)
छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ने लगी है. जिले के 28 उपार्जन केंद्रों में से 12 केंद्रों पर अब तक 1713.20 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है. जनकपुर केंद्र 872.40 क्विंटल खरीदी के साथ पहले स्थान पर रहा है. लेकिन दूसरी तरफ कुछ किसानों के लिए धान बेचना परेशानी का कारण बन गया है.
किसानों का कहना है कि गिरदावरी नहीं होने और ऑनलाइन रिकॉर्ड में जमीन का विवरण नहीं दिखने के कारण धान बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर जिन किसानों की गिरदावली ऑनलाइन दर्ज नहीं है, उनकी धान खरीदी कैसे होगी?
धान खरीदी की जमीनी हकीकत जानने के लिए ZEE मीडिया की टीम ने चैनपुर स्थित धान उपार्जन केंद्र का जायजा लिया. यहां पर धान बेचने आए किसानों ने अपनी समस्याएं बताई. किसानों ने गिरदावरी नहीं होने और ऑनलाइन रिकॉर्ड में जमीन का विवरण नहीं दिखने की समस्या बताई. किसानों का कहना है कि सरकारी व्यवस्था में रिकॉर्ड अपडेट नहीं होने के कारण उन्हें धान बेचने में परेशानी हो रही है.
चैनपुर धान उपार्जन केंद्र में मौजूद नोडल अधिकारी ने बताया कि केंद्र में धान खरीदी की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने कहा कि कुछ किसान अपना धान बेच चुके हैं. अधिकारी का कहना है कि केंद्र में खरीदी की व्यवस्था की गई है. हालांकि, गिरदावली और ऑनलाइन रिकॉर्ड में नाम या जमीन का विवरण नहीं दिखने की समस्या से जूझ रहे किसानों को लेकर अब प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, यह देखना होगा.
हालांकि, एक तरफ धान खरीदी की प्रक्रिया जारी है, तो दूसरी तरफ गिरदावरी और ऑनलाइन रिकॉर्ड की समस्या किसानों की चिंता बढ़ा रही है. अब किसानों को इंतजार है कि जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्या का समाधान कर उन्हें धान बेचने का अवसर कब तक उपलब्ध कराते हैं.
(रिपोर्टः सरवर अली, कोरिया)