)
राजस्थान के डीग जिले के गांव बडेसरा में दो नाबालिग बालकों की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. ऑपरेशन संकल्प के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए डीग पुलिस ने मृतक बालकों की मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग और उसके उजागर होने के डर से दोनों ने कथित तौर पर बालकों की हत्या की थी. वारदात के बाद दोनों के शव घर से कुछ दूरी पर कड़ब के पूंजों में डाल दिए गए थे. जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने मामले की जानकारी दी.
घर के अंदर रची गई खौफनाक साजिश
पुलिस की शुरुआती जांच में जो बात सामने आई, वो बेहद हैरान करने वाली थी. आरोप है कि महिला ने घर के अंदर ही किसी धारदार हथियार से अपने दोनों मासूम बेटों को मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद सबूत मिटाने और गुनाह छिपाने के लिए दोनों शवों को घर से करीब 200 मीटर दूर ले जाकर ज्वार-बाजरे के ढेर में छिपा दिया. सुबह जब बच्चों के शव मिले, तो गांव में कोहराम मच गया और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

मौके पर पहुंचे एसपी, एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
दो बच्चों की इस तरह हत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गहराई से जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से खून के निशान और अन्य जरूरी सबूत जुटाए हैं. डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही इस पूरी वारदात का आधिकारिक पर्दाफाश किया जाएगा.
पति की मौत के बाद पीहर में रह रही थी महिला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है. पति के गुजर जाने के बाद वह पिछले करीब आठ साल से अपने मायके (बड़ेसरा गांव) में ही रह रही थी. शुरुआती जांच में पुलिस ये भी अंदेशा जता रही है कि इस खौफनाक वारदात के पीछे किसी प्रेम प्रसंग का मामला हो सकता है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस महिला से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि आखिर एक मां ने अपने ही बच्चों की जान क्यों ले ली ?