SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जोगाराम पटेल का गहलोत पर पलटवार: बोले- ज्ञान अपडेट करें और कानों की खिड़कियां खोलें

Rajasthan Politics: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव की घोषणा के बाद कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने भाजपा के जीत का बड़ा दावा किया है. इस दौरान उन्होंने पूर्व CM अशोक गहलोत द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि माननीय गहलोत जी ज्ञान अपडेट करें और कानों की खिड़कियां खोलें.

Written By Aman Singh
Published: Oct 04, 2026, 04:14 PM IST | Updated: Oct 04, 2026, 04:33 PM IST
Image Credit: Jogaram Patel Social Media
Join

Rajasthan Politics: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव की घोषणा के बाद कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने अपने विधायक जनसुनवाई केंद्र पर ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नेताओं से मुलाकात की. इस दौरान मीडिया से बातचीत में पटेल ने पंचायत चुनाव की तैयारियों, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सरकार को लेकर दिए बयानों और निकाय चुनाव के बाद ट्रांसफर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर जमकर पलटवार किया.

'वन स्टेट-वन इलेक्शन' के संकल्प की पूर्ति- पटेल

पंचायती राज चुनाव को लेकर जोगाराम पटेल ने कहा कि पंचायत चुनाव मुख्यमंत्री के 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' के संकल्प की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए और 309 निकायों में से 204 में भाजपा का कमल खिला है.

जोगाराम पटेल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति अंदरूनी कलह के कारण बेहद खराब है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति 'टिमटिमाते दिए' जैसी हो गई है. हार के बाद कप्तान खिलाड़ियों पर और खिलाड़ी कप्तान पर आरोप लगा रहे हैं.

'निकाय से बेहतर परिणाम पंचायत चुनाव में आएंगे'

कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि सरकार के तीन बजटों के क्रियान्वयन, राइजिंग राजस्थान, रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष संगठन के स्तर पर लगातार कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सक्रिय हैं. पटेल ने दावा किया कि पंचायत राज चुनाव में भाजपा को निकाय चुनाव से भी बेहतर परिणाम मिलेंगे और दो-तिहाई से अधिक स्थानों पर कमल खिलेगा.

गहलोत के बयान पर बोले जोगाराम पटेल

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से प्रदेश के हालात को लेकर सरकार पर निशाना साधे जाने पर पटेल ने तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि मेरा माननीय पूर्व मुख्यमंत्री जी से निवेदन है कि वो अपने ज्ञान को अपडेट करें और अपने कानों की खिड़कियां खोलें.

जोगाराम पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले ही विशेष गिरदावरी के आदेश दे दिए हैं. गिरदावरी की रिपोर्ट आने के बाद आपदा विभाग नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बारिश की कमी के कारण ग्रामीणों को पेयजल, चारा, अनाज या रोजगार के मामले में परेशानी नहीं होने दी जाएगी.

ट्रांसफर पर विपक्ष के आरोपों को बताया 'हार की खीझ'

निकाय चुनाव में कुछ स्थानों पर हार के बाद अधिकारियों के ट्रांसफर को राजनीतिक दबाव से जोड़ने के आरोपों पर भी जोगाराम पटेल ने विपक्ष को घेरा. उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों का ट्रांसफर सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है. उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हार के बाद सुर्खियों में बने रहने के लिए बेतुके बयान दिए जा रहे हैं.

पटेल ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान ट्रांसफर में पैसे लिए जाने के आरोपों का हवाला देते हुए गहलोत पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के कार्यकाल में ट्रांसफर को लेकर ऐसे सवाल उठे हों, उसे वर्तमान सरकार के सामान्य प्रशासनिक ट्रांसफर पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है.

पेयजल और विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाने का दावा

जोगाराम पटेल ने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों को मुद्दा बनाएगी. खास तौर पर पश्चिमी राजस्थान और जोधपुर संभाग में पेयजल से जुड़े कार्यों को प्रमुखता से जनता के सामने रखा जाएगा. जिन पेयजल योजनाओं को पिछली सरकार में लटकाया और भटकाया गया, उन्हें मौजूदा सरकार ने सुलझाया है. 

विकास कार्य, पेयजल व्यवस्था और सरकार की योजनाओं के आधार पर भाजपा पंचायत चुनाव में जनता के बीच जाएगी. पटेल ने दावा किया कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर जिला प्रमुख से लेकर पंचायत समिति प्रधान तक बड़ी संख्या में भाजपा के प्रत्याशी जीतेंगे और राजस्थान में एक बार फिर कमल खिलेगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES