)
गोपाष्टमी के अवसर पर कोटा के मोड़क स्थित खेतड़ी हनुमान गौशाला में गोमाता-ग्वाल-गोपाल महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सफाईकर्मियों के पैर धोकर उनका पूजन किया और सम्मानित किया. इस दौरान उन्होंने ग्वालों और संतों का भी सम्मान किया. मदन दिलावर ने सफाईकर्मियों और ग्वालों को माला पहनाई और कंबल भेंट किए. कार्यक्रम की शुरुआत गोपूजा के साथ हुई.
मदन दिलावर ने धोए सफाईकर्मियों के पैर
महोत्सव के दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सफाईकर्मियों को सम्मान देने के लिए उनके पैर धोकर पूजन किया. इसके बाद उन्हें माला पहनाई और कंबल देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में मौजूद ग्वालों का भी माला और कंबल भेंट कर सम्मान किया गया. इस आयोजन में प्रमुख संत, कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे. गोपाष्टमी पर आयोजित इस कार्यक्रम में गांव, ग्वाल और गोमाता के पूजन के साथ उनके योगदान को सम्मान दिया गया.
40 गांवों के 62 ग्वाल हुए सक्रिय
कार्यक्रम में क्षेत्र में संचालित गांव ग्वाल योजना की जानकारी भी सामने आई. इस योजना के तहत पिछले 8 महीने में 40 गांवों के 62 ग्वाल सक्रिय हुए हैं. ट्रस्ट के माध्यम से इन ग्वालों को हर महीने 10 हजार रुपए वेतन दिया जाता है. योजना का मुख्य उद्देश्य गोवंश का संवर्धन और उनकी बेहतर देखरेख करना है. इसके साथ ही सरकार चारागाह भूमि के संवर्धन पर भी काम कर रही है.
150 बीघा में होगा गो आश्रय स्थलों का विस्तार
कार्यक्रम में बताया गया कि 150 बीघा चारागाह भूमि पर गो आश्रय स्थलों का विस्तार किया जाएगा. यहां गोसेवा के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इसके अलावा 500 करोड़ रुपए की लागत से 457 गोमाता आश्रय स्थलों का निर्माण करने की योजना है.
प्रदेशभर में लागू करने की मंशा
गांव ग्वाल योजना को प्रदेशभर में लागू करने की मंशा जताई गई. फिलहाल क्षेत्र में इसके तहत ग्वालों को सक्रिय कर गोवंश की देखरेख की जिम्मेदारी दी जा रही है. महोत्सव में गोपूजा, ग्वालों और सफाईकर्मियों का सम्मान मुख्य आकर्षण रहा. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर द्वारा सफाईकर्मियों के पैर धोकर किए गए पूजन ने कार्यक्रम को खास बना दिया.