)
नागौर जिले की ग्राम पंचायत टुंकलिया की नवनिर्वाचित सरपंच शैलू कंवर राजपुरोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एयरगन साफ करते समय छर्रे लगने से उनकी जान गई. घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है.
एयरगन साफ करते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय शैलू कंवर एयरगन साफ कर रही थीं. इसी दौरान अचानक एयरगन का ट्रिगर दब गया और छर्रे उनके सीने में जा लगे. इससे वह घायल हो गईं. परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक छा गया.
हाल ही में बनी थीं सरपंच
शैलू कंवर राजपुरोहित नागौर जिले में मेड़ता रोड-गोटन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत टुंकलिया से हाल ही में सरपंच निर्वाचित हुई थीं. पंचायत चुनाव में उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी सुमन को 155 मतों से हराकर जीत दर्ज की थी. चुनाव परिणाम के बाद गांव में खुशी का माहौल था, लेकिन इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया.
पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया
हादसे की सूचना मिलने पर गोटन थाना प्रभारी सुमन चौधरी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को गोटन के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस के अनुसार, परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. इसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक जानकारी में एयरगन साफ करते समय ट्रिगर दबने और छर्रे लगने की बात सामने आई है. नवनिर्वाचित सरपंच की अचानक मौत से टुंकलिया सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है.
घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस जरूरी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मौत को लेकर प्रारंभिक जानकारी ही सामने आई है.
Reporter- Damodar Inaniyan