SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

झुंझुनूं में चुनाव से पहले कांग्रेस में घमासान, रीटा चौधरी और राहुल जाखड़ के बीच जुबानी जंग

झुंझुनूं जिला परिषद वार्ड नंबर पांच में मतदान से पहले कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान सामने आ गई. विधायक रीटा चौधरी और NSUI जिलाध्यक्ष राहुल जाखड़ के बीच जुबानी जंग के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.

Written By Sandeep Kedia
Published: Nov 13, 2026, 16:31 IST | Updated: Nov 13, 2026, 16:39 IST
Image Credit: मतदान से पहले बयानबाजी चर्चा में.
Join

झुंझुनूं जिला परिषद के वार्ड नंबर पांच में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान सार्वजनिक हो गई. मंडावा विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीटा चौधरी और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल जाखड़ के बीच बयानबाजी तेज हो गई. दोनों के एक-दूसरे पर निशाना साधने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. पार्टी की अंदरूनी बयानबाजी भी चर्चा में है.

वार्ड नंबर पांच में भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशी

मंडावा विधानसभा क्षेत्र के इस वार्ड से भाजपा ने पूर्व जिला प्रमुख और भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि को प्रत्याशी बनाया है. कांग्रेस ने शीशराम बुरड़क को टिकट दिया है. राहुल जाखड़ के बागी तेवरों ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ाई हैं.

रीटा चौधरी ने राहुल जाखड़ पर साधा निशाना

रीटा चौधरी ने राहुल जाखड़ पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह वहम नहीं रखना चाहिए कि वे अपने दम पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष बने हैं. उनके अनुसार, सांसद बृजेंद्र ओला और उनके सहयोग से ही राहुल इस पद पर पहुंचे हैं.

रीटा चौधरी ने कहा कि राहुल जाखड़ जिला परिषद चुनाव का टिकट मांगने आए थे. तब उन्हें पांच साल तक जनता के बीच रहकर काम करने और अगली बार मौका मिलने की बात कही गई थी. उन्होंने कहा कि जिला परिषद का चुनाव बड़ा है और राहुल पर मुकदमे भी हैं. उन्हें चुनाव नहीं लड़ने की सलाह दी गई थी, लेकिन वे नहीं माने.

यह भी पढे़ं- पंचायत चुनाव से पहले मदन राठौड़ का बड़ा दावा, बोले- निकाय चुनाव से भी बड़ी होगी BJP की जीत

राहुल जाखड़ ने दिया जवाब

दूसरी ओर, राहुल जाखड़ ने रीटा चौधरी का नाम लिए बिना पलटवार किया. उन्होंने कहा कि एक नेता कह रहे हैं कि राहुल जाखड़ को रगड़कर रख देंगे. उन्होंने सवाल किया कि क्या उन्हें उनकी मां ने जन्म नहीं दिया, क्या वे ऊपर से पड़े हुए हैं?

राहुल ने कहा कि आम और गरीब परिवारों के युवा जब आगे बढ़ने और सपने देखने की कोशिश करते हैं, तो कुछ परिवारों को परेशानी होने लगती है. उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रगड़ने की बात कही जा रही है. उनके मुताबिक, यह राहुल जाखड़ को नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को रगड़ने की बात है.

यह भी पढे़ं- 'जयपुर गुंडों के हवाले, 40 से ज्यादा गैंग एक्टिव' प्रताप सिंह खाचरियावास ने भजनलाल सरकार को जमकर घेरा

मतदान से पहले बयानबाजी चर्चा में

वार्ड नंबर पांच में मुकाबला भाजपा की हर्षिनी कुलहरि और कांग्रेस के शीशराम बुरड़क के बीच है. कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी भी चर्चा में है. प्रचार के अंतिम दिन सामने आए बयानों के बाद सबकी निगाहें कल होने वाले मतदान पर हैं. सवाल है कि क्या कांग्रेस को भाजपा के साथ अपनी अंदरूनी चुनौती का भी सामना करना पड़ेगा?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संदीप केडिया झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे के निवासी और वरिष्ठ पत्रकार हैं. वे पिछले करीब 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा वर्ष 2015 से Zee Media से जुड़े हुए हैं. उन्होंने VMOU Kota से बीजेएमसी और एमजेएमसी की पढ़ाई की है. संदीप केडिया को झुंझुनूं जिले की पत्रकारिता के मजबूत और भरोसेमंद नामों में गिना जाता है. राजस्थान सरकार के अधिस्वीकृत पत्रकारों की सूची में 2013 से शामिल संदीप केडिया को प्रिंट और सोशल मीडिया का भी अच्छा खासा अनुभव है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES