2 बच्चों के पिता ने KBC में पलटी अपनी किस्मत! 50 लाख जीतकर छोड़ा खेल, भावुक हो उठे अमिताभ बच्चन
Sikar News: सीकर के श्यामपुरा गांव के टाइल मिस्त्री कृष्ण कुमावत ने KBC के 18वें सीजन में 50 लाख रुपए जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया. दिनभर मजदूरी और रात में पढ़ाई करने वाले कृष्ण की जीत पर गांव में एलसीडी स्क्रीन पर कार्यक्रम देखकर जश्न मनाया गया.
Sikar News: सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके के श्यामपुरा गांव निवासी टाइल मिस्त्री कृष्ण कुमावत ने अपनी मेहनत और पढ़ाई के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. दिनभर टाइल लगाने का काम करने और रात में पढ़ाई कर अपना सामान्य ज्ञान बढ़ाने वाले कृष्ण ने कौन बनेगा करोड़पति के 18वें सीजन में 50 लाख रुपए जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया.
हॉट सीट पर जीते 50 लाख रुपए
सोमवार देर शाम प्रसारित हुए हॉट सीट विजेता कार्यक्रम में कृष्ण कुमावत ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. 50 लाख रुपए जीतने के बाद उन्होंने आगे का खेल छोड़ने का फैसला किया. उनकी इस सफलता की खबर सामने आते ही श्यामपुरा गांव में खुशी का माहौल बन गया.
एलसीडी स्क्रीन पर ग्रामीणों ने देखा कार्यक्रम
कृष्ण की जीत का जश्न गांव में खास अंदाज में मनाया गया. ग्राम पंचायत परिसर में बड़ी एलसीडी स्क्रीन लगाकर KBC के कार्यक्रम का प्रसारण किया गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण एक साथ बैठकर कार्यक्रम देखते रहे. जैसे ही कृष्ण ने 50 लाख रुपए जीतने का ऐलान हुआ, वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर खुशी जताई. कार्यक्रम खत्म होने के बाद ग्रामीणों ने कृष्ण कुमावत का सम्मान भी किया.
साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं कृष्ण
कृष्ण कुमावत एक साधारण परिवार से आते हैं और पेशे से टाइल मिस्त्री हैं. टाइल लगाने के काम में उनका छोटा भाई भी उनका सहयोग करता है. कृष्ण के दो बच्चे हैं, जो फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं. आर्थिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद उन्होंने पढ़ाई को कभी नहीं छोड़ा.
रात में पढ़ाई कर बढ़ाया सामान्य ज्ञान
कृष्ण दिनभर मजदूरी करने के बाद रात में किताबों के साथ समय बिताते थे. इसी मेहनत से उन्होंने अपना सामान्य ज्ञान मजबूत किया और KBC के मंच तक पहुंचने में सफलता हासिल की. कृष्ण ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने अपनी नींद तक का त्याग किया.
युवाओं को दिया सफलता का मंत्र
सफलता के बाद कृष्ण ने युवाओं और विद्यार्थियों को संदेश दिया कि जिंदगी में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. लक्ष्य और सपने तय किए बिना मेहनत करना बेकार है. सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयास जरूरी है. उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया से दूरी रखने और इंटरनेट का इस्तेमाल सीखने व ज्ञान बढ़ाने के लिए करने की सलाह दी.
गांव के युवाओं के लिए बने प्रेरणा
ग्राम पंचायत सरपंच मनीषा देवी ने कृष्ण की उपलब्धि पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि गांव के एक व्यक्ति ने देश के इतने बड़े मंच पर 50 लाख रुपए जीतकर श्यामपुरा का नाम रोशन किया है. कृष्ण की सफलता गांव के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.