)
जयपुर जिले की 17 विधानसभा सीटों की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन कर दिया हैं. जिले में कुल 45 लाख 33 हजार 470 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 23 लाख 50 हजार 709 पुरुष, 21 लाख 82 हजार 680 महिला और 81 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. विधानसभा क्षेत्रों के आंकड़ों का विश्लेषण करने पर मतदाताओं की संख्या में बड़ा अंतर सामने आया है. सबसे ज्यादा 4 लाख 21 हजार 209 मतदाता झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में हैं, जबकि सबसे कम 1 लाख 77 हजार 319 मतदाता किशनपोल में हैं. यानी दोनों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता संख्या में 2 लाख 43 हजार 890 का अंतर है. मतदाता सूची में पुरुषों की हिस्सेदारी करीब 51.86 प्रतिशत और महिलाओं की 48.15 प्रतिशत है.
जिले में महिला मतदाताओं की तुलना में पुरुष मतदाता 1 लाख 68 हजार 29 अधिक हैं. प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं पर करीब 929 महिला मतदाता हैं. खास बात ये है कि जिले की सभी 17 विधानसभा सीटों पर पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से अधिक है. जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया की विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) के तहत 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन किए जा सकेंगे. दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. जयपुर जिले में एसआईआर के बाद जिले में 44 लाख 35 हजार 111 मतदाता थे. अब मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन में ये संख्या बढ़कर 45 लाख 33 हजार 470 हो गई है.
SIR के बाद मतदाताओं की संख्या में करीब 98 हजार की शुद्ध बढ़ोतरी हुई है. जयपुर जिले की चार विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां मतदाताओं की संख्या तीन लाख से अधिक है. इनमें झोटवाड़ा, बगरू, सांगानेर और विद्याधर नगर शामिल हैं। इन चारों सीटों पर कुल 14 लाख 33 हजार 976 मतदाता हैं. यानी जिले के कुल मतदाताओं का करीब 31.63 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं चार सीटों पर है. दूसरी ओर किशनपोल और मालवीय नगर ऐसी दो विधानसभा सीटें हैं, जहां मतदाताओं की संख्या दो लाख से कम है। जिले की 17 विधानसभा सीटों में कुल 81 थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत हैं.

बहरहाल, जयपुर की नई वोटर लिस्ट ने सिर्फ मतदाताओं की संख्या ही नहीं, बल्कि विधानसभा क्षेत्रों के बीच बड़ा अंतर भी उजागर किया है. कहीं चार लाख से ज्यादा मतदाता हैं, तो कहीं दो लाख भी नहीं. वहीं सभी 17 विधानसभा सीटों पर महिला मतदाता पुरुषों से पीछे हैं. हालांकि यह तस्वीर अभी अंतिम नहीं है. 11 दिसंबर तक नए नाम जुड़ेंगे, संशोधन होंगे और आपत्तियां भी आएंगी. ऐसे में 4 जनवरी को जारी होने वाली अंतिम सूची तय करेगी कि जयपुर का वोटर गणित कितना बदला, क्योंकि लोकतंत्र में हर वोट की अहमियत बराबर है, भले ही विधानसभा क्षेत्रों में वोटरों की संख्या अलग-अलग हो.