SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पुष्कर मेले में लंगड़ी टांग से सितोलिया तक दिखा रोमांच, अर्जेंटीना की माया ने मारी बाजी, जानिए कौन जीता

पुष्कर मेले में देसी खेलों का रोमांच देखने को मिला. लंगड़ी टांग प्रतियोगिता में अर्जेंटीना की माया विजेता बनीं, जबकि सितोलिया में स्थानीय टीम ने विदेशियों को हराया. ऊंट सजावट में अशोक टांक प्रथम रहे. वहीं 8,683 पशुओं की आवक के मुकाबले सिर्फ 7 पशु बिके.

Written By Ansh Raj
Published: Nov 18, 2026, 19:43 IST | Updated: Nov 18, 2026, 19:50 IST
Image Credit: Pushkar Mela 2026
Join

Pushkar Mela 2026: राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में बुधवार को देसी खेलों का जबरदस्त रोमांच देखने को मिला. देशी-विदेशी पर्यटकों ने राजस्थान के पारंपरिक खेलों में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा दिखाई. महिलाओं की लंगड़ी टांग प्रतियोगिता में विदेशी खिलाड़ियों ने बाजी मारी, जबकि सितोलिया में स्थानीय टीम ने विदेशी खिलाड़ियों को हराकर जीत दर्ज की. वहीं, ऊंट सजावट प्रतियोगिता में अजमेर के अशोक टांक पहले स्थान पर रहे. हालांकि, खेलों की इस रौनक के बीच पशुओं की खरीद-बिक्री की रफ्तार धीमी रही. मंगलवार शाम तक मेले में 8,683 पशुओं की आवक दर्ज की गई, लेकिन बिक्री सिर्फ सात पशुओं की हुई.


लंगड़ी टांग प्रतियोगिता में अर्जेंटीना की माया बनीं विजेता
पुष्कर मेले में आयोजित महिलाओं की लंगड़ी टांग प्रतियोगिता में विदेशी प्रतिभागियों का दबदबा देखने को मिला. अर्जेंटीना की माया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया. वहीं, जर्मनी की लीजा दूसरे और इजरायल की अल्मोग तीसरे स्थान पर रहीं. इस प्रतियोगिता में भारतीय महिलाओं ने भी हिस्सा लिया, लेकिन शीर्ष तीन स्थानों पर विदेशी खिलाड़ियों ने कब्जा जमाया.

सितोलिया में स्थानीय टीम ने विदेशियों को हराया
मेले में सितोलिया प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही. इस मुकाबले में स्थानीय खिलाड़ियों ने विदेशी टीम को 2-1 से हराकर जीत हासिल की. विदेशी टीम में चेक रिपब्लिक के रोस्टा, मारेक और व्राता के अलावा इंग्लैंड, सिंगापुर, न्यूजीलैंड और रूस के खिलाड़ी शामिल थे. मुकाबले में स्थानीय टीम ने बाजी मार ली.



ऊंट सजावट प्रतियोगिता में अशोक टांक प्रथम
पुष्कर मेले में ऊंट सजावट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. इसमें अजमेर के कैमल मैन के नाम से मशहूर अशोक टांक ने पहला स्थान हासिल किया. जानकारी के मुताबिक, अशोक टांक पिछले 38 वर्षों से लगातार इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं. अब तक वे 13 से ज्यादा पुरस्कार जीत चुके हैं. मेले में ऊंट नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ.

ये भी पढ़ें- Pushkar Mela 2026: पुष्कर के रेतीले धोरों में क्या है 'सफेद चिट्ठी' का रहस्य? एक पन्ने में छिपा लाखों के कारोबार का सच
 

ये भी पढ़ें- Pushkar Mela 2026: पुष्कर मेले में 21 करोड़ के घोड़े का दावा! बेचने नहीं, सिर्फ दिखाने लाए मालिक; ऊंट व्यापारियों के चेहरे मायूस

8,683 पशुओं की आवक, लेकिन बिके सिर्फ सात
पुष्कर मेले में खेलों की रौनक के बीच पशु कारोबार सुस्त नजर आया. मंगलवार शाम तक कुल 8,683 पशुओं की आवक बताई गई, लेकिन इस दौरान सिर्फ सात पशुओं की बिक्री दर्ज हुई. इनमें चार घोड़े-घोड़ी और तीन ऊंट शामिल रहे. सातों पशुओं की बिक्री से कुल 4 लाख 36 हजार रुपये का कारोबार हुआ.


कितने रुपये में बिके घोड़े और ऊंट?
मेले में तीन ऊंट कुल 1 लाख 1 हजार रुपये में बिके. इनकी कीमत 31 हजार से 35 हजार रुपये के बीच रही. वहीं, चार घोड़े-घोड़ियों की बिक्री से कुल 3 लाख 35 हजार रुपये का कारोबार हुआ. इनकी कीमत 60 हजार से 1 लाख 35 हजार रुपये तक रही. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बुधवार से रवन्ने कटने के साथ पशुओं की वापसी का सिलसिला भी शुरू होना है. ऐसे में एक तरफ पुष्कर मेले में पारंपरिक खेलों का उत्साह देखने को मिल रहा है, तो दूसरी तरफ पशुओं की धीमी खरीद-बिक्री व्यापारियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है.

रिपोर्टर- अभिषेक गोस्वामी

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES