शादी के बाद बदला IPS अन्नू टाटू का कैडर: असम से गुजरात तक का सफर, जानें पूरी कहानी
करौली के भरतून गांव की IPS अधिकारी अन्नू टाटू का शादी के बाद कैडर बदलकर असम-मेघालय से गुजरात कर दिया गया है. 2022 बैच की अन्नू अब गुजरात में सेवाएं देंगी. उनके पति गौतम विवेकानंदन भी गुजरात कैडर के IPS अधिकारी हैं.
करौली के सपोटरा तहसील के भरतून गांव से निकलकर भारतीय पुलिस सेवा में अपनी पहचान बनाने वाली IPS अधिकारी अन्नू टाटू अब गुजरात में सेवाएं देंगी. शादी के बाद उनका कैडर असम-मेघालय से बदलकर गुजरात कर दिया गया है. केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद उनके गुजरात कैडर में जाने का रास्ता साफ हो गया है. आइए जानते हैं, कौन हैं करौली की बेटी अन्नू टाटू और क्या है उनकी सफलता की कहानी.
वर्ष 2022 बैच की IPS अधिकारी हैं अन्नू टाटू
करौली की बेटी अन्नू टाटू ने अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर भारतीय पुलिस सेवा में जगह बनाई. वर्ष 2022 बैच की IPS अधिकारी अन्नू टाटू को शुरुआत में असम-मेघालय कैडर आवंटित हुआ था. वे असम के सादिया में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ASP के पद पर तैनात थीं. अब अंतर-कैडर स्थानांतरण के बाद वे गुजरात में अपनी सेवाएं देंगी.
विवाह के कारण हुआ कैडर परिवर्तन
अन्नू टाटू के कैडर परिवर्तन की वजह उनका विवाह है. उन्होंने गुजरात कैडर के IPS अधिकारी गौतम विवेकानंदन से शादी की है. गौतम विवेकानंदन 2023 बैच के IPS अधिकारी हैं और गुजरात के कच्छ जिले के मुंद्रा में ASP के पद पर कार्यरत हैं. अखिल भारतीय सेवाओं के निर्धारित नियमों के तहत पति-पत्नी के कैडर परिवर्तन के लिए आवेदन किया जा सकता है. इसी प्रक्रिया के तहत अन्नू टाटू का स्थानांतरण किया गया है.
अन्नू टाटू का परिवार भी सिविल सेवाओं से जुड़ा
अन्नू टाटू का परिवार भी सिविल सेवाओं से जुड़ा हुआ है. उनके जीजा शैलेंद्र बामणिया IPS अधिकारी हैं, जबकि उनकी बड़ी बहन ज्योति मीणा भारतीय डाक सेवा में अधिकारी हैं. परिवार में प्रशासनिक सेवाओं की इस पृष्ठभूमि के बीच अन्नू टाटू की अपनी उपलब्धि भी युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है.
अब गुजरात में करेंगी नई पारी का आगाज
करौली से निकलकर असम में पुलिस सेवा की जिम्मेदारी निभाने वाली अन्नू टाटू अब गुजरात में अपनी नई पारी शुरू करेंगी. उनका कैडर परिवर्तन एक ओर वैवाहिक जीवन से जुड़ा प्रशासनिक फैसला है, तो दूसरी ओर राजस्थान की इस बेटी के करियर का नया अध्याय भी है. अब गुजरात में उनकी आगामी तैनाती पर सभी की निगाहें रहेंगी.
Reporter - Ashish Chaturvedi