतज्ञता का भाव जो कई दशकों से चला आ रही एक परंपरा को निर्वाह करते हैं. इस बार हिंदी माह की दो अमावस्या के चलते दीपावली के दो दिन बाद ये पर्व मनाया जा रहा है.

गधों को सजाकर की जाती है पूजा, मंत्रोच्चार के साथ चढ़ता है तिलक
गोवर्धन पूजा और अन्नकूट के अवसर पर कुम्हार समाज के लोग अपने गधों का पूजन करते हैं. प्रताप नगर क्षेत्र में होने वाले इस आयोजन में गधों को पहले नहलाकर साफ किया जाता है. फिर रंग-बिरंगे रंगों से सजाकर फूलों की मालाएं पहनाई जाती हैं. इसके बाद शुरू होता है पूजा-अर्चना का सिलसिला , पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच तिलक लगाकर गधों की पूजा की जाती है और गुड़-मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया जाता है.

यह भी पढ़ेंः पटाखों से अंगारों का खेल, बिजयनगर के मुख्य बाजारों में युवाओं ने खेली खतरनाक होली, पुलिस की बैरिकेडिंग FAIL

गधा दौड़ रहती है आयोजन का खास आकर्षण
इतना ही नहीं , परंपरागत गधा दौड़ भी इस आयोजन का खास आकर्षण रहती है. इस अनूठे नजारे को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. दरअसल, इसके पीछे कुम्हार समाज की वर्षों पुरानी जीविका और गधों से जुड़ा गहरा रिश्ता है. पहले मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए तालाबों और अन्य स्थानों से मिट्टी लाने का काम इन्हीं गधों के जरिए किया जाता था. यानी मिट्टी से बर्तन बनाने की पूरी प्रक्रिया में गधे कुम्हार परिवारों के सबसे बड़े सहयोगी हुआ करते थे.

मिट्टी ढोने में कुम्हारों के सबसे बड़े साथी थे गधे
समय बदला , परिवहन के आधुनिक साधन आए और गधों पर निर्भरता कम होती चली गई लेकिन कुम्हार समाज ने अपने पुराने सहयोगियों को नहीं भुलाया. मांडल निवासी गोपाल कुम्हार के अनुसार, यह परंपरा करीब सात दशक पुरानी है. पहले लगभग हर कुम्हार परिवार के पास गधा हुआ करता था और यही उनकी आजीविका का महत्वपूर्ण आधार था.

आधुनिकता के इस दौर में जहां कई पुरानी परंपराएं धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही हैं , वहीं मांडल का कुम्हार समाज अपने पूर्वजों की विरासत को आज भी सहेजे हुए है.  वैशाख नंदन पूजा केवल गधों की पूजा नहीं , बल्कि उन बेजुबान पशुओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने कभी कुम्हार समाज की रोजी-रोटी का बोझ अपने कंधों पर उठाया था. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES