App

पुष्कर मेला 2026: ‘लगान’ वाला मैच, 60 KM घोड़ों की रेस और ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता, जानें क्या-क्या होगा खास

Rajasthan News: पुष्कर मेला 2026 में इस बार कई नए आकर्षण होंगे. पहली बार घोड़ों की 60 किमी फिटनेस रेस, रेवाल चाल और ट्रिक राइडिंग होगी. 23 नवंबर को ‘लगान’ स्टाइल क्रिकेट मैच होगा. 10 से 24 नवंबर तक चलने वाले मेले में बॉलीवुड नाइट भी होगी.

पुष्कर मेला 2026: ‘लगान’ वाला मैच, 60 KM घोड़ों की रेस और ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता, जानें क्या-क्या होगा खास
Image Credit: Pushkar Mela 2026 (Incredible India)

Pushkar Mela 2026: पुष्कर मेला 2026 इस बार कई नए और खास आयोजनों के कारण चर्चा में रहने वाला है. मेले में पहली बार घोड़ों की फिटनेस रेस यानी एंड्योरेंस राइडिंग कराई जाएगी. इसमें घोड़े और राइडर को 60 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी. हर 20 किलोमीटर के बाद घोड़े की हार्ट बीट, डिहाइड्रेशन और फिटनेस की जांच की जाएगी. इसके अलावा 23 नवंबर को मेले में 'लगान' फिल्म की तर्ज पर क्रिकेट मैच भी खेला जाएगा. ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता कराने पर भी चर्चा चल रही है. मेले की अनौपचारिक शुरुआत 10 नवंबर से होगी, जबकि 17 नवंबर को पूजा, फ्लैग होस्टिंग और नगाड़ा वादन के साथ इसका औपचारिक आगाज होगा. मेला 24 नवंबर तक चलेगा.

10 नवंबर से शुरू होगी मेले की अनौपचारिक शुरुआत
पुष्कर मेले की गतिविधियां 10 नवंबर से शुरू हो जाएंगी. हालांकि मेले का औपचारिक उद्घाटन 17 नवंबर को होगा. जिला प्रशासन ने 17 से 24 नवंबर तक होने वाले कार्यक्रमों का पूरा कैलेंडर तैयार कर लिया है. मेले को मुख्य रूप से तीन हिस्सों में आयोजित किया जाता है. इनमें पशु मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक आयोजन शामिल हैं. इस बार इन पारंपरिक आयोजनों के साथ कई नए कार्यक्रम भी जोड़े गए हैं.

17 नवंबर को पूजा और फ्लैग होस्टिंग से औपचारिक आगाज
17 नवंबर को सुबह 10 बजे मेला ग्राउंड में पूजा, फ्लैग होस्टिंग और नगाड़ा वादन के साथ मेले का औपचारिक शुभारंभ होगा. इसके बाद स्कूल की छात्राओं के लिए मंडाना प्रतियोगिता और ग्रुप डांस आयोजित किया जाएगा. सुबह 11 बजे स्थानीय खिलाड़ियों और विदेशी प्रतिभागियों के बीच 'चक दे राजस्थान' फुटबॉल मैच खेला जाएगा.

शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर के घाटों पर दीपदान, रंगोली, महाआरती और पुष्कर अभिषेक होगा. इसके बाद शाम 6.30 बजे 'वॉइस ऑफ पुष्कर' और राजस्थानी लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी. इस दौरान देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को राजस्थान की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी.

18 नवंबर को पारंपरिक खेल और ऊंट प्रतियोगिताएं
18 नवंबर को सुबह 10 बजे स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच कई पारंपरिक खेल होंगे. इनमें लंगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली-डंडा जैसे खेल शामिल हैं. इन खेलों के जरिए विदेशी पर्यटकों को राजस्थान के पारंपरिक खेलों से जोड़ने की कोशिश की जाएगी.

इसके बाद सुबह 11.30 बजे ऊंट सजावट और ऊंट नृत्य प्रतियोगिता होगी. शाम 6.30 बजे 'वॉइस ऑफ पुष्कर' के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

19 नवंबर को कबड्डी और घोड़ा नृत्य
19 नवंबर को सुबह 10 बजे स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच कबड्डी मैच होगा. इसके बाद सुबह 11.30 बजे घोड़ा नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. दोपहर 1 बजे पंचायत समिति स्तर की ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं होंगी. इनमें रस्साकशी, वॉलीबॉल और कबड्डी जैसे खेल शामिल रहेंगे.

शाम 7 बजे मेला ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. इस दौरान राजस्थान के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे.

20 नवंबर को स्पिरिचुअल वॉक और फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल
20 नवंबर की शुरुआत सुबह 9 बजे स्पिरिचुअल वॉक या प्रोसेशन के साथ होगी. यह गुरुद्वारा से मेला ग्राउंड तक निकाली जाएगी. इसके बाद दोपहर 1 बजे इंटर पंचायत समिति ग्रामीण खेल होंगे.

शाम 4 बजे पुष्कर के शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल का उद्घाटन किया जाएगा. यहां आने वाले लोगों को राजस्थान के पारंपरिक खान-पान और हस्तशिल्प से जुड़ी चीजें देखने को मिलेंगी. शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती होगी और रात 7 बजे मेला ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

21 नवंबर को पगड़ी, तिलक और मूंछ प्रतियोगिता
21 नवंबर को सुबह 10.30 बजे विदेशी पर्यटकों के लिए पगड़ी बांधने और तिलक प्रतियोगिता होगी. इसके बाद सुबह 11 बजे मूंछ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. राजस्थान की पारंपरिक पहचान से जुड़े इन आयोजनों में स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी.

दोपहर 12 बजे पंचायत समिति स्तर की ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं का फाइनल होगा. शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती और रात 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे.

22 नवंबर को महिलाओं की मटका रेस और म्यूजिकल चेयर
22 नवंबर को सुबह 10.30 बजे मेला ग्राउंड में महिलाओं के लिए मटका रेस आयोजित की जाएगी. इसके बाद सुबह 11.30 बजे म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता होगी. इन आयोजनों में स्थानीय महिलाओं के साथ पर्यटकों की भागीदारी भी देखने को मिल सकती है.

शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती होगी. इसके बाद रात 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

23 नवंबर को होगा 'लगान' स्टाइल क्रिकेट मैच
23 नवंबर को पुष्कर मेले का एक खास आकर्षण 'लगान' फिल्म की तर्ज पर होने वाला क्रिकेट मैच रहेगा. यह मैच सुबह 11 बजे मेला ग्राउंड में खेला जाएगा. इसमें स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच क्रिकेट मुकाबला होगा. फिल्म 'लगान' में जिस तरह भारतीयों और अंग्रेजों के बीच क्रिकेट मैच दिखाया गया था, उसी अंदाज में यहां भी क्रिकेट को मेले के खास आकर्षण के तौर पर शामिल किया गया है.

शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती होगी. इसके बाद रात 7 बजे राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

24 नवंबर को पुरस्कार वितरण के साथ समापन
24 नवंबर को सुबह 10.30 बजे क्लोजिंग सेरेमनी, मेगा कल्चरल इवेंट और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम होगा. इसमें ग्रुप डांस, कला जत्था यात्रा, मटका रेस, टग ऑफ वॉर सहित कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती के साथ मेले का औपचारिक समापन होगा. इस दौरान मेले में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे.

पहली बार 60 किलोमीटर की होगी घोड़ों की फिटनेस रेस
इस बार पुष्कर मेले में घोड़ों की फिटनेस रेस पहली बार कराई जाएगी. इसे एंड्योरेंस राइडिंग के तौर पर आयोजित किया जाएगा. इसमें घोड़े और राइडर को कुल 60 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी. पूरी राइड को 20-20 किलोमीटर के तीन लूप में बांटा जाएगा.

हर लूप पूरा होने के बाद घोड़े की हार्ट बीट, डिहाइड्रेशन और फिटनेस की जांच होगी. इसके साथ ही राइडर का स्टेमिना भी देखा जाएगा. मेडिकल जांच में अगर कोई घोड़ा फिट नहीं पाया गया तो उसे आगे की राइडिंग से बाहर कर दिया जाएगा. यानी इस मुकाबले में केवल रफ्तार ही नहीं, बल्कि घोड़े की सेहत और सहनशक्ति भी अहम होगी.

रेवाल चाल और ट्रिक राइडिंग भी रहेगी खास
मेले में पहली बार रेवाल चाल प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी. करीब एक किलोमीटर की इस प्रतियोगिता में मारवाड़ी घोड़े की खास चाल, रफ्तार और सहनशक्ति को देखा जाएगा. घोड़े और राइडर को तय दूरी बिना थकान के पूरी करनी होगी.

