App

राजस्थान के एयरपोर्ट्स पर घटीं फ्लाइट्स: जैसलमेर से जयपुर तक एयर कनेक्टिविटी कमजोर

राजस्थान में पर्यटन सीजन के बीच पर्यटकों की आवक बढ़ने लगी है, लेकिन एयर कनेक्टिविटी कमजोर होने से एविएशन सेक्टर की रौनक फीकी पड़ गई है. जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, जैसलमेर और किशनगढ़ एयरपोर्ट पर कई शहरों के लिए उड़ानें बंद हुई हैं.

राजस्थान के एयरपोर्ट्स पर घटीं फ्लाइट्स: जैसलमेर से जयपुर तक एयर कनेक्टिविटी कमजोर
Image Credit: Zee Media

राजस्थान में पर्यटन की रौनक बढ़ने लगी है. अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह के दौरान अब प्रदेश में पर्यटकों की आवक बढ़ रही है, लेकिन इस बार राज्य के एयरपोर्ट्स पर एविएशन की रौनक नहीं लौट सकी है. पिछले वर्ष की तुलना में लगभग सभी एयरपोर्ट्स पर एयर कनेक्टिविटी कमजोर हुई है. सर्दियों के दौरान राज्य के सभी 6 एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन में बढ़ोतरी होती है.

जैसलमेर एयरपोर्ट से तो केवल सर्दियों के दौरान ही फ्लाइट चलती हैं. वहीं बीकानेर और किशनगढ़ एयरपोर्ट पर भी सर्दियों में ही फ्लाइट बढ़ती रही हैं, लेकिन इस बार हालात सामान्य नहीं दिख रहे. एविएशन एक्सपर्ट प्रकाश मीना की मानें तो ईरान-अमेरिका युद्ध के बाद से ही ग्लोबल लेवल पर एविएशन टरबाइन फ्यूल के दाम बढ़े हैं. किसी भी फ्लाइट संचालन में करीब 40 फीसदी लागत ईंधन की रहती है. ऐसे में एविएशन टरबाइन फ्यूल की दरें बढ़ने से एयरलाइंस फ्लाइट कम करने के लिए मजबूर हुई हैं. पिछले 8 माह के दौरान ईंधन की दरें 40 फीसदी तक बढ़ी हैं. इस कारण एयरलाइंस ने फ्लाइट संचालन में कटौती की है.

राज्य के एयरपोर्ट्स पर इस तरह घटी कनेक्टिविटी

उदयपुर एयरपोर्ट से वर्तमान में रोज औसतन 23 फ्लाइट संचालित हैं. जो दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर और नोएडा के लिए उड़ान भरती हैं. वहीं पिछले वर्ष इंदौर, भोपाल, सूरत और कोलकाता के लिए भी फ्लाइट थी. जोधपुर एयरपोर्ट से फिलहाल रोज औसतन 14 फ्लाइट संचालित होती हैं. जोधपुर से 10 एयरपोर्ट के लिए फ्लाइट उपलब्ध हैं. इंदौर, नोएडा, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए फ्लाइट है. अहमदाबाद, जयपुर, पुणे और हैदराबाद के लिए भी फ्लाइट उपलब्ध है. पिछले वर्ष जोधपुर एयरपोर्ट से इन दिनों में 15 फ्लाइट चल रही थीं.

जैसलमेर एयरपोर्ट से वर्तमान में रोज 5 फ्लाइट संचालित होती हैं. दिल्ली और मुंबई मात्र 2 शहरों के लिए ही फ्लाइट उपलब्ध है. पिछले वर्ष जयपुर और बेंगलुरु के लिए भी फ्लाइट संचालित थी. किशनगढ़ एयरपोर्ट से वर्तमान में रोज औसतन 2 फ्लाइट संचालित हैं. पुणे, नोएडा और दिल्ली की फ्लाइट संचालित हो रही हैं. जबकि पिछले वर्ष हैदराबाद और सूरत की फ्लाइट भी उपलब्ध थी.

बीकानेर में कोई बदलाव नहीं

बीकानेर एयरपोर्ट से एयर कनेक्टिविटी पिछले साल के लगभग समकक्ष ही चल रही है. पिछले वर्ष सर्दियों में बीकानेर से दिल्ली और जयपुर की एक-एक फ्लाइट थी. इस बार भी दोनों शहरों के लिए ही फ्लाइट संचालित हो रही हैं. वहीं राज्य के सबसे बड़े एयरपोर्ट जयपुर एयरपोर्ट पर भी पिछले साल की तुलना में फ्लाइट संचालन कम हुआ है.

जयपुर एयरपोर्ट पर इस तरह घटी एयर कनेक्टिविटी

पिछले वर्ष 26 अक्टूबर से लागू विंटर शेड्यूल में 76 फ्लाइट थी. जबकि वर्तमान में रोज औसतन 65 फ्लाइट ही संचालित हैं. यानी पिछले वर्ष की तुलना में 11 फ्लाइट कम संचालित हो रही हैं. जयपुर से अमृतसर, वाराणसी, आगरा, जैसलमेर, भोपाल की फ्लाइट नहीं है. गोवा, अहमदाबाद, हैदराबाद, चंडीगढ़ की फ्रिक्वेंसी भी पिछले साल से कम है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kashiram Chaudhary

Kashiram Chaudhary

जी राजस्थान में स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत काशीराम चौधरी पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 21 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे ट्रांसपोर्ट विषय से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे सड़क परिवहन की हो, फ्लाइट मूवमेंट की या फिर रेलवे परिवहन, सभी क्षेत्रों में काशीराम सक्रिय रूप से न्यूज कवर करते रहे हैं. काशीराम कृषि और पशुपालन से जुड़ी खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. किसानों की जमीनी हकीकत दिखाने के साथ ही कृषि विपणन मंडियों की भी रिपोर्टिंग करते रहे हैं. साथ ही वे आबकारी और माइंस सेक्टर की खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं. काशीराम जी मीडिया समूह से पहले राजस्थान पत्रिका, डीएनए, ईटीवी राजस्थान, फर्स्ट इंडिया न्यूज में भी कार्य कर चुके हैं.
Read More