झालावाड़ में नाबालिग बेटी को 4 लाख में बेचा: पिता, मामा और कथित पति गिरफ्तार, स्टांप पर लिखा शादी का सौदा
राजस्थान के झालावाड़ में 17 वर्षीय नाबालिग को शादी के नाम पर 4 लाख रुपये में बेचने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, किशोरी के पिता और मामा ने करीब 35 वर्षीय व्यक्ति के साथ इस सौदे का स्टांप तैयार करवाया था. आरोपी पिता, मामा और कथित पति को गिरफ्तार किया.
राजस्थान के झालावाड़ जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग किशोरी को उसके पिता ने अधेड़ उम्र व्यक्ति को चार लाख रुपये में बेच दिया. हैरान कर देने वाले इस सौदे का बाकायदा एक लिखित स्टांप भी तैयार करवाया गया. शर्मसार कर देने वाली इस वारदात में नाबालिग किशोरी का मामा भी शामिल था. उक्त मामले में झालावाड़ पुलिस ने आरोपी पिता, उसके मामा और कथित पति को गिरफ्तार कर लिया है.
सोशल मीडिया चैट से खुला मामला
झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जिले के भवानीमंडी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को उसके पिता और मामा ने एक अधेड़ उम्र व्यक्ति को शादी के नाम पर बेच दिया था. उक्त मामले की शिकायत झालावाड़ जिला निवासी एक युवक द्वारा पुलिस को दी गई, जिसमें उसने बताया कि एक किशोरी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चैट के माध्यम से उससे मदद मांगी गई है, जिसमें किशोरी ने बताया कि उसके पिता और मामा ने उसे एक अधेड़ उम्र व्यक्ति को शादी के नाम पर बेच दिया है. इस सौदे का स्टांप भी तैयार करवाया गया है.
यह भी पढ़ेंः अलवर में रोडवेज बस का कहर: स्कूटी सवार सरकारी अध्यापिका की मौत, लोगों ने जयपुर रोड किया जाम
4 लाख रुपये में सौदे का आरोप
युवक की शिकायत पर झालावाड़ पुलिस ने सोशल मीडिया चैट को लेकर अनुसंधान शुरू किया, तो सनसनीखेज शर्मनाक वाकया सामने आया. अनुसंधान में पता चला कि एक 17 वर्षीय किशोरी को उसके पिता तथा मामा ने चार लाख रुपये के लिखित स्टांप सौदे पर करीब 35 वर्ष के अधेड़ व्यक्ति को बेच दिया है. स्टांप पर उक्त व्यक्ति से नाबालिक किशोरी का विवाह करने का भी हवाला दिया गया है. शादी के बाद लंबे समय तक कथित पति द्वारा नाबालिग किशोरी का शारीरिक तथा मानसिक उत्पीड़न किया गया. परेशान होकर किशोरी भाग कर अपने पिता के पास चली गई, तो पिता ने डरा धमका कर उसे एक बार फिर से कथित पति के हवाले कर दिया.
पिता, मामा और कथित पति गिरफ्तार
इस दौरान पीड़िता नाबालिग किशोरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक से मदद मांगी. सोशल मीडिया चैट से जैसे ही युवक को पता चला, तो उसने उक्त मामले में पुलिस को सूचित कर दिया और मामले का भंडाफोड़ हो गया. इसके बाद झालावाड़ पुलिस ने सोशल मीडिया चैट को आधार बनाकर आरोपी पिता, मामा और कथित पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तीनों को बापर्दा गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ेंः सुबह घर का गेट खुला तो उड़ गए होश: अंदर मिले पति-पत्नी के शव, आखिर झुंझुनूं में रात को क्या हुआ?
झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया ने बताया कि पीड़िता ने कथित पति की धमकियों के कारण पुलिस को शिकायत नहीं की थी, लेकिन सोशल मीडिया चैट उसके लिए मददगार बन गई, जिसमें युवक ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दे दी. उक्त मामले में पुलिस ने विशेष भूमिका निभाते हुए कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. मामले में झालावाड़ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी विशेष सूचना अथवा अपराध के बारे में कोई जानकारी साझा करना चाहता है, तो उनके व्यक्तिगत नंबर पर फोन कर सूचित कर सकता है. सूचनाकर्ता की जानकारी को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा.
Report-Mahesh Parihar