SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

खाटूश्यामजी में दिवाली की धूम: गुलाबी फूलों से सजे बाबा श्याम, 5100 दीपों से रोशन हुआ मंदिर

सीकर के खाटूश्यामजी में महा दीपावली पर बाबा श्याम का मंदिर 5100 दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा. बाबा का गुलाबी फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया. 19 घंटे बाद मंदिर के पट खुलने पर श्रद्धालुओं में दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. पूरी श्याम नगरी दीपोत्सव की रोशनी और भक्ति के रंग में रंगी नजर आई.

Written By Ashok Singh Shekhawat
Published: Nov 09, 2026, 06:09 AM IST | Updated: Nov 09, 2026, 06:12 AM IST
Image Credit: दीपावली पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार, रोशनी से नहाया खाटूधाम
Join

सीकर जिले की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में महा दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. दीपोत्सव के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध बाबा श्याम का मंदिर 5100 दीपों और आकर्षक लाइटों की रोशनी से जगमगा उठा. मंदिर में की गई भव्य सजावट और बाबा श्याम के अलौकिक श्रृंगार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. पूरी श्याम नगरी दीपों की रोशनी से सराबोर नजर आई.

5100 दीपकों से जगमगाया बाबा श्याम का दरबार
दीपावली के अवसर पर बाबा श्याम के मंदिर परिसर में 5100 दीपक प्रज्वलित किए गए. मंदिर के गुंबद पर मां लक्ष्मी के दोनों तरफ विराजमान गजराज की आकर्षक सजावट की गई. इसके साथ ही आकाशदीप और रंग-बिरंगी लाइट की झालरों से मंदिर को भव्य रूप दिया गया. दीपकों और रोशनी से सजे मंदिर का नजारा देखते ही बन रहा था. मंदिर की मनमोहक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही.

पूरी श्याम नगरी में दिखाई दी दीपोत्सव की रौनक
महा दीपावली पर खाटूधाम के घरों, आंगनों और मुंडेरों पर भी दीपक सजाए गए. दीपों की रोशनी से कस्बे का हर कोना जगमगा उठा. बाबा श्याम के अलौकिक श्रृंगार के दर्शन के लिए स्थानीय निवासियों के साथ दूर-दराज से आए श्याम भक्तों में उत्साह नजर आया. श्रद्धालुओं ने बाबा की चौखट पर शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और व्यापार में उन्नति की कामना की.

यह भी पढ़ेंः  दिवाली पर दुल्हन की तरह सजा बाड़मेर का श्मशान घाट! पढ़ें अनोखी कहानी

19 घंटे बाद खुले थे बाबा श्याम के मंदिर के पट
गौरतलब है कि दीपावली पर विशेष सेवा-पूजा के चलते बाबा श्याम के मंदिर के पट करीब 19 घंटे तक बंद रहे थे. छोटी दीपावली पर रात्रि 10 बजे मंदिर के पट बंद किए गए थे, जिन्हें विशेष पूजा और सेवा के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए दोबारा खोल दिया गया था. पट खुलते ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए भक्तों में उत्साह दिखाई दिया. श्रद्धालु बाबा की चौखट पर पहुंचे और शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

गुलाबी फूलों से हुआ बाबा श्याम का मनमोहक श्रृंगार
दीपावली पर विशेष पूजा के दौरान बाबा श्याम को स्नान करवाकर तिलक श्रृंगार किया गया था. इसके बाद गुलाबी फूलों से उनका मनमोहक और आकर्षक श्रृंगार किया गया. वहीं, श्याम मंदिर के मठ को भी आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था. सजावट के बीच विराजमान मां लक्ष्मी के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की.

सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात रहा पुलिस जाप्ता
दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी की ओर से सुगम दर्शन की व्यवस्थाएं की गई थीं. मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमेटी के गार्ड और पुलिस का जाप्ता तैनात रहा. पूरे आयोजन के दौरान खाटूधाम में भक्ति, आस्था और दीपों की रोशनी का अद्भुत संगम देखने को मिला. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अशोक सिंह शेखावत सीकर (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 23 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में सीकर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।विज्ञान, विधि (LL.B.), फार्मास्यूटिकल्स और पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त शेखावत जी ने अपने करियर की शुरुआत राजकीय अस्पताल, झुंझुनूं में 7 वर्षों तक बतौर फार्मासिस्ट की थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया क्षेत्र में कदम रखते हुए राजस्थान पत्रिका, इंडिया टुडे और ईटीवी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR, राजस्थान) से अधिस्वीकृत पत्रकार (संख्या: 1410) के रूप में उन्हें रक्षा व शहीद परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के लिए वे सीकर व झुंझुनूं जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी हो चुके हैं।
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES