SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जैसलमेर पंचायत चुनाव की सबसे खूबसूरत तस्वीर : फेरों से पहले वोट डालने पहुंचा दूल्हा !

लोकतंत्र के सबसे बड़े महापर्व में अपनी आहुति देने के लिए राजस्थान के जैसलमेर जिले में मतदाताओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. जिले में चल रहे पंचायती राज चुनाव के चौथे चरण में पंच-सरपंच पद के लिए मतदाता पूरे जोश के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं. मतदान को लेकर जागरूकता की एक बेहद प्रेरक और खूबसूरत तस्वीर जिले के फलसूंड से सामने आई, जहां एक दूल्हे ने शादी की रस्मों से पहले वोटिंग की.

Reported By Shankar Dan
Published: Nov 16, 2026, 13:42 IST | Updated: Nov 16, 2026, 13:49 IST
Image Credit: Jaisalmer Panchayat Election
Join

फेरों से पहले दूल्हे ने किया मतदान
राजमथाई पंचायत समिति के ग्राम पंचायत फलसूंड में मतदान के दौरान उस वक्त हर कोई हैरान रह गया, जब दूल्हा श्रवण अपनी शादी के समारोह और व्यस्त रस्मों के बीच पारंपरिक वेशभूषा में सजा-धजा मतदान केंद्र पहुंच गया. दूल्हे राजा को अपने परिजनों के साथ वोट डालने आया देख वहां मौजूद अन्य मतदाता और चुनाव कर्मी भी अभिभूत हो गए. श्रवण ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर समाज को यह संदेश दिया कि लोकतंत्र में वोट की कीमत सबसे बढ़कर है.

रामदेवरा में बंपर वोटिंग, 11 बजे तक 40% मतदान
वहीं, जिले की सबसे चर्चित और अति संवेदनशील ग्राम पंचायत रामदेवरा में भी पंच और सरपंच पद के लिए बैलट पेपर (मतपत्र) से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है. सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों के बाहर पुरुष और महिला मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं. जैसे-जैसे दिन चढ़ा, ये कतारें और लंबी होती गईं.

पहली बार वोट डाल रहे 18 साल के युवाओं से लेकर 100 साल तक के बुजुर्गों में गजब का जोश देखा जा रहा है. महिलाएं भी घर का कामकाज निपटाकर बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच रही हैं. प्रत्याशियों द्वारा भी मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं. सुबह 11 बजे तक ही रामदेवरा में 40% से अधिक मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो चुका था.

चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा
रामदेवरा में अति संवेदनशील मतदान केंद्रों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. शांतिपूर्ण मतदान और मतदाताओं के भारी जोश को देखकर साफ है कि जैसलमेर की जनता अपनी गांव की सरकार चुनने के लिए पूरी तरह तैयार है.

राजस्थान में 116 पंचायत समितियों से आई रिपोर्ट के मुताबिक सुबह 10 बजे तक कुल 22.47 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है. इसमें बालोतरा की पादरू पंचायत समिति के मतदाताओं ने सबसे ज्यादा उत्साह दिखाया है, जहां सर्वाधिक 33.56 प्रतिशत वोट पड़े हैं. वहीं, ब्यावर की बदनोर पंचायत समिति में सबसे कम 13.82 फीसदी मतदान हुआ है. राजधानी जयपुर में सुबह 10 बजे तक 19.71 प्रतिशत वोटिंग हुई है. इसके अलावा बीकानेर जिले की नोखा (31.27%), जसरासर (30.83%) और  पांचू (29.03%) और जैसलमेर की नाचना (29.55%) पंचायत समितियों में भी सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शंकर दान, पिछले 12 से अधिक वर्षों से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो वर्तमान में ज़ी मीडिया (Zee Media) के लिए राजस्थान के सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण सीमावर्ती जिले जैसलमेर से ग्राउंड रिपोर्टिंग कर रहे हैं. उनके कार्यक्षेत्र में राजस्थान की राजनीतिक हलचलों और विधानसभा - लोकसभा चुनावों की कवरेज से लेकर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े सुरक्षा व सामरिक मुद्दे, जैसलमेर की समृद्ध सांस्कृतिक व ऐतिहासिक पर्यटन विरासत, और मरुस्थलीय पारिस्थितिकी व गोडावण (Great Indian Bustard) संरक्षण जैसे वन्यजीव विषय प्रमुखता से शामिल हैं. इसके साथ ही वे स्थानीय जनसरोकार की समस्याओं और क्षेत्रीय घटनाओं को राष्ट्रीय पटल पर पूरी विश्वसनीयता के साथ उठाने के लिए पहचाने जाते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES