App

सतीश पूनिया का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए ट्रेनिंग की जरूरत

भाजपा नेता सतीश पूनिया ने डूंगरपुर दौरे के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने SIR के विरोध पर सवाल उठाए और पंजाब की AAP सरकार को चिट्टा, अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा.

सतीश पूनिया का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए ट्रेनिंग की जरूरत
Image Credit: Satish Poonia

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और पंजाब प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया एक दिवसीय दौरे पर डूंगरपुर पहुंचे. यहां उन्होंने भाजपा कार्यालय में जिला भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लिया. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा. पूनिया ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेताओं को विपक्ष की भूमिका सही तरीके से निभाने के लिए अच्छे प्रशिक्षण की जरूरत है.

कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप

सतीश पूनिया ने आरोप लगाया कि संसद के भीतर हो या सड़क पर, कांग्रेस का मुख्य चरित्र अराजकता फैलाना बन गया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता देश में भ्रामक नैरेटिव के जरिए तथ्यों को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.

केंद्रीय गृह मंत्री के बयान का समर्थन करते हुए पूनिया ने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी को नेता के रूप में स्वीकार नहीं करती है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को अपनी मंशा पूरी करने के लिए 'मॉक पार्लियामेंट' में प्रधानमंत्री की भूमिका निभा लेनी चाहिए.

 

SIR के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

मतदाता सूची सत्यापन (SIR) प्रक्रिया पर बोलते हुए पूनिया ने कहा कि देश के 140 करोड़ लोगों में से करीब 13 करोड़ लोगों का सत्यापन डेटा सामने आया है. उनके मुताबिक, इसमें 2.8 करोड़ मृत, 3 करोड़ अनुपस्थित, 6 करोड़ स्थानांतरित और 3 करोड़ ऐसे लोग शामिल हैं, जिनका कोई पता नहीं है.

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस और ममता बनर्जी की सरकारों के दौरान सीमावर्ती राज्यों, पूर्वोत्तर और पश्चिम बंगाल में घुसपैठियों के सहारे फर्जी वोटिंग कराकर सरकारें बनाई गईं. पूनिया ने कहा कि SIR का विरोध करके कांग्रेस सीधे तौर पर घुसपैठियों का समर्थन कर रही है.

पंजाब में बदलाव की उम्मीद, BJP को बताया मजबूत विकल्प

पंजाब की राजनीति पर बात करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि वहां की जनता बदलाव चाहती है और भाजपा को मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है. उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके खिलाफ भारी एंटी-इनकंबेंसी है.

पूनिया ने अरविंद केजरीवाल के 90 दिनों में नशा खत्म करने के दावे का जिक्र करते हुए कहा कि साढ़े चार से पौने पांच साल बीतने के बाद भी नशे ने पंजाब की जड़ों को खोखला कर दिया है.

चिट्टा, क्राइम और भ्रष्टाचार को बताया बड़ा मुद्दा

सतीश पूनिया ने कहा कि पंजाब में इस समय तीन बड़े मुद्दे हैं- चिट्टा (नशा), क्राइम और भ्रष्टाचार. उन्होंने आरोप लगाया कि वहां आम आदमी न तो सड़क पर सुरक्षित है और न ही अपने घर में.

उन्होंने मुख्यमंत्री की पत्नी और स्टाफ पर नगदी बाहर फेंकने के आरोपों का जिक्र किया. साथ ही कहा कि ईडी और सीबीआई की कार्रवाई भी हुई है. पूनिया ने पंजाब की मौजूदा स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर सवाल उठाए.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More