SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मदन राठौड़ का कांग्रेस पर हमला: पायलट-गहलोत और डोटासरा को लेकर कही बड़ी बात, बोले- कांग्रेस में झगड़े की जड़ डोटासरा

Rajasthan Politics: राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने टोंक दौरे के दौरान पंचायत चुनाव, कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और तीसरे मोर्चे को लेकर कई बयान दिए. उन्होंने सचिन पायलट और अशोक गहलोत के पुराने विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि पुराने बयानों का असर अभी भी है.

Written By Aman Singh
Published: Sep 30, 2026, 03:15 PM IST | Updated: Sep 30, 2026, 03:28 PM IST
Image Credit: Zee Media
Join

Rajasthan Politics: राजस्थान के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बुधवार को टोंक पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पंचायत चुनाव, गांवों के विकास, कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति, सचिन पायलट और राजस्थान में तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को लेकर खुलकर बयान दिए.

पंचायत चुनाव को लेकर मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य गांवों को भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है. गांवों को मजबूत बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास करना पार्टी की प्राथमिकता है. हनुमान बेनीवाल द्वारा सचिन पायलट को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा और शब्दों का चयन सही होना चाहिए. भाषा की गरिमा में गिरावट नहीं आनी चाहिए.

सचिन पायलट को लेकर बड़ा बयान

सचिन पायलट को लेकर मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि गहलोत द्वारा पायलट के लिए इस्तेमाल किए गए "आवारा" और "निकम्मा" जैसे शब्दों की चुभन सचिन पायलट कभी नहीं भूल सकते. उन्होंने कहा कि ऐसे शब्दों के बाद दोनों नेताओं का एक होना मुश्किल है.

डोटासरा और जूली पर भी साधा निशाना

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस में झगड़े की जड़ डोटासरा हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में बिना फुटबॉल के फुटबॉल खेला जा रहा है. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को लेकर भी उन्होंने कहा कि जूली साहब अलग से मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं. जनता सब समझ रही है कि कौन सेवा कर रहा है. भाजपा की पूरी टीम सेवा भाव से चुनाव लड़ती है और जीत हासिल करती है.

मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर लगाया बड़ा आरोप

मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस जहां चुनाव जीतती है, वहां चुनाव प्रक्रिया सही बताती है, जबकि हारने पर सवाल उठाने लगती है. भाजपा में एकजुटता का दावा करते हुए राठौड़ ने कहा कि पार्टी में कोई बिखराव नहीं है और सभी एकजुट हैं. जिन क्षेत्रों में भाजपा को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है, वहां सुधार किया जाएगा.

राजस्थान में तीसरे मोर्चे की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरे मोर्चे की कोई जगह नहीं है. वहीं नरेश मीणा द्वारा चुनाव लड़ने की घोषणा पर राठौड़ ने कहा कि वे स्वतंत्र हैं और चुनाव लड़ने का निर्णय उनका अपना है.

मारवाड़ कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे CM भजनलाल

जोधपुर नगर निकाय चुनाव में ऐतिहासिक सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज जोधपुर पहुंचेंगे और मारवाड़ कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री जोधपुर शहर, जोधपुर देहात और फलोदी जिले के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने बताया कि 13 सितंबर से 13 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत यह कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन आयोजित किया गया है.

पालीवाल ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा को मिली बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करने जोधपुर पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा 24 घंटे संगठनात्मक आधार पर सक्रिय रहने वाली पार्टी है और कार्यकर्ता लगातार संगठन के लिए काम करते हैं. सम्मेलन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES