)
कोटा में त्योहार की खरीदारी करने बाजार जा रहे एक परिवार के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. आरकेपुरम थाना क्षेत्र के दौलतगंज इलाके में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार जीप ने बाइक सवार परिवार को सामने से टक्कर मार दी. हादसे में पिता नरेश भील और उनके 13 वर्षीय बड़े बेटे राहुल की मौत हो गई, जबकि पत्नी रेखा और 7 वर्षीय छोटा बेटा विकास घायल हो गए. हादसे में राहुल को गंभीर चोटें आईं. बताया गया कि उसकी आंतें बाहर निकल आई थीं.
मृत पिता मजदूरी कर करते थे परिवार का पालन-पोषण
जानकारी के अनुसार, नरेश भील (38) मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. सोमवार को वह त्योहार के लिए कपड़ों की खरीदारी करने दोपहर करीब 2 बजे बाइक से कोटा के लिए रवाना हुए थे. बाइक पर उनकी पत्नी रेखा, बड़ा बेटा राहुल और छोटा बेटा विकास भी सवार थे. परिवार को उम्मीद थी कि त्योहार के लिए खरीदारी कर घर लौटेंगे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी जिंदगी बदल दी.
पुत्र की मौके पर हुई मौत
बताया जा रहा है कि दौलतगंज इलाके में कोटा की तरफ से आ रहे एक वाहन ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग घायल हो गए. हादसे में राहुल को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, नरेश के सिर में गंभीर चोट लगी थी. राहगीरों की मदद से चारों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान नरेश ने भी दम तोड़ दिया.
पत्नी और छोटा बेटा हुए घायल
हादसे में नरेश की पत्नी रेखा और छोटा बेटा विकास भी घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि पति और बड़े बेटे को खोने के बाद रेखा गहरे सदमे में हैं और वह कुछ बोल नहीं पा रही हैं. वहीं, सात वर्षीय विकास की आंख के ऊपर चोट आई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
क्या बोले कोटा दक्षिण नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर?
कोटा दक्षिण नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर पवन मीणा ने बताया कि नरेश मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते थे. उनका बड़ा बेटा राहुल पांचवीं कक्षा में पढ़ता था. परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है. ऐसे में पिता और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
हादसे के बाद दोनों शवों का मंगलवार को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाया गया. त्योहार की खरीदारी के लिए घर से निकले परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. इस हादसे में नरेश और राहुल की मौत के बाद परिवार के सामने गहरा दुख और मुश्किल हालात खड़े हो गए हैं.
Reporter - Rahul Joshi