झुंझुनूं जिले के बिसाऊ कस्बे के वार्ड नंबर 23 में पति-पत्नी से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. घर के अंदर पत्नी का गला कटा हुआ शव बिस्तर पर मिला. जबकि पति फंदे पर लटका हुआ मिला. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति पर पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या करने की आशंका है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अब्दुल रहीम और उसकी पत्नी के रूप में हुई है.
प्रारंभिक जांच नें आया सामने
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्नी के हाथ-पैर रस्सियों से बिस्तर पर बंधे हुए थे और उसका गला कटा हुआ था. घटनास्थल पर कुछ गोलियां भी पड़ी मिलीं. जो प्रथम दृष्टया नींद की दवा होने की आशंका है. हालांकि, दवाइयों की वास्तविक प्रकृति और घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस के मुताबिक घटना बीती रात की बताई जा रही है. सुबह देर तक पति-पत्नी के नहीं जागने पर परिजनों को संदेह हुआ. इसके बाद उन्होंने घर का गेट खोला तो अंदर दोनों के शव मिले.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया. घटना की गंभीरता को देखते हुए सीकर से एफएसएल टीम को बुलाया गया. मौके पर एमओबी टीम ने भी निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
क्या बोले थानाधिकारी?
थानाधिकारी ने बताया प्रारंभिक तौर पर पति-पत्नी के बीच गृह क्लेश को घटना की संभावित वजह बताया है. आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले पत्नी को नींद की दवा दी होगी और उसके हाथ-पैर बांधने के बाद उसकी हत्या कर दी. इसके बाद पति ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि, यह घटनाक्रम अभी जांच का विषय है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
Reporter - Sandeep Kedia