भरतपुर के रूपवास कस्बे में लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी. लोगों ने युवक को रस्सी से बांध दिया और उसके तलवों पर डंडे मारे. इस दौरान एक महिला ने युवक के मुंह में जबरन कीचड़ भी डाल दिया. घटना का वीडियो सामने आया है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया.
लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगाकर पकड़ा
घटना रूपवास थाना इलाके की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक भी रूपवास कस्बे में ही रहता है. उस पर पहले भी चोरी, झगड़े और महिलाओं से छेड़छाड़ के आरोप लग चुके हैं. लोगों के मुताबिक, घटना वाले दिन भी युवक एक लड़की से छेड़छाड़ कर रहा था. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे देख लिया और पकड़ लिया. इसके बाद लोगों ने युवक को रस्सी से बांधकर पीटना शुरू कर दिया. घटना के दौरान वहां काफी लोग जमा हो गए.
मुंह में कीचड़ डाला, तलवों पर डंडे मारे
सामने आए वीडियो में कुछ लोग युवक को पकड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद एक महिला उसके मुंह में जबरन कीचड़ डालती है. फिर कुछ लोग उसे रस्सी से बांध देते हैं. वीडियो में दो लोग डंडे लेकर आते हैं और युवक के पैर पकड़कर उसके तलवों पर डंडे मारते दिखाई देते हैं. भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति युवक के पैर कुचलने की कोशिश भी करता नजर आ रहा है. इस दौरान युवक के साथ लगातार मारपीट की जाती है.
पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. उन्होंने वहां मौजूद लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली. इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ ले गई और हिरासत में ले लिया. फिलहाल सामने आए वीडियो में युवक के साथ की गई मारपीट की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं.