स्वर्णनगरी जैसलमेर में रामगढ़ रोड स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने सड़क किनारे नवजात बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. बुधवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल आयुर्वेदिक अस्पताल के डॉक्टर को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
डॉक्टर की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर शव को कब्जे में लिया. इसके बाद शव को जैसलमेर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
चेहरे और हाथों पर मिले निशान
शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 8 बजे आयुर्वेदिक अस्पताल के डॉक्टर ने रामगढ़ रोड पर सड़क किनारे नवजात का शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शव रेत से सना हुआ था. उसके चेहरे और हाथों पर कुत्तों द्वारा नोंचे जाने के निशान मिले.
दफनाने के बाद बाहर निकलने का अंदेशा
पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाने के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टिया शव 24 घंटे से अधिक पुराना नहीं होने की संभावना जताई जा रही है. मौके की परिस्थितियों और शव पर मिले निशानों के आधार पर आशंका है कि नवजात को पहले कहीं गाड़ा गया हो और बाद में कुत्तों ने उसे खोदकर बाहर निकाल लिया हो. हालांकि, शव यहां कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
पुलिस अब पोस्टमार्टम के जरिए मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नवजात की मृत्यु के बाद उसे दफनाया गया था या किसी अज्ञात व्यक्ति ने शव को यहां फेंका था. पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.