SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

युवक से मारपीट के बाद Instagram पर लगाई स्टोरी, लिखा- ‘जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं’

झुंझुनूं के सुलताना में खर्चे के नाम पर पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट का आरोप लगा है. हॉकी, लोहे की रॉड और नोजल पाइप से हुए हमले में युवक के हाथ-पैर में फ्रैक्चर आए. वारदात पेट्रोल पंप के CCTV में कैद हुई. पीड़ित के भाई ने थाने में रिपोर्ट दी.

Reported By Sandeep Kedia Edited By Ansh Raj
Published: Nov 15, 2026, 20:23 IST | Updated: Nov 15, 2026, 20:25 IST
Image Credit: Sultana assault case
Join

झुंझुनूं जिले के सुलताना थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि AAA बाबा ग्रुप से जुड़े सदस्यों ने खर्चे के नाम पर पैसे नहीं देने पर युवक पर हमला कर दिया. चार-पांच मोटरसाइकिलों पर आए आरोपियों ने हॉकी, लोहे की रॉड, नोजल पाइप और लात-घूंसों से युवक को बुरी तरह पीटा. हमले में युवक के हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने के साथ कान के पास गंभीर चोट आई है. वारदात चिड़ावा रोड स्थित पेट्रोल पंप के CCTV कैमरों में कैद हो गई. घटना के बाद इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी लगाने की बात भी सामने आई है, जिसमें लिखा था- 'जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं'.

दुकान पर बैठे युवक को घेरकर किया हमला
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, सुलताना के वार्ड नंबर 24 बाईपास रोड निवासी सतीश लाम्बा राजेंद्र लाम्बा के पेट्रोल पंप के सामने मुकेश लाम्बा की दुकान पर बैठा था. इसी दौरान गफ्फार मणियार निवासी किठाना, अनुराग टेलर निवासी सुलताना, मनीष उर्फ शूटर और 5-6 अन्य लोग चार-पांच मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचे.

परिवादी नवीन लाम्बा का आरोप है कि आरोपी सतीश की लोकेशन लेकर एकराय होकर वहां पहुंचे थे. रिपोर्ट के मुताबिक, गफ्फार के हाथ में नोजल पाइप, अनुराग के हाथ में हॉकी और मनीष के पास लोहे की रॉड थी. अन्य लोगों के पास भी हथियार थे.

खर्चे के लिए पैसे नहीं देने पर मारपीट का आरोप
रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपियों ने सतीश से गाली-गलौच करते हुए पैसे नहीं देने की बात कही. आरोप है कि उन्होंने सतीश से कहा कि अगर उसे क्षेत्र में रहना है तो बाबा ग्रुप को खर्चे के लिए नियमित पैसे देने होंगे. इसके बाद सभी ने मिलकर उस पर हमला कर दिया. हॉकी, लोहे की रॉड, नोजल पाइप और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की गई.

हाथ-पैर में फ्रैक्चर, दुकानदारों ने छुड़ाया
हमले में सतीश के हाथ-पैर में कई जगह फ्रैक्चर हो गए. बाएं कान के पास अंदरूनी गंभीर चोट आई और शरीर पर भी कई चोटें लगीं. मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गया. मौके पर मौजूद दुकानदार मुकेश, पंकज और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उसे हमलावरों से छुड़ाया.

छह महीने से पैसे मांगने और धमकी देने का आरोप
परिवादी नवीन लाम्बा ने आरोप लगाया कि बाबा ग्रुप के सदस्य पिछले करीब छह महीने से उसके भाई सतीश को खर्चे के नाम पर पैसे देने के लिए परेशान कर रहे थे. पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं. उसने आरोपियों पर क्षेत्र के आम लोगों और दुकानदारों से अवैध चौथ वसूली करने और चुनावी रंजिश रखने का भी आरोप लगाया है.

CCTV में कैद हुई वारदात, थाने में दी रिपोर्ट
मारपीट की घटना चिड़ावा रोड स्थित पेट्रोल पंप के CCTV कैमरों में कैद हो गई. वहीं, घटना के बाद आरोपियों की ओर से इंस्टाग्राम पर 'जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं' लिखकर स्टोरी लगाने की बात भी सामने आई है. पीड़ित के भाई नवीन लाम्बा ने 15 नवंबर को सुलताना थाने में गफ्फार मणियार, अनुराग टेलर, मनीष उर्फ शूटर और 5-6 अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी है. उसने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संदीप केडिया झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे के निवासी और वरिष्ठ पत्रकार हैं. वे पिछले करीब 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा वर्ष 2015 से Zee Media से जुड़े हुए हैं. उन्होंने VMOU Kota से बीजेएमसी और एमजेएमसी की पढ़ाई की है. संदीप केडिया को झुंझुनूं जिले की पत्रकारिता के मजबूत और भरोसेमंद नामों में गिना जाता है. राजस्थान सरकार के अधिस्वीकृत पत्रकारों की सूची में 2013 से शामिल संदीप केडिया को प्रिंट और सोशल मीडिया का भी अच्छा खासा अनुभव है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES