)
सर्दी की आहट के साथ ही झुंझुनूं शहर में चोरों ने भी दस्तक दे दी है. अब तक बड़े शोरूम और दुकानों को निशाना बनाने वाले चोरों ने इस बार सड़क किनारे संचालित डेयरी बूथ को अपना निशाना बनाया है. खास बात यह है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों बदमाश कंबल ओढ़कर आए थे. महज 15 मिनट में बूथ का ताला तोड़ा और हजारों रुपये की नगदी के साथ 30 किलो सरस घी लेकर फरार हो गए.
यह मामला झुंझुनूं शहर में राजकीय जेके मोदी स्कूल के समीप का है. यहां अणगासर निवासी अमित कुमार का सरस डेयरी बूथ संचालित है. जानकारी के अनुसार, बीती रात बाइक पर सवार होकर तीन अज्ञात चोर यहां पहुंचे. तीनों ने कंबल ओढ़ रखे थे ताकि उनकी पहचान छिपी रहे. पहले बदमाशों ने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही बूथ के ताले तोड़ दिए.
97 हजार कैश और 30 किलो घी लेकर फरार हुए बदमाश
इसके बाद चोरों ने बूथ के अंदर रखी नगदी और सामान पर हाथ साफ किया. पूरी वारदात को अंजाम देने में उन्हें महज 15 मिनट का समय लगा. चोरी करने के बाद तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए. वारदात के बाद पीड़ित अमित कुमार ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है.
CCTV में कैद कंबल ओढ़े तीन चोर, बाइक से हुए फरार
रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात चोर डेयरी बूथ से करीब 97 हजार रुपये की नगदी और 30 किलो सरस देशी घी के पैकेट चोरी कर ले गए. चोरी की इस वारदात से पीड़ित को आर्थिक नुकसान हुआ है. इस चोरी की वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें कंबल ओढ़े तीन बाइक सवार बदमाश बूथ के आसपास घूमते और चोरी की वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं.
मुख्य सड़क पर बेखौफ चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी हुई. वह शहर की मुख्य सड़क पर स्थित है. इसके बावजूद बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते रहे. घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद शहर में पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. सर्दी शुरू होते ही चोरों की सक्रियता बढ़ने लगी है.
सर्दी के साथ बढ़ा चोरों का आतंक, पुलिस जुटी बदमाशों की तलाश में
ऐसे में मुख्य सड़कों और बाजारों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त की व्यवस्था पर सवाल खड़े होना लाजिमी है. फिलहाल पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है. अब देखना होगा कि कंबल ओढ़कर चोरी करने वाले इन बदमाशों तक पुलिस कब पहुंच पाती है.