अंतिम संस्कार से पहले शरीर पर दिखे गहरे घाव, श्मशान से मोर्चरी पहुंचा बुजुर्ग का शव, जानें पूरा मामला
Dungarpur Crime: डूंगरपुर के सागवाड़ा में 82 वर्षीय बुजुर्ग गौतमलाल यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया. परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी बेटी ने मौत पर संदेह जताया और पुलिस को सूचना दे दी. पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर अंतिम संस्कार रुकवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया.
Dungarpur Crime: राजस्थान के डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र के गवाड़ी गांव में एक 82 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद से हड़कंप मच गया. जिस वक्त परिजन और समाज के लोग बुजुर्ग के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, ठीक उसी समय पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शव का सागवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है.
डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा सीआई मनीष कुमार ने बताया कि गवाड़ी निवासी गौतमलाल यादव को बीती रात करीब 10 बजे उनका बेटा कांतिलाल यादव बेहद गंभीर और घायल अवस्था में सागवाड़ा के राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचा था. उस समय बेटे कांतिलाल ने डॉक्टरों और परिजनों को बताया था कि पिता घर की छत से अचानक नीचे गिर गए थे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान गौतमलाल ने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजन शव को रात में ही घर ले आए.
शरीर पर घाव देख रिश्तेदारों को हुआ संदेह
सुबह जब अंतिम संस्कार के लिए समाज के लोग, ग्रामीण और दूर-दराज से रिश्तेदार एकत्रित हुए, तो उन्होंने अंतिम स्नान और रस्मों के दौरान मृतक के शरीर पर बने निशानों पर गौर किया. गौतमलाल के सिर, कान और हाथ पर गंभीर और गहरे घाव के निशान नजर आ रहे थे, जो केवल गिरने की चोट जैसे नहीं लग रहे थे.
बेटी ने जताई अनहोनी की आशंका, पुलिस को दी सूचना
पिता के शरीर पर गंभीर घाव देखकर उनकी बेटी कल्पना यादव को मौत के कारणों पर गहरा संदेह हुआ. कल्पना ने तुरंत सागवाड़ा थाना पुलिस से संपर्क किया और रिपोर्ट दी कि उनके पिता की मौत सामान्य दुर्घटना या छत से गिरने से नहीं हुई है, बल्कि यह पूरा मामला पूरी तरह से संदिग्ध है.
श्मशान से मोर्चरी पहुंचा शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
बेटी कल्पना की सूचना पर सागवाड़ा थाना पुलिस बिना समय गंवाए गोवाड़ी गांव के श्मशान घाट पहुंची. पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को स्थिति समझाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को रुकवाया और शव को कब्जे में लिया. इसके बाद शव को सागवाड़ा चिकित्सालय की मोर्चरी लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम करवाया गया.
फिलहाल बेटी कल्पना यादव की रिपोर्ट पर सागवाड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी. पुलिस परिजनों के बयानों और हर संभावित एंगल को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Dungarpur News की हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!