जोधपुर के उम्मेद अस्पताल की महिला रेजिडेंट डॉक्टर की मौत, हॉस्टल का कमरा नंबर 312 सीज, जांच में जुटी पुलिस
जोधपुर के उम्मेद अस्पताल की पीजी फर्स्ट ईयर रेजिडेंट डॉक्टर निक्की चौधरी हॉस्टल में अचेत मिलीं. उन्हें एमडीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने कमरा सीज कर जांच शुरू की है. मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा. जांच जारी.
जोधपुर के उम्मेद अस्पताल में तैनात एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. महिला डॉक्टर अपने पीजी हॉस्टल के कमरे में अचेत अवस्था में मिली थीं. उन्हें आनन-फानन में एमडीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. पुलिस ने हॉस्टल के कमरे को सीज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतका की पहचान निक्की चौधरी के रूप में हुई है. वह उम्मेद अस्पताल के एनेस्थीसिया विभाग में पीजी फर्स्ट ईयर की छात्रा थीं और हॉस्टल के कमरा नंबर 312 में रहती थीं.
बुधवार सुबह से खराब थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, निक्की चौधरी की बुधवार सुबह से ही तबीयत खराब थी. उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत थी. इसी वजह से वह छुट्टी पर भी थीं. इसके बाद वह अपने हॉस्टल के कमरे में अचेत अवस्था में मिलीं. घटना की जानकारी मिलने पर उन्हें तुरंत एमडीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है.
अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी हॉस्टल पहुंचे
महिला डॉक्टर की मौत की सूचना मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. एमडीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित और एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा सहित मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली वहीं, उम्मेद अस्पताल अधीक्षक डॉ. मोहन मकवाना और महात्मा गांधी अस्पताल अधीक्षक डॉ. फतेह सिंह भाटी भी पीजी हॉस्टल पहुंचे.
पुलिस ने कमरा नंबर 312 किया सीज
घटना की सूचना मिलने पर खांडा फलसा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने निक्की चौधरी के हॉस्टल स्थित कमरे को सीज कर दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. महिला रेजिडेंट डॉक्टर की मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा.