मौलाना की बच्चियों पर थी गंदी नजर! मासूमों का ब्रेनवॉश करने का आरोप, पुलिस के सामने ही लोगों ने जमकर कूटा
जयपुर के जयसिंहपुरा खोर इलाके में मौलाना की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मौलाना पर बच्चियों का ब्रेनवॉश कर उन्हें फंसाने का आरोप है. पुलिस ने उसे शांतिभंग में गिरफ्तार किया था. घटना दो-तीन दिन पुरानी बताई जा रही है.
राजधानी जयपुर के जयसिंहपुरा खोर इलाके में एक मौलाना ने मदरसे में पढ़ने वाली 18 वर्षीय युवती से गुपचुप निकाह कर लिया. युवती के परिजनों और स्थानीय लोगों को जब इस निकाह की जानकारी मिली तो उनका गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने मौलाना के साथ मारपीट कर दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मौलाना को भीड़ से बचाया और थाने ले गई. बाद में पुलिस ने उसे शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया. यहां भी लोगों ने मौलाना की पिटाई कर दी. पुलिस ने बीच-बचाव कर उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
मदरसे में पढ़ने आती थी युवती, मौलाना से किया निकाह
पुलिस के अनुसार मौलाना वकार अली विजयराज कॉलोनी, नाई की थड़ी में पन्नीगरान मस्जिद के पीछे रहता है और वहीं मदरसा संचालित करता है. इस मदरसे में मोहल्ले के लड़के और लड़कियां पढ़ने आते हैं. इसी मदरसे में आने वाली 18 वर्षीय युवती से 34 वर्षीय मौलाना ने निकाह कर लिया. बताया जा रहा है कि निकाह की जानकारी युवती के परिजनों और मोहल्ले के लोगों को करीब तीन दिन पहले मिली. इसके बाद इलाके में विरोध शुरू हो गया और आक्रोशित लोगों ने मौलाना के साथ मारपीट कर दी.
लोगों ने की मौलाना की धुनाई ....
हंगामे की सूचना पर जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौलाना वकार अली को अपने साथ थाने ले गई. इलाके में तनाव और लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने उसे शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. अगले दिन जब पुलिस उसे कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने पहुंची तो वहां मौजूद कुछ वकीलों और परिजनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मौलाना को भीड़ से बचाया और मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया. इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया.
पहले से शादीशुदा, तीन बच्चों का पिता है मौलाना
पुलिस के अनुसार, मौलाना वकार अली पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं. उसकी पत्नी और बच्चे उसके साथ ही रहते हैं. वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौलाना ने अपनी उम्र से काफी छोटी युवती को प्रेमजाल में फंसाकर निकाह किया. लोगों ने अन्य युवतियों को लेकर भी मौलाना पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- रस्सी से बांधा, तलवों पर मारे ताबड़तोड़ डंडे, मुंह में डाला कीचड़... लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में युवक को दी तालिबानी सजा!
ये भी पढ़ें- पुलिस के हाथ नहीं आ रहे Naresh Meena! गिरफ्तारी के लिए आधा दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर दबिश, ताबड़तोड़ चल रही है छापेमारी
युवती परिजनों के पास जाने को तैयार नहीं...
मामले में एक और अहम पहलू सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, युवती मौलाना के साथ रहने की बात कह रही है, जबकि वह अपने परिजनों के पास भी नहीं जाना चाहती. ऐसे में पुलिस ने युवती को नारी निकेतन भिजवा दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है. युवती के बयान और मौलाना पर लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है.