App

Nikay Chunav: जयपुर से जोधपुर तक कांग्रेस की चुनावी रणनीति तेज, जिताऊ निर्दलियों को साथ लेकर बोर्ड बनाने की कवायद

Jaipur Nikay Chunav: जयपुर में नगरीय निकाय चुनाव का मतदान पूरा होने से पहले ही कांग्रेस ने संभावित बोर्ड गठन को लेकर रणनीति बनानी शुरू कर दी है. पार्टी की नजर मजबूत उम्मीदवारों के साथ कांग्रेस विचारधारा वाले जिताऊ निर्दलियों पर भी है. वहीं जोधपुर में पार्टी ने बगावत और पार्टी विरोधी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 नेताओं को छह साल के लिए निष्कासित किया है.

Nikay Chunav: जयपुर से जोधपुर तक कांग्रेस की चुनावी रणनीति तेज, जिताऊ निर्दलियों को साथ लेकर बोर्ड बनाने की कवायद
Image Credit: Nikay Chunav

Rajasthan Nikay Chunav: जयपुर नगरीय निकाय चुनाव में मतदान पूरा होने से पहले ही कांग्रेस ने परिणाम के बाद की राजनीतिक रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है. पार्टी का फोकस अब सिर्फ अपने उम्मीदवारों को चुनाव जिताने पर नहीं है. कांग्रेस संभावित परिणामों का आकलन करते हुए उन निकायों में बोर्ड बनाने की तैयारी कर रही है, जहां उसे बहुमत के करीब पहुंचने की उम्मीद है. पार्टी ने इसके लिए मजबूत प्रत्याशियों के साथ-साथ संभावित विजेता निर्दलीय उम्मीदवारों पर भी नजर रखनी शुरू कर दी है.


जिताऊ निर्दलियों को साथ लाने की रणनीति
कांग्रेस की रणनीति उन निर्दलीय उम्मीदवारों को साथ रखने की है, जिनकी विचारधारा पार्टी के करीब मानी जाती है और जिनके चुनाव जीतने की संभावना मजबूत है. पार्टी को अगर किसी निकाय में अपने दम पर बहुमत नहीं मिलता है तो ऐसे निर्दलीय पार्षद बोर्ड गठन में अहम भूमिका निभा सकते हैं. इसी वजह से कांग्रेस संभावित विजेता निर्दलीयों के संपर्क में रहने की तैयारी कर रही है. जरूरत पड़ने पर चुनाव परिणाम के बाद इन पार्षदों की बाड़ेबंदी भी की जा सकती है, ताकि बोर्ड गठन से पहले दूसरे राजनीतिक दलों की सेंधमारी को रोका जा सके.


विधानसभा प्रभारी और जिलाध्यक्ष संभालेंगे जिम्मेदारी
कांग्रेस ने इस पूरी रणनीति की जिम्मेदारी विधानसभा प्रभारियों के साथ जिलाध्यक्ष, विधायक और पार्टी के उन वरिष्ठ नेताओं को देने की तैयारी की है, जिन्होंने प्रत्याशियों को पार्टी का सिंबल दिया है. इन नेताओं को संभावित विजयी प्रत्याशियों के संपर्क में रहने, समर्थन जुटाने और परिणाम के बाद बोर्ड गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का जिम्मा दिया जाएगा. पार्टी की कोशिश है कि परिणाम आने के बाद संख्या बल को अपने पक्ष में रखने के लिए पहले से ही राजनीतिक संपर्क मजबूत कर लिए जाएं.


जोधपुर में 15 बागियों पर कार्रवाई
उधर, जोधपुर में नगर निगम चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों और बगावत को लेकर कांग्रेस ने सख्त रुख अपनाया है. सोमवार को शहर कांग्रेस ने 15 नेताओं को छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया. निष्कासन की कार्रवाई में पांच बागी प्रत्याशी, तीन पूर्व पार्षद, एक पूर्व मनोनीत पार्षद, दो पूर्व महासचिव और एनएसयूआई का एक महासचिव शामिल है. संगठन महासचिव कुश गहलोत की ओर से निष्कासन आदेश जारी किए गए हैं.


प्रमुख और उप प्रमुख के चुनाव पर भी नजर
कांग्रेस ने निकाय प्रमुख और उप प्रमुख के चुनाव को लेकर भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. पार्टी के जिम्मेदार नेता चुनाव परिणाम आने के बाद पार्षदों से संपर्क कर समर्थन जुटाने का काम करेंगे. इस तरह जयपुर में कांग्रेस जहां संभावित बोर्ड गठन के लिए निर्दलीयों को साथ रखने की रणनीति पर काम कर रही है, वहीं जोधपुर में बागियों के खिलाफ कार्रवाई कर संगठन में अनुशासन का संदेश देने की कोशिश कर रही है. अब चुनाव परिणाम के बाद ही स्पष्ट होगा कि कांग्रेस की यह रणनीति बोर्ड गठन में कितनी कारगर साबित होती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More