इसके अलावा ट्रिक राइडिंग भी कराई जाएगी. इसमें राइडर घोड़े पर अलग-अलग तरह के करतब दिखाएंगे. इन प्रतियोगिताओं के जरिए राजस्थान की घुड़सवारी और मारवाड़ी नस्ल के घोड़ों की खासियत को पर्यटकों के सामने पेश किया जाएगा.

ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता पर भी विचार
पुष्कर मेले में ऊंटों से जुड़ी पारंपरिक प्रतियोगिताओं के साथ ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता कराने पर भी चर्चा चल रही है. इसमें तय प्रक्रिया के तहत यह देखा जाएगा कि किस ऊंटनी ने सबसे ज्यादा दूध दिया. बेहतर प्रदर्शन करने वाले पशुपालक को सम्मानित करने की तैयारी है.

इसके अलावा कैमल पोलो और ऊंट से जुड़ी दूसरी पारंपरिक प्रतियोगिताएं भी मेले का हिस्सा रहेंगी. पशुपालन विभाग की ओर से गाय और ऊंटों से जुड़ी अन्य प्रतियोगिताएं कराने की भी तैयारी है.

बॉलीवुड नाइट भी होगी, सिंगर का नाम तय नहीं
पुष्कर मेले में इस बार बॉलीवुड नाइट भी आयोजित की जाएगी. इसमें किस बॉलीवुड सिंगर को बुलाया जाएगा, इस पर प्रशासन स्तर पर अभी चर्चा चल रही है. कलाकार का नाम अभी तय नहीं हुआ है. कलाकार तय होने के बाद बॉलीवुड नाइट की तारीख भी घोषित की जाएगी.

इसके साथ ही स्थानीय और राजस्थानी कलाकारों को भी मंच दिया जाएगा. इसका मकसद देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को राजस्थान के लोक संगीत, नृत्य, गायन और कला से रूबरू कराना है.

52 घाटों पर सुरक्षा के लिए खास इंतजाम
मेले के दौरान पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचेंगे. इसे देखते हुए खतरे वाले स्थानों पर चेतावनी साइन और रस्सियां लगाई जाएंगी. घाटों पर सुरक्षा के लिए सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ, स्वयंसेवकों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी.

प्रशासन की कोशिश रहेगी कि भीड़ के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो और श्रद्धालुओं को घाटों पर सुरक्षित तरीके से आने-जाने की सुविधा मिले.

वन-वे ट्रैफिक और CCTV से होगी निगरानी
पुष्कर मेले के दौरान भीड़ और वाहनों को संभालने के लिए वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी. अजमेर शहर से घाटी की ओर आने-जाने और हाईवे से पुष्कर आने के लिए अलग-अलग रूट तय किए जाएंगे.

मेले की गतिविधियों और भीड़ पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा एक स्थायी पुलिस चौकी भी बनाई जाएगी.

ब्रह्मा मंदिर से बाजार तक होगी खास सजावट
देश और विदेश से आने वाले पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए पुष्कर शहर को खास तरीके से सजाने की तैयारी है. ब्रह्मा मंदिर से लेकर बाजारों तक विशेष सजावट की जाएगी. पर्यटन विभाग सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों के जरिए मेले का प्रचार कर रहा है.

प्रशासन की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा विदेशी पर्यटकों को पुष्कर मेले से जोड़ा जाए. इसके लिए कई देशों के पर्यटकों को मेले में आने का न्योता भी दिया जाएगा. इस बार धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ नए खेल, घोड़ों की फिटनेस रेस, पारंपरिक प्रतियोगिताएं और 'लगान' स्टाइल क्रिकेट मैच पुष्कर मेले को खास बनाने वाले हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pragati Pant Awasthi

Pragati Pant Awasthi

मीडिया की दुनिया में 18 साल का सफर... एंकरिंग से लेकर डिजिटल की स्क्रीन तक, हर नया बदलाव दिल से अपनाया, जो सोचती हूं, वही कहती हूं, बातों को घुमाना मेरी आदत नहीं, दिल की बात जुबां पर रखना पहचान है. फिलहाल 'ज़ी राजस्थान डिजिटल' के साथ सफर जारी है और हर दिन कुछ नया सीखने की ललक बरकरार है और रहेगी. Pragati.Pant@india.com ईमेल के जरिए आप संपर्क कर सकते हैं.
Read More