SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

क्राइम की राह छोड़कर सरपंची के मैदान में उतरने वाला था हिस्ट्रीशीटर, भारी पड़ गई पुरानी 'कुंडली', ऐसे टूटा सपना

जयपुर के करधनी में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुरानी रंजिश, पिता की हत्या का बदला और प्रॉपर्टी विवाद सामने आए हैं. 15 मुकदमों का आरोपी विजय सरपंच बनने का सपना भी देख रहा था.

Written By Vishnu Prakash Sharma
Published: Nov 12, 2026, 08:46 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 08:55 PM IST
Image Credit: हिस्ट्रीशीटर से 'सरपंच' बनने चला था खूंखार अपराधी.
Join

जयपुर के करधनी इलाके में खूनी रंजिश का शिकार हुए हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या के बाद उसके आपराधिक अतीत से जुड़े कई चौंकाने वाले पहलू सामने आए हैं. विजय अपराध की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के साथ राजनीति में भी जमीन तलाश रहा था. उसने खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी भी शुरू कर दी थी. हालांकि, आपराधिक छवि और दर्ज मुकदमों के चलते उसे ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा और वह चुनाव मैदान में नहीं उतर सका.

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विजय प्रॉपर्टी के कारोबार के दौरान लोगों को हत्या की धमकियां देता था. वह कथित तौर पर कहता था कि दो हत्याएं कर चुका हूं, तीसरी भी कर दूंगा. उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर भी मौत, दुश्मनी और बदला लेने से जुड़ी पोस्ट दिखाई दे रही हैं.

यह भी पढे़ं- जयपुर में खूनी खेल: फॉर्च्यूनर को कैम्पर से मारी टक्कर, फिर कुल्हाड़ी से काटकर हिस्ट्रीशीटर की हत्या

जयपुर में सरेराह कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर हत्या
जोबनेर इलाके के हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की बुधवार रात जयपुर के करधनी इलाके के जगदम्बा नगर में सरेराह हत्या कर दी गई थी. हमलावरों ने उस पर कुल्हाड़ी और डंडों से वार किए थे. पुलिस के अनुसार, विजय की हत्या उसके पड़ोस में रहने वाले अनीश गोल्या और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की थी. पुलिस ने इस मामले में अनीश और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में हत्या के पीछे सात साल पुरानी दुश्मनी और पिता की हत्या का बदला लेने की कहानी सामने आई है.

हिस्ट्रीशीटर से सरपंच बनने की तैयारी में था विजय बाजिया
विजय बाजिया की कहानी का एक दिलचस्प पहलू यह भी सामने आया है कि वह अपराध की दुनिया के साथ-साथ राजनीति में भी अपनी जमीन तलाश रहा था. हाल ही में उसने खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू की थी. इसके लिए उसने इलाके में पोस्टर लगवाए थे और सोशल मीडिया के जरिए भी प्रचार कर रहा था. पोस्टरों में उसने गांव के विकास से जुड़े कई वादे किए थे. हालांकि, उसकी आपराधिक छवि और दर्ज मुकदमों के चलते गांव में ही उसका विरोध शुरू हो गया. ग्रामीणों ने उसे चुनाव मैदान में उतरने नहीं दिया. यानी एक तरफ विजय सरपंच बनने का सपना देख रहा था, तो दूसरी तरफ उसका आपराधिक अतीत और इलाके में कायम दबदबा लगातार विवादों की वजह बना हुआ था.

लोगों को देता था हत्या की धमकी, कहता था- तीसरी हत्या भी कर दूंगा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विजय बाजिया के नाम से इलाके में लोग खौफ खाते थे. प्रॉपर्टी विवादों के दौरान उसकी धमकियों से लोग पीछे हट जाते थे. वह कथित तौर पर खुलेआम कहता था कि दो हत्याएं कर चुका हूं, तीसरी भी कर दूंगा. मेरा क्या बिगाड़ लोगे, मुझे फांसी तो होगी नहीं.

पुलिस जांच में उसके आपराधिक वर्चस्व, पारिवारिक दुश्मनी, प्रॉपर्टी विवाद और बदले की भावना जैसे कई पहलू सामने आए हैं. एक तरफ विजय का इलाके में दबदबा था, तो दूसरी तरफ उसके खिलाफ हत्या सहित 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे.

गाड़ी के नंबर से भी दिखाता था दबंगई
विजय की दबंगई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने अपनी गाड़ी का नंबर भी हत्या की धारा 302 से जोड़ते हुए 0302 रख रखा था. बताया जा रहा है कि वह इस नंबर के जरिए भी लोगों पर अपना खौफ जमाता था. पुलिस के अनुसार, विजय के संबंध कई गैंग से भी थे. इलाके में प्रॉपर्टी विवाद, कब्जे और आपसी रंजिश के मामलों में उसका नाम सामने आता रहा था.

उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर ग्रुप 5600 और ब्रो ग्रुप 1507 जैसे ग्रुप दिखाई दे रहे हैं. वह सोशल मीडिया पोस्ट में दुश्मनी, बदला, दुश्मनों के लिए चेतावनी, जान का खतरा और खून जैसी टिप्पणियां भी डाला करता था.

यह भी पढे़ं- सास को देखने अस्पताल पहुंचा था दामाद, साले ने चाकू घोंपकर कर दी जीजा की हत्या, जानें वजह

15 मुकदमे दर्ज, दो हत्या के मामलों में भी था नाम
विजय बाजिया का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा था. उसके खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में कुल 15 मुकदमे दर्ज थे. इनमें दो हत्या के मामले भी शामिल थे. वह पिछले करीब 10 साल से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच में वारदात की पूरी साजिश, हत्या की प्लानिंग, घटनाक्रम और अन्य संभावित पहलुओं का पता लगाया जा रहा है.

कई सवाल छोड़ गई विजय बाजिया की हत्या
इस हत्याकांड ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सात साल पुरानी रंजिश आखिर किस तरह दोबारा भड़क उठी? क्या हत्या की साजिश पहले से तैयार की गई थी? क्या विजय बाजिया को अपनी जान का खतरा था? क्या आपराधिक वर्चस्व और प्रॉपर्टी विवाद भी इस खूनी संघर्ष की वजह बने? पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES