Jhunjhunu News: झुंझुनूं के बरखंडी बाबा मंदिर से लापता संत का मिला शव, पहाड़ी के नीचे झाड़ियों में था अटका
झुंझुनूं के लोहार्गल धाम बरखंडी बाबा मंदिर से 26 सितंबर से लापता संत सूरजदास जी महाराज का शव सोमवार को पहाड़ी के नीचे झाड़ियों में मिल. ग्रामीणों और पुलिस ने दो दिनों तक सर्च अभियान चलाया था. मंदिर में टूटी तिजोरी और तोड़फोड़ मिलने के बाद ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका जताई थी. मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम और जांच के बाद सामने आएगी.
Jhunjhunu News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के लोहार्गल धाम बरखंडी बाबा मंदिर से लापता हुए संत सूरजदास जी महाराज का शव आज दोपहर पहाड़ी के नीचे झाड़ियों में अटका हुआ मिला. संत के लापता होने के बाद पिछले दो दिनों से ग्रामीणों और पुलिस की ओर से तलाश की जा रही थी.
ग्रामीणों ने बागोरिया की ढाणी के सरपंच राजेंद्र सैनी की अगुवाई में भी सर्च अभियान चलाया. काफी मशक्कत के बाद तलाश करने पर बरखंडी बाबा मंदिर से नीचे एक बेहद दुर्गम स्थान पर झाड़ियों में संत का शव दिखाई दिया.
दुर्गम पहाड़ी पर मिला संत का शव
सूचना मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. पहाड़ी का यह क्षेत्र काफी ऊंचा और दुर्गम बताया जा रहा है, जहां पहुंचना भी मुश्किल है. जानकारी के अनुसार, संत सूरजदास जी महाराज 26 सितंबर 2026 की शाम से बरखंडी बाबा मंदिर से लापता थे. 27 सितंबर की सुबह मंदिर पहुंचे यात्रियों ने उनके शिष्य शंकर दयाल गुर्जर को फोन कर बताया कि मंदिर में महाराज मौजूद नहीं हैं. इसके बाद संत की तलाश शुरू की गई. शिष्य की ओर से गोठड़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी.
मंदिर में टूटी मिली तिजोरी
संत के शिष्य के अनुसार, मंदिर पहाड़ी पर ऊंचाई वाले स्थान पर स्थित है और यहां आमतौर पर बहुत कम लोगों का आना-जाना रहता है. शिष्य ने बताया कि 26 सितंबर की रात मंदिर की लाइट नहीं जली, जिसके बाद संदेह हुआ. अगले दिन मंदिर पहुंचकर देखा गया तो संत वहां नहीं थे. शिष्य के अनुसार, मंदिर में तिजोरी टूटी हुई मिली और उसमें रखे रुपये गायब थे. इसके अलावा स्नानघर का गेट भी टूटा हुआ मिला. मंदिर परिसर में तोड़फोड़ जैसी स्थिति दिखाई देने की बात भी सामने आई है. इन्हीं परिस्थितियों के चलते ग्रामीणों ने संत के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई और लगातार उनकी तलाश शुरू की.
ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका
संत का शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि अज्ञात लोगों ने 26 सितंबर की रात संत की हत्या कर शव को पहाड़ी से नीचे फेंक दिया होगा. ग्रामीणों का कहना है कि शव गहरी खाई में नीचे झाड़ियों में जाकर अटक गया होगा. हालांकि, हत्या या लूट की आशंका की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है. संत की मौत के वास्तविक कारण और घटनाक्रम का पता जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
सरपंच की अगुवाई में चला सर्च अभियान
बागोरिया की ढाणी के सरपंच राजेंद्र सैनी की अगुवाई में ग्रामीणों ने लगातार सर्च अभियान चलाया. सरपंच ने मौके से बताया कि काफी मशक्कत के बाद बाबा का पता चला है. उन्होंने कहा कि काफी तलाश करने के बाद बरखंडी मंदिर से नीचे झाड़ियों में संत का शव अटका हुआ मिला. उन्होंने मौके को बेहद दुर्गम बताते हुए तत्काल पुलिस और प्रशासन को वहां पहुंचने की अपील की. पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, संत सूरजदास जी महाराज के पिता का नाम भुराराम बताया गया है. उनकी उम्र करीब 80 साल थी और वे सिगोद कला, थाना गोविंदगढ़, जिला जयपुर के निवासी बताए गए.
32 साल से मंदिर में कर रहे थे पूजा-पाठ
संत करीब 32 सालों से बरखंडी बाबा मंदिर में पूजा-पाठ कर रहे थे. अब शव मिलने के बाद पुलिस के सामने कई सवाल हैं- संत की मौत कैसे हुई, वे मंदिर से कब और किस परिस्थिति में निकले, मंदिर में तिजोरी और सामान के साथ क्या हुआ और शव पहाड़ी के नीचे झाड़ियों तक कैसे पहुंचा. फिलहाल पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच, साक्ष्य जुटाने और संत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारण और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
Report- Sandeep Kedia