App

Tijara News: तिजारा में सियासी घमासान के बीच VIDEO OUT, बस का शीशा तोड़कर निकले पार्षद

खैरथल-तिजारा में सभापति चुनाव से पहले कांग्रेस समर्थित पार्षदों को हरियाणा में रोके जाने के आरोपों से जुड़ा वीडियो सामने आया है. वायरल वीडियो में तेज रफ्तार बस, लालबत्ती वाली गाड़ी और बस के टूटे शीशे दिखाई दे रहे हैं. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पार्षदों को अलग-अलग जगहों पर रोककर रखा गया और लोकेशन मिलने के बाद कुछ पार्षदों को वहां से निकाला गया. कांग्रेस ने पूरे मामले में सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Tijara News: तिजारा में सियासी घमासान के बीच VIDEO OUT, बस का शीशा तोड़कर निकले पार्षद
Image Credit: khairthal tijara parshad controversy video out

Khairthal-Tijara News: राजस्थान के पकी राजनीति में निकाय चुनाव खत्म होने के बाद भी सियासी घमासान थमता नजर नहीं आ रहा है. तिजारा नगर परिषद के सभापति चुनाव से पहले हरियाणा में पार्षदों को रोके जाने के मामले से जुड़ा एक वीडियो अब सामने आया है.

बस तेज रफ्तार में निकली, रोकने के बाद बढ़ा हंगामा
कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि उसके समर्थक पार्षदों को हरियाणा में रोका गया था. इसी घटनाक्रम से जुड़े वीडियो में एक बस तेज रफ्तार से सड़क पर जाती दिखाई दे रही है. वहीं, बस के आगे लालबत्ती लगी एक गाड़ी भी नजर आ रही है. बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता और समर्थक बस को रोकने के लिए पहले से सड़क पर मौजूद थे. बस के रुकते ही मौके पर हंगामा बढ़ गया.

बस के टूटे शीशे, महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला
वायरल वीडियो में बस की खिड़कियों के शीशे टूटे हुए दिखाई देते हैं और बस में मौजूद महिलाओं और बच्चों समेत लोगों को बाहर निकाला जा रहा है. वहीं, बस के आगे चल रही लालबत्ती वाली गाड़ी मौके से निकलती दिखाई देती हैं.

कांग्रेस का आरोप, पार्षदों को बस में ले जाया गया
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर अपने समर्थक पार्षदों को एक बस में ले जाने और अलग-अलग जगह घुमाने के आरोप लगाए हैं. तिजारा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे नेता का कहना है कि सूचना मिलने के बाद कांग्रेस के नेता हरियाणा पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया. उनके मुताबिक इसी दौरान एक पार्षद ने अपनी लोकेशन बताई, जिसके बाद कांग्रेस नेता पार्षदों तक पहुंच सकें.

इमरान खान का आरोप, 'लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश'
कांग्रेस नेता ने इमरान खान ने आरोप लगाया कि खैरथल-तिजारा में लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा कि रिसॉर्ट में ठहरे कांग्रेस समर्थित पार्षदों को मतदान के लिए लेकर आया जा रहा था, लेकिन उन्हें पंचकुला बॉर्डर पर रोक दिया गया. कांग्रेस नेता का आरोप है कि हरियाणा और राजस्थान सरकार के साथ स्थानीय विधायक के इशारे पर पार्षदों को रोकने की कार्रवाई की गई.

25 पुलिस और 25 अन्य गाड़ियों की मौजूदगी का दावा
कांग्रेस नेता के मुताबिक, मौके पर करीब 25 पुलिस की गाड़ियां और 25 अन्य गाड़ियां मौजूद थीं, जिनकी नंबर प्लेट पर पर्चियां चिपकी हुई थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्षदों को मोरनी हिल्स के फार्म हाउसों में ले जाकर अलग-अलग जगहों पर रखा गया. इनमें 5 पार्षदों को एक जगह, 9 को दूसरी जगह और 2 पार्षदों को तीसरी जगह रखा गया.  


उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देखा कि उनकी बसें और गाड़ियां थानों में खड़ी थीं, लेकिन पार्षदों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही थी. उनका आरोप है कि करीब 4 बजे थानों के गेट खोलने के बाद भी पुलिस ने लगभग तीन घंटे तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे वह अपनी टीम के साथ धरने पर बैठ गए और स्थानीय लोगों तथा कांग्रेस नेताओं से संपर्क करना शुरू किया.

पार्षद ने पत्नी के फोन से भेजी लाइव लोकेशन
कांग्रेस नेता के अनुसार, इसी दौरान कथित तौर पर रोके गए एक पार्षद ने अपनी पत्नी के फोन से लाइव लोकेशन भेजी. इस लोकेशन के आधार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक वाहन को उसके पीछे भेजा. उन्होंने आरोप लगाया कि पीछा किए जाने के दौरान बस के शीशे तोड़े गए और उसमें सवार बच्चे और अन्य लोग बस से बाहर निकलने लगे. इसके बाद 11 पार्षदों को वहां से निकाला गया. कांग्रेस नेता ने बताया कि इसके बाद बाकी पार्षदों की तलाश शुरू की गई.

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पूरे मामले को लेकर पुलिस में शिकायत भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सरकार के दबाव में काम कर रही थी. कांग्रेस नेता ने कहा कि इस पूरी कार्रवाई के जरिए खैरथल-तिजारा में कांग्रेस का बोर्ड बनने से रोकने की कोशिश की गई.
Report- Kuldeep Malwar

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More