Chemical Factory Blust: जोधपुर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक केमिकल फैक्ट्री में लगी आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं और दमकलकर्मी कई घंटे से आग बुझाने में जुटे हुए थे. इसी दौरान केमिकल से भरे एक ड्रम में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. विस्फोट के बाद आग एक बार फिर भड़क उठी और इसकी चपेट में मौके पर मौजूद दमकलकर्मी आ गए.
हादसे में कुल 13 दमकलकर्मी झुलस गए. अचानक हुए विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों की मदद से झुलसे दमकलकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई. सभी घायलों को पहले एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. इसके बाद सभी 13 दमकलकर्मियों को महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में शिफ्ट किया गया.
#WATCH | Jodhpur | Fire broke out at a chemical factory | District Collector and District Magistrate of Jodhpur, Alok Ranjan, says, "The Municipal Commissioner informed us that a fire broke out at a chemical factory in the Basni Industrial Area in the evening, and Municipal… pic.twitter.com/Yp7rtKaC7j
— ANI (@ANI) September 24, 2026
चार से पांच घंटे से आग बुझाने में जुटी थीं दमकलें
बताया गया कि बासनी क्षेत्र की केमिकल फैक्ट्री में आग लगने के बाद आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया था. आग पर नियंत्रण के लिए 10 से अधिक दमकलों को मौके पर लगाया गया. दमकलकर्मी कई घंटे तक लगातार आग बुझाने की कोशिश करते रहे. आग लगभग नियंत्रण में आने के दौरान ही केमिकल के एक ड्रम में जोरदार विस्फोट हो गया. विस्फोट के बाद आग अचानक भड़क गई और आग बुझा रहे दमकलकर्मी इसकी चपेट में आ गए. प्रशासन के अनुसार हादसे में 13 दमकलकर्मी झुलसे हैं. इनमें प्रवीण, दुर्गेश, प्रेम, प्रवीण कुमार, कुणाल, विनय पुरोहित, आसिफ खान, जोगाराम, प्रीतम, सुरेंद्र, प्रकाश, मो. हनीफ और अविनाश हर्ष के नाम सामने आए हैं.
#WATCH | Jodhpur | Fire broke out at a chemical factory | Police Commissioner of Jodhpur, Anshuman Bhomia, says, "A fire broke out today at a chemical factory in the Basni police station area. Municipal Corporation employees had gone there to extinguish the fire, but a chemical… pic.twitter.com/HqyucTDroM
— ANI (@ANI) September 24, 2026
3 दमकलकर्मियों की हालत गंभीर
हादसे के बाद सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया. जिला प्रशासन के अनुसार घायलों में से 2-3 दमकलकर्मियों की हालत गंभीर बताई गई है. अस्पताल प्रशासन ने भी घायलों के उपचार के लिए व्यवस्थाएं शुरू कर दीं. जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया, नगर निगम आयुक्त और एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने घायलों के उपचार की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के निर्देश दिए. घायलों को एम्स से महात्मा गांधी अस्पताल तक जल्द पहुंचाने के लिए पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया. प्रशासन ने घटना की जानकारी लेते हुए फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है. हादसे के कारणों और फैक्ट्री में मौजूद केमिकल से जुड़े सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी जांच की जा रही है.