SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Pali Mayor Election Result 2026: पाली निगम में BJP का बोर्ड नमिता को 33 वोट, निर्दलीय प्रत्याशी को 29 और कांग्रेस को 3 वोट मिले

पाली नगर निगम में भाजपा की नमिता बुबकिया ने 33 वोट हासिल कर मेयर चुनाव जीत लिया. निर्दलीय राजबाला हिंगड़ को 29 और कांग्रेस की सुमित्रा जैन को केवल 3 वोट मिले. बीजेप के पास 21 पार्षद होने के बावजूद निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा हासिल किया. बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि वोट दादागिरी से नहीं, मन जीतने से मिलता है.

Written By Sneha Aggarwal
Published: Sep 21, 2026, 01:22 PM IST | Updated: Sep 21, 2026, 02:49 PM IST
Image Credit: Pali Mayor Election Result 2026
Join

Pali Mayor Election Result 2026: पाली नगर निगम में मेयर चुनाव के नतीजे ने सियासी समीकरणों को बदल दिया. बहुमत के आंकड़े तक अपने दम पर नहीं पहुंचने के बावजूद बीजेपी की नमिता बुबकिया ने 33 वोट हासिल कर मेयर का चुनाव जीत लिया. वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी राजबाला हिंगड़ को 29 और कांग्रेस की सुमित्रा जैन को केवल 3 वोट मिले.

कौन हैं नमिता बुबकिया?
पाली नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर नमिता बुबकिया वार्ड नंबर 33 से भाजपा पार्षद चुनी गई हैं. वह पाली के प्रमुख भाजपा नेता विकास बुबकिया की पत्नी हैं. नमिता बुबकिया ने बी.कॉम तक की पढ़ाई की है. वह केमिकल कारोबार से जुड़ी हुई हैं. स्थानीय राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रहने वाली नमिता बुबकिया को भाजपा में वैश्य समुदाय के शिक्षित चेहरों में शामिल माना जाता है. मेयर बनने के बाद नमिता बुबकिया ने पाली शहर की सीवरेज व्यवस्था, पेयजल संकट और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है. उन्होंने शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर फोकस करने की बात कही है. 
 

पाली में बीजेपी का बोर्ड, नमिता बुबकिया बनीं मेयर 
पाली नगर निगम में महापौर पद के लिए हुए चुनाव में बीजेपी की नमिता बुबकिया ने जीत दर्ज की है. चुनाव में कुल 65 पार्षदों ने मतदान किया. बीजेपी की नमिता बुबकिया को 33 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की सुमित्रा जैन को 3 और निर्दलीय प्रत्याशी राजबाला हिंगड़ को 29 वोट मिले.

मेयर चुनाव में जीत के लिए 33 वोट का आंकड़ा जरूरी था. बीजेपी के पास 21 पार्षद थे, इसके बावजूद पार्टी की प्रत्याशी नमिता बुबकिया ने 33 वोट हासिल कर बहुमत का आंकड़ा छू लिया. इस तरह बीजेपी ने पाली नगर निगम में बोर्ड बनाने की तैयारी कर ली.

कांग्रेस से बगावत कर मैदान में उतरीं राजबाला
पाली में मेयर चुनाव इस बार त्रिकोणीय मुकाबले में बदल गया था. कांग्रेस से बगावत कर राजबाला हिंगड़ निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरी थीं. उन्होंने अपने समर्थक पार्षदों के साथ निगम पहुंचकर मतदान किया. राजबाला को चुनाव में 29 वोट मिले. वहीं, कांग्रेस की प्रत्याशी सुमित्रा जैन को सिर्फ 3 वोट मिले. कांग्रेस के पास 29 पार्षद होने के बावजूद पार्टी प्रत्याशी को केवल 3 वोट मिलने से चुनाव परिणाम ने सभी को चौंका दिया.

तीनों प्रत्याशियों ने अलग-अलग अंदाज में की एंट्री
मतदान के दौरान भी पाली में अलग तस्वीर देखने को मिली. निर्दलीय प्रत्याशी राजबाला हिंगड़ अपने समर्थक पार्षदों के साथ नगर निगम पहुंचीं. वहीं, बीजेपी की नमिता बुबकिया और कांग्रेस की सुमित्रा जैन अकेले ही निगम पहुंचीं. मेयर चुनाव के दौरान दो निर्दलीय प्रत्याशी हिडन कैमरा लेकर निगम परिसर में पहुंचने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने निगम के एंट्री गेट पर उनको रोक दिया.

65 पार्षदों ने किया मतदान
पाली नगर निगम में मेयर चुनाव के लिए सभी 65 निर्वाचित पार्षदों ने मतदान किया. परिणाम में बीजेपी की नमिता बुबकिया को 33, निर्दलीय राजबाला हिंगड़ को 29 और कांग्रेस की सुमित्रा जैन को 3 वोट मिले. 33 वोट हासिल करते ही नमिता बुबकिया महापौर निर्वाचित हो गईं और पाली नगर निगम में बीजेपी का बोर्ड बन गया.

पाली जीत पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का बयान 
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पाली मेयर चुनाव में पार्टी की जीत पर कहा कि वहां कुछ निर्दलीय पार्षद भाजपा के साथ आ गए थे. उन्होंने पाली की जनता का आभार जताते हुए कहा कि शुरुआत में टिकट को लेकर कुछ गड़बड़ी हुई थी, लेकिन बाद में सभी एकजुट हो गए. कांग्रेस की ओर से सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों पर राठौड़ ने कहा कि यह लोकतंत्र है और यहां कोई किसी का हक नहीं छीन सकता. उन्होंने कहा कि कोई अपनी मर्जी से साथ आता है तो उसे मना नहीं किया जाता. वोट डालते वक्त व्यक्ति स्वतंत्र होता है. वोट दादागिरी से नहीं, बल्कि मन जीतने से मिलता है.  

 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES