सीकर जिले के श्रीमाधोपुर शहर में सफाई व्यवस्था इन दिनों बदहाल है. शहर के कई वार्डों में सड़कों पर कचरे और मिट्टी के ढेर लगे हैं. नियमित सफाई नहीं होने से दिनभर धूल उड़ती रहती है. इससे स्थानीय निवासियों, राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सबसे बड़ी बात यह है कि त्योहार नजदीक होने के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार नजर नहीं आ रहा है.
आधा दर्जन से ज्यादा मोहल्लों में गंदगी
शहर के मीना मोहल्ला, स्वामी मोहल्ला, जैन मंदिर वाली गली, निजी महाविद्यालय के पास और कचियागढ़ हरिजन बस्ती सहित आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं. कहीं सड़क किनारे मिट्टी जमा है तो कहीं कचरा लंबे समय से नहीं उठाया गया है. सड़कों पर जमा मिट्टी वाहनों की आवाजाही के साथ हवा में उड़ती रहती है. दिनभर धूल के गुबार के बीच से लोगों को गुजरना पड़ता है. स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने से उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है.
181 पर शिकायत, फिर भी समाधान नहीं
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है. राजस्थान संपर्क पोर्टल 181 पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. लोगों का आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी मौके पर हालात नहीं बदलते. नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. इससे मोहल्लों में गंदगी और बढ़ रही है. लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से नियमित सफाई करवाने, कचरे के ढेर उठवाने और नालियों की सफाई कराने की मांग की है.
कचरे में मुंह मारते रहते हैं आवारा पशु
शहर में सफाई की समस्या के साथ आवारा पशुओं का जमावड़ा भी लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है. मोहल्लों और सड़कों पर दिनभर आवारा पशु घूमते रहते हैं. ये कचरे के ढेरों में मुंह मारते नजर आते हैं, जिससे गंदगी और फैलती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्याप्त सफाई कर्मचारी होने के बावजूद शहर में सफाई के हालात नहीं सुधर रहे हैं. त्योहार से पहले भी व्यवस्था में बदलाव नहीं दिखने से लोगों में नाराजगी है. अब लोगों की मांग है कि नगर पालिका प्रशासन सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करे, ताकि उन्हें सड़कों पर कचरे, गंदे पानी और उड़ती धूल से राहत मिल सके.