प्रतापगढ़ में उपाध्यक्ष चुनाव की हलचल तेज: चारों निकायों में कांटे की टक्कर, जानें पूरा गणित
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ की प्रतापगढ़ नगर परिषद, अरनोद, छोटीसादड़ी और धरियावद नगर निकायों में अब उपाध्यक्ष पद को लेकर सियासी हलचल तेज है. चारों निकायों में भाजपा, कांग्रेस और अन्य पार्षदों ने नामांकन दाखिल किए हैं.
Pratapgarh News: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले की चारों नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव के बाद अब उपाध्यक्ष पद को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. प्रतापगढ़ नगर परिषद, अरनोद, छोटीसादड़ी और धरियावद नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए विभिन्न दलों के पार्षदों ने नामांकन दाखिल किए हैं.
प्रतापगढ़ नगर परिषद में भाजपा की ओर से विजय जटिया और कांग्रेस की ओर से रेखा जैन ने उप सभापति पद के लिए नामांकन किया है. यहां कांग्रेस के पास 20 पार्षदों के साथ दो निर्दलीय पार्षदों का समर्थन है, जबकि भाजपा के 17 पार्षदों के साथ एक निर्दलीय पार्षद हैं. ऐसे में उप सभापति पद के चुनाव को लेकर मुकाबला अहम माना जा रहा है.
उपाध्यक्ष पद के चुनाव पर टिकीं सबकी नजरें
अरनोद नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से ईश्वर चौधरी और कांग्रेस की ओर से पिंकी मीणा ने नामांकन दाखिल किया है. 20 वार्डों वाली अरनोद नगर पालिका में भाजपा के 14, कांग्रेस के 4 और 2 निर्दलीय पार्षद हैं. इससे पहले भाजपा के राहुल मीणा अरनोद नगर पालिका के प्रथम अध्यक्ष चुने जा चुके हैं. अब उपाध्यक्ष पद के चुनाव पर सभी की नजरें टिकी हैं.
छोटीसादड़ी नगर पालिका में भी मुकाबला रोचक
नामांकन वापस लेने का समय दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित था, जबकि दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. मतदान के बाद शाम 5 बजे मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा. छोटीसादड़ी नगर पालिका में भी उपाध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला रोचक हो गया है.
भाजपा की ओर से रामचंद्र माली और प्रदीप उपाध्याय ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि कांग्रेस की ओर से भरत खटीक ने नामांकन भरा है. यहां उपाध्यक्ष पद के लिए कुल तीन दावेदार मैदान में हैं. अध्यक्ष पद पर भाजपा का बोर्ड बनने के बाद अब उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं.
धरियावद नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल
धरियावद नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की ओर से अनिल वक्तावत और भाजपा की ओर से भुवन प्रताप सिंह राणावत ने नामांकन दाखिल किया है. नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रस्तुत किए गए आवेदन पत्रों की जांच की जाएगी. इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी, जिससे उपाध्यक्ष पद की चुनावी तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी.
चारों निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव के बाद अब उपाध्यक्ष पद के लिए होने वाली प्रक्रिया पर राजनीतिक दलों और पार्षदों की नजर बनी हुई है. नामांकन, जांच, नाम वापसी और मतदान के बाद यह तय होगा कि प्रतापगढ़, अरनोद, छोटीसादड़ी और धरियावद में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किस पार्षद को मिलती है.