SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

1 अक्टूबर से LPG रिफिल का नया नियम: बुकिंग नंबर के साथ आधार बायोमेट्रिक भी जरूरी, जानें किसे मिलेगा सामान्य रेट पर सिलेंडर

Jaipur News: 1 अक्टूबर 2026 से LPG रिफिल के लिए BAA जरूरी होगा. बायोमेट्रिक पूरा होने पर सामान्य व्यवस्था जारी रहेगी, जबकि BAA नहीं कराने वालों को बिना सब्सिडी बाजार भाव पर 5 या 10 किलो सिलेंडर मिलेगा.

Written By Deepak Goyal Edited By Sandhya Yadav
Published: Sep 20, 2026, 10:05 AM IST | Updated: Sep 20, 2026, 10:08 AM IST
Image Credit: LPG ग्राहकों के लिए बड़ा अपडेट
Join

Jaipur News: अब गैस सिलेंडर लेने से पहले सिर्फ बुकिंग नंबर ही जरूरी नहीं होगा, बल्कि आधार का बायोमेट्रिक भी मायने रखेगा. 1 अक्टूबर 2026 से LPG रिफिल को लेकर नई व्यवस्था लागू होने जा रही है. जिन उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) या ई-केवाईसी पूरा है, उनके लिए सामान्य घरेलू LPG रिफिल की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी. वहीं, जिनका BAA अभी बाकी है, उनके लिए रेगुलेटेड रिटेल प्राइस (RSP) और लागू सब्सिडी के साथ घरेलू LPG रिफिल बुकिंग का रास्ता BAA पूरा होने के बाद ही खुलेगा.

बायोमेट्रिक नहीं कराया तो क्या होगा?
घर में 14.2 किलो का घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को सबसे पहले अपने कनेक्शन का BAA स्टेटस जांच लेना चाहिए. 1 अक्टूबर 2026 से BAA पूरा नहीं होने पर RSP और लागू सब्सिडी के साथ घरेलू LPG रिफिल बुक नहीं हो सकेगा. इसका मतलब यह नहीं है कि गैस कनेक्शन हमेशा के लिए बंद हो जाएगा. उपभोक्ता जब भी BAA पूरा कराएगा, उसके बाद सामान्य व्यवस्था में रिफिल बुकिंग फिर शुरू हो सकेगी.

यानी जिन उपभोक्ताओं का BAA पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें कुछ अलग करने की जरूरत नहीं होगी. वे पहले की तरह घरेलू LPG रिफिल बुक करा सकेंगे.

BAA नहीं कराना चाहते तो भी मिलेगी LPG
अगर कोई उपभोक्ता आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराना चाहता या किसी वजह से नहीं करा सकता है, तो उसके लिए LPG की सुविधा पूरी तरह बंद नहीं होगी. ऐसे उपभोक्ता को तेल कंपनी के डिजिटल चैनल पर इसका विकल्प दर्ज कराना होगा. इसके बाद स्थानीय उपलब्धता के आधार पर बिना सब्सिडी बाजार मूल्य पर 5 किलो या 10 किलो का LPG सिलेंडर दिया जाएगा.

इन सिलेंडरों पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा. इस तरह उपभोक्ताओं के सामने मुख्य रूप से दो विकल्प होंगे. पहला, BAA या ई-केवाईसी पूरा कराकर सामान्य घरेलू व्यवस्था में LPG लेना. दूसरा, BAA नहीं कराने की स्थिति में बाजार भाव पर 5 या 10 किलो का सिलेंडर लेना.

देश में 89.9 फीसदी उपभोक्ताओं ने कराया BAA
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 19 सितंबर तक देश में 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता BAA करा चुके हैं. यह कुल घरेलू LPG उपभोक्ताओं का 89.9 प्रतिशत है. राजस्थान में करीब 30 लाख घरेलू कनेक्शन का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) या ई-केवाईसी लंबित होने का आंकड़ा सामने आया है. इसका मतलब है कि राजस्थान में बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्हें 1 अक्टूबर से पहले अपने LPG कनेक्शन का BAA स्टेटस जांचना होगा.

घर बैठे भी हो सकता है BAA
BAA पूरा कराने के लिए उपभोक्ता को जरूरी नहीं है कि वह गैस एजेंसी के चक्कर लगाए. सरकार ने इसके लिए तीन प्रमुख तरीके उपलब्ध कराए हैं. पहला तरीका सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के जरिए BAA पूरा कराना है. दूसरा गैस एजेंसी या डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर जाकर प्रक्रिया पूरी कराना है. तीसरा संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे BAA करना है.

इंडेन उपभोक्ता IndianOil ONE, भारत गैस उपभोक्ता HelloBPCL और HP Gas उपभोक्ता HP PAY के जरिए यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.

सात बार बढ़ी डेडलाइन, अब कीमत से जुड़ा BAA
BAA की प्रक्रिया अचानक लागू नहीं की गई है. उपभोक्ताओं को पहले 30 जून 2026 तक इसे पूरा करने को कहा गया था. इसके बाद समय सीमा क्रमशः 31 जुलाई, 7 अगस्त, 15 अगस्त, 23 अगस्त, 31 अगस्त, 7 सितंबर और आखिर में 14 सितंबर तक बढ़ाई गई.

अक्टूबर 2023 से तेल कंपनियां BAA को लेकर अभियान चला रही हैं. सरकार के मुताबिक अब तक 12 करोड़ से ज्यादा SMS और WhatsApp संदेश भी उपभोक्ताओं को भेजे जा चुके हैं.

आम उपभोक्ता के लिए 1 अक्टूबर का सीधा हिसाब
अगर आपके LPG कनेक्शन का BAA पूरा हो चुका है, तो आपको कुछ नहीं करना है. आप पहले की तरह रिफिल बुक करा सकेंगे. अगर BAA नहीं हुआ है, तो 1 अक्टूबर से RSP और लागू सब्सिडी वाला घरेलू रिफिल लेने के लिए पहले BAA पूरा करना होगा.

अगर आप BAA नहीं कराना चाहते या नहीं करा सकते हैं, तो तेल कंपनी के डिजिटल चैनल पर इसका विकल्प दर्ज कराना होगा. इसके बाद स्थानीय उपलब्धता के अनुसार बाजार भाव पर 5 या 10 किलो LPG सिलेंडर मिलेगा और उस पर सब्सिडी नहीं मिलेगी.

फर्जी कनेक्शन और कमर्शियल इस्तेमाल रोकने का तर्क
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार हर घरेलू LPG कनेक्शन को आधार-प्रमाणित उपभोक्ता से जोड़ने से डुप्लीकेट और अपात्र कनेक्शन हटाने में मदद मिलेगी. साथ ही घरेलू सब्सिडी वाले सिलेंडर के व्यावसायिक या औद्योगिक इस्तेमाल की ओर डायवर्जन रोकने में भी यह व्यवस्था मददगार होगी. मंत्रालय ने कहा है कि व्यवस्था का उद्देश्य वास्तविक परिवार को LPG से वंचित करना नहीं है.

1 अक्टूबर से पहले जरूर जांचें अपना LPG स्टेटस
अब गैस कनेक्शन में सिर्फ मोबाइल नंबर और पता अपडेट होना ही पर्याप्त नहीं होगा. आधार का बायोमेट्रिक भी यह तय करेगा कि उपभोक्ता को घरेलू LPG किस व्यवस्था और किस कीमत पर मिलेगी. 1 अक्टूबर से BAA पूरा है तो घरेलू सिलेंडर की सामान्य व्यवस्था जारी रहेगी. BAA नहीं है तो पहले प्रमाणीकरण कराना होगा.

ऐसे में महीने का कैलेंडर बदलने से पहले अपने गैस कनेक्शन का BAA या ई-केवाईसी स्टेटस जांच लेना जरूरी है. इससे अगली LPG रिफिल बुकिंग के समय किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा और उपभोक्ता अपनी रसोई के मासिक बजट की भी पहले से योजना बना सकेंगे.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES