SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

प्रतापगढ़ में देर रात बवाल: नाबालिग से जुड़े मामले में थाने के बाहर जमकर नारेबाजी, युवक पर कार्रवाई की मांग

प्रतापगढ़ के सालमगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती से जुड़े मामले को लेकर सोमवार देर रात थाने के बाहर तनाव की स्थिति बन गई. ढोढर रेलवे स्टेशन पर युवक और नाबालिग के मिलने के बाद परिजनों ने अपहरण समेत गंभीर आरोप लगाए. युवक को डिटेन कर लिया गया, जबकि नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द किया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Written By Sneha Aggarwal
Published: Sep 28, 2026, 08:27 PM IST | Updated: Sep 28, 2026, 08:31 PM IST
Image Credit: Pratapgarh
Join

Pratapgarh News: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के सालमगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती से जुड़े मामले को लेकर सोमवार देर रात थाने के बाहर तनाव की स्थिति बन गई. ढोढर रेलवे स्टेशन पर एक युवक और नाबालिग युवती के मिलने के बाद शुरू हुआ घटनाक्रम सालमगढ़ तक पहुंचा, जहां युवक के खिलाफ कार्रवाई और उसका जुलूस निकालने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर इकट्ठे हो गए.  

थाने के बाहर देर रात तक प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और युवक को सार्वजनिक रूप से ले जाने की मांग की. पुलिस की ओर से लोगों को समझाने की कोशिश की गई लेकिन भीड़ के नहीं मानने पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किए जाने की बात सामने आई है.

थाने के बाहर तैनात रहा पुलिस बल
इसके बाद भी देर रात तक थाने के बाहर लोगों का जमावड़ा बना रहा और पुलिस बल तैनात रहा. दरअसल, सोमवार सुबह मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के ढोढर रेलवे स्टेशन पर एक युवक और नाबालिग युवती चित्तौड़गढ़ जाने वाली ट्रेन का समय पूछ रहे थे. स्टेशन पर मौजूद कुछ लोगों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. ढोढर पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए चौकी ले गई.

पूछताछ में सामने आया सालमगढ़ कनेक्शन
युवक ने अपना नाम शाहिल खान निवासी कोटड़ी बताया. पूछताछ के दौरान मामला प्रतापगढ़ जिले के सालमगढ़ थाना क्षेत्र से जुड़ा होने की जानकारी सामने आने पर ढोढर पुलिस ने सालमगढ़ पुलिस को सूचना दी. बाद में सालमगढ़ पुलिस दोनों को अपने साथ प्रतापगढ़ लेकर आई. इधर, नाबालिग युवती के परिजन की ओर से सालमगढ़ थाने में शिकायत दी गई. शिकायत में आरोप लगाया गया कि युवती सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थी और रास्ते से उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया.

परिजनों ने लगाए अपहरण के आरोप
शिकायत में युवक शाहिल खान सहित अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं. परिजन ने अपहरण सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

जुलूस की मांग को लेकर गरमाया माहौल
युवक और नाबालिग को सालमगढ़ पुलिस के साथ लाए जाने की जानकारी फैलने के बाद थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी. प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उसका जुलूस निकाला जाए. पुलिस की ओर से जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद माहौल गरमा गया. लोगों ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया.

पुलिस ने अतिरिक्त बल किया तैनात
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया. भीड़ को समझाने और रास्ता खाली कराने की कोशिश की गई. इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तकरार की स्थिति बनी और पुलिस की ओर से हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे हटाने की बात सामने आई. इसके बाद भी लोग थाने के बाहर डटे रहे और पुलिस से कार्रवाई की मांग करते रहे.

'लव जिहाद' के आरोप, पुलिस जांच जारी
मामले को लेकर कुछ हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे 'लव जिहाद' से जोड़ते हुए भी कार्रवाई की मांग की है. हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले को इस रूप में प्रमाणित किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है. इसी तरह युवक के नशे का आदी होने और आपराधिक प्रवृत्ति का होने जैसे आरोप भी स्थानीय लोगों की ओर से लगाए गए हैं, लेकिन इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.  

युवक डिटेन, नाबालिग परिजनों के सुपुर्द
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सिहाग ने बताया कि युवक को डिटेन कर लिया गया है, जबकि नाबालिग युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है. शिकायत और सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. फिलहाल सालमगढ़ थाने के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. पूरे मामले में पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, युवक और नाबालिग के बीच घटनाक्रम और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है. 
 

Report- HITESH UPADHYAY
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES