App

जयपुर में एग्रीटेक मीट, जैसलमेर में पर्यटन उत्सव और हर जिले में लगेंगे शिविर... भजनलाल सरकार के 3 साल के जश्न की भव्य तैयारी!

राजस्थान में भजनलाल सरकार के तीन साल पूरे होने पर 18 दिन तक अलग-अलग आयोजन होंगे. 8 से 25 दिसंबर तक प्रदेशभर में बड़े आयोजनों की श्रृंखला चलेगी. इस बार सरकार का खास फोकस युवा, किसान, महिला और रोजगार पर रहेगा. जयपुर में तीन दिवसीय ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट होगी, तो युवाओं के लिए खेलो राजस्थान, रोजगार उत्सव और प्रतिभा खोज प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना है. वहीं, आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सभी जिलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे. जैसलमेर में पर्यटन सम्मेलन और लोक कला उत्सव भी प्रस्तावित हैं. 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा.

जयपुर में एग्रीटेक मीट, जैसलमेर में पर्यटन उत्सव और हर जिले में लगेंगे शिविर... भजनलाल सरकार के 3 साल के जश्न की भव्य तैयारी!
Image Credit: Bhajanlal Government 3 Years Rajasthan

18 दिन तक चलेंगे भव्य कार्यक्रम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर में 18 दिन तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है. 8 से 25 दिसंबर तक प्रस्तावित आयोजनों में इस बार युवाओं, किसानों, महिलाओं और उद्यमियों पर विशेष फोकस रहेगा. सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ ही युवाओं की प्रतिभा को मंच देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तलाशने की योजना बनाई गई है.

युवाओं और किसानों को जोड़ने का मेगा प्लान
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सचिवों की समिति की बैठक में इन कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की. सरकार के तीन साल पूरे होने पर इस बार पारंपरिक आयोजनों के साथ कई नए कार्यक्रम जोड़ने की तैयारी है. इनमें खेलो राजस्थान, नवाचार सम्मेलन और प्रतिभा खोज प्रतियोगिताएं प्रमुख हैं. वहीं, किसानों के लिए ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट और युवाओं के लिए राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव एवं कौशल मेले का आयोजन प्रस्तावित है. कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के आयोजन के साथ करने की तैयारी है. जयपुर के सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में तीन दिवसीय ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट प्रस्तावित है. इसमें कृषि निवेश, निर्यात की संभावनाओं, बागवानी, मोटे अनाज और खेती की आधुनिक तकनीकों पर चर्चा होगी. पानी की कमी से जूझ रहे राजस्थान में जल संरक्षण और कृषि क्षेत्र में नवाचार भी प्रमुख विषय रहेंगे. आयोजन के जरिए खेती को आधुनिक तकनीक और निवेश से जोड़ने पर जोर रहेगा. तीसरी वर्षगांठ के आयोजनों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की तैयारी है. नवाचार सम्मेलन के जरिए युवाओं को नए विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा. खेलो राजस्थान के साथ शिक्षण संस्थाओं में विभिन्न प्रतियोगिताएं और प्रतिभा खोज कार्यक्रम शुरू करने की योजना है. रोजगार उत्सव और कौशल मेले के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास से जोड़ने पर जोर रहेगा.

जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगेंगे शिविर
राजस्थान में भजनलाल सरकार के तीन साल पूरे होने पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सभी जिलों में विशेष शिविर लगाने की योजना है. इसके अलावा नारी शक्ति सम्मेलन, राष्ट्रीय सरस मेला, शेखावाटी हेरिटेज मीट और प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन भी प्रस्तावित हैं. जैसलमेर में पर्यटन सम्मेलन और लोक कला उत्सव का शुभारंभ करने की तैयारी है. इन आयोजनों के जरिए पर्यटन, स्थानीय कला और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने का प्रयास होगा. उधर मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने बैठक में चार प्रमुख विभागों के कामकाज की भी समीक्षा की. वित्त विभाग की ओर से बताया गया कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं में केंद्रीय सहायता के मद में अक्टूबर 2026 तक 17,227.22 करोड़ रुपए खर्च किए गए. यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 40.19 प्रतिशत अधिक है.

कामकाज का रिपोर्ट कार्ड
तुलनात्मक रूप से देखें तो पिछले वर्ष इसी अवधि में लगभग 12,288 करोड़ रुपए खर्च हुए थे. यानी एक साल में करीब 4,939 करोड़ रुपए का अतिरिक्त व्यय दर्ज हुआ. सरकारी कार्यालयों में डिजिटल कामकाज भी बढ़ा है. सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अनुसार अक्टूबर में राजकाज प्रणाली पर 92,200 से अधिक नई ई-फाइलें तैयार हुईं.  प्रदेश में अब तक ई-फाइलों की कुल संख्या 55.90 लाख से अधिक हो चुकी है। संसदीय कार्य विभाग ने बताया कि पिछली समीक्षा बैठक के बाद 10 नवंबर तक 16वीं विधानसभा के 278 प्रश्नों का निस्तारण किया गया. वहीं, कार्मिक विभाग ने 242 पदों के लिए वर्ष 2026-27 तक की विभागीय पदोन्नति समिति की कार्यवाही पूरी होने की जानकारी दी.

बहरहाल, सरकार के तीन साल पूरे होने का जश्न इस बार सिर्फ उपलब्धियों के बखान तक सीमित नहीं रहेगा. एक ओर किसानों के लिए निवेश और नई तकनीक का मंच सजेगा, तो दूसरी ओर युवाओं के लिए रोजगार और हुनर दिखाने के अवसर होंगे. वहीं, जिलों में लगने वाले शिविरों से आमजन को राहत देने की तैयारी है. अब देखना ये होगा कि 18 दिन के इन आयोजनों की चमक सिर्फ मंचों तक रहती है या सरकारी योजनाओं का असर आम आदमी की जिंदगी में भी नजर आता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author