SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ANTF का बड़ा एक्शन: 5 जिलों में 8 करोड़ का नशा जब्त, सरकारी जमीन पर गांजे की खेती और अफीम का दूध बरामद

राजस्थान में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने जयपुर, बाड़मेर, जालोर, सीकर और श्रीगंगानगर में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8 करोड़ 15 लाख रुपए के मादक पदार्थ जब्त और नष्ट किए हैं.

Reported By Vishnu Prakash Sharma
Published: Oct 12, 2026, 10:57 AM IST | Updated: Oct 12, 2026, 11:29 AM IST
Image Credit: rajasthan antf anti drug operation drugs seized
Join

Rajasthan news : राजस्थान में नशे के सौदागरों के खिलाफ ANTF ने पांच जिलों में एक साथ कार्रवाई की. जयपुर में सरकारी जमीन पर उगे गांजे के 5200 पौधों को उखाड़कर नष्ट किया गया, तो बाड़मेर में खेत के भीतर छिपाकर रखा गया अफीम का दूध बरामद हुआ. जालोर में डोडा पोस्त की बड़ी खेप पकड़ी गई. सीकर और श्रीगंगानगर में भी नशे की खेप के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, जब्त और नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 8 करोड़ 15 लाख रुपए है. 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो कारें जब्त की गई हैं.

जयपुर में सरकारी जमीन पर गांजे की खेती
पहली कार्रवाई जयपुर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के हस्तेड़ा में की गई. ANTF को सूचना मिली थी कि सरकारी जमीन पर गांजे के पौधे उगे हुए हैं. टीम मौके पर पहुंची तो बिजली ग्रिड के सामने खड्डों और पानी के बहाव वाले क्षेत्र में दूसरे पेड़-पौधों के बीच गांजे की खेती मिली. इसके बाद स्थानीय पुलिस, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी NCB, हल्का पटवारी और ग्राम पंचायत प्रशासन को मौके पर बुलाया गया. राजस्व रिकॉर्ड में जमीन सरकारी पाए जाने के बाद संयुक्त कार्रवाई की गई. गांजे के करीब 5200 पौधों को उखाड़कर मौके पर ही जलाकर नष्ट कर दिया गया.

बाड़मेर में बाजरे की फसल की आड़ में छिपा था अफीम का दूध
दूसरी कार्रवाई बाड़मेर जिले के नागाणा थाना क्षेत्र में हुई. ANTF को सूचना मिली थी कि खावड़िया खानजी का तला निवासी हरचंदराम ने अपने खेत में अवैध मादक पदार्थ छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने खेत पर दबिश दी. पुलिस को देखकर एक व्यक्ति कटी हुई बाजरे की फसल की आड़ में भागने लगा,लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।.खेत की तलाशी के दौरान बाजरे के ढेर के नीचे छिपाई गई स्टील की बरनी मिली. बरनी में तीन प्लास्टिक थैलियों में कुल 5.096 किलोग्राम अफीम का दूध रखा हुआ था.गिरफ्तार आरोपी पहले भी NDPS एक्ट के तीन मामलों में शामिल रहा है और जेल जा चुका है. पुलिस अब मामले में तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

जालोर में नाकाबंदी देखकर कार भगाई, खेत में जाकर रुकी
तीसरी कार्रवाई जालोर जिले के बागोड़ा थाना क्षेत्र में हुई. ANTF को सूचना मिली थी कि फ्रॉन्क्स कार में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर दादाल क्षेत्र में नाकाबंदी की गई. इस दौरान संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया,लेकिन चालक ने कार वापस मोड़कर भगाने का प्रयास किया. पुलिस ने पीछा किया तो कार असंतुलित होकर सड़क किनारे लगी तारबंदी तोड़ते हुए खेत में जा रुकी. कार की तलाशी में तीन काले प्लास्टिक कट्टों से 45.062 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ पुलिस ने अयूब मोहम्मद और अब्दुल रहीम को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली.

सीकर में गांजा,श्रीगंगानगर में अफीम बरामद
चौथी कार्रवाई सीकर जिले के नेछवा थाना क्षेत्र में हुई. पुलिस को सूचना मिली थी कि मीरण निवासी रघुनाथ सिंह अपनी ढाणी के पास सफेद स्विफ्ट कार में गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है. संयुक्त टीम ने बाबा पूर्णदास की बगीची के पास दबिश दी. पुलिस को देखकर आरोपी ने कार से भागने की कोशिश की लेकिन घेराबंदी कर उसे रोक लिया गया. तलाशी में 5.120 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने कार जब्त कर 67 वर्षीय रघुनाथ सिंह को गिरफ्तार किया.

पांचवीं कार्रवाई श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में हुई. राजकीय अल्पसंख्यक छात्रावास के पास संदिग्ध युवक को देखकर पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस को देखकर युवक भागने लगा,लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया. तलाशी में 283 ग्राम अफीम बरामद हुई. आरोपी की पहचान महेंद्र कुमार के रूप में हुई है.

ANTF महानिरीक्षक विकास कुमार के मुताबिक,DGP राजीव कुमार शर्मा और ADG दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है. इन पांच कार्रवाइयों में शामिल टीमों को ANTF मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्मानित करने की बात भी कही गई है.

राजस्थान में नशे के खिलाफ ANTF की इन पांच कार्रवाइयों में अवैध खेती से लेकर अफीम और डोडा पोस्त की खेप तक पकड़ी गई है. अब पुलिस की जांच का फोकस इस बात पर भी रहेगा कि इन मादक पदार्थों की सप्लाई कहां की जानी थी और इनके पीछे कौन-कौन से लोग जुड़े हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES