नागौर जिले में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण की मतगणना देर रात तक चली. इसके बाद सरपंच और वार्ड पंच पदों के नतीजे सामने आए. इस बार चुनाव में कई ग्राम पंचायतों में दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले. कहीं राजनीतिक परिवारों के बीच टक्कर रही, तो कहीं लंबे समय से सरपंच पद पर काबिज परिवार को हार का सामना करना पड़ा. कुछ पंचायतों में जीत का अंतर भी काफी बड़ा रहा.
मुंदियाड़ में विधायक के भतीजे को मिली हार
मूण्डवा पंचायत समिति की मुंदियाड़ ग्राम पंचायत में खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा के भतीजे नरेश डांगा चुनाव हार गए. उन्हें हनुमान खोजा ने 38 मतों से शिकस्त दी. इस जीत के साथ हनुमान खोजा ग्राम पंचायत के नए सरपंच बन गए. इस मुकाबले पर लोगों की नजरें टिकी हुई थीं, लेकिन नतीजे में हनुमान खोजा ने बाजी मार ली.
बरनगांव में देवरानियों के बीच मुकाबला
बरनगांव ग्राम पंचायत में भी चुनावी मुकाबला चर्चा में रहा. यहां हनुमान बेनीवाल के दो भाइयों की पत्नियां चुनाव मैदान में आमने-सामने थीं. इस मुकाबले में छोटे भाई प्रेमसुख की पत्नी राजबाला ने जीत दर्ज की. इस तरह बरनगांव में पारिवारिक मुकाबले का परिणाम राजबाला के पक्ष में रहा.
रूण और ईनाणा में बड़े अंतर से जीत
नागौर जिले की कुछ ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए जीत का अंतर काफी बड़ा रहा. रूण ग्राम पंचायत में श्यामसुंदर गोलियां ने 2771 मतों से जीत हासिल की और सरपंच बने. वहीं, ईनाणा ग्राम पंचायत में सरिता ईनाणियां ने 1651 मतों से चुनाव जीतकर सरपंच पद पर कब्जा जमाया. इन दोनों पंचायतों में जीत का अंतर चुनावी मुकाबले के अहम पहलुओं में शामिल रहा.
भडाणा में 25 साल से काबिज परिवार हारा
भडाणा ग्राम पंचायत में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिला. यहां पिछले 25 साल से लगातार सरपंच रहे रामनिवास जेठू का परिवार चुनाव हार गया. भगवती खोजा ने 18 मतों से जीत दर्ज कर सरपंच पद हासिल किया. इस नतीजे के साथ पंचायत में लंबे समय से चले आ रहे परिवार के दबदबे को झटका लगा.
मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम
मतगणना के दौरान जिले के सभी केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन का बड़ा जाब्ता तैनात रहा. देर रात तक नतीजे सामने आने के बाद अब उपसरपंच चुनाव की प्रक्रिया होगी. इसके लिए आज मतदान कराया जाएगा.
Reporter- Damodar Inaniya