सांगानेर एलिवेटेड रोड का रास्ता होगा साफ: 600 निर्माणों का सर्वे कराएगा JDA, जानें पूरा डिजाइन
जयपुर में सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को लेकर JDA 600 प्रभावित निर्माणों का वृहद सर्वे कराएगा. इसके दायरे में मकान, दुकान और 6 धार्मिक स्थल शामिल हैं. सर्वे में पता लगाया जाएगा कि कौनसे निर्माण पूरी तरह और कौनसे आंशिक रूप से प्रभावित होंगे.
राजस्थान की राजधानी जयपुर में सांगानेर फ्लाई ओवर से मालपुरा गेट तक का सफर आसान बनाने के लिए प्रस्तावित एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. इस प्रोजेक्ट के दायरे में आ रहे करीब 600 निर्माणों का जेडीए की ओर से वृहत तौर सर्वे कराया जाएगा.
सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक बनेगी एलिवेटेड रोड
राज्य सरकार की ओर से वर्ष 2024-25 में पेश किए गए पहले पूर्ण बजट में सांगानेर क्षेत्र में एलिवेटेड रोड निर्माण की घोषणा की गई थी. पहले इस एलिवेटेड रोड का निर्माण सांगानेर फ्लाईओवर से लेकर चौरड़िया पेट्रोल पंप तक ही किया जाना था, लेकिन यातायात की महती आवश्यकता को देखते हुए एलिवेटेड रोड को मालपुरा गेट से आगे उतारने का फैसला किया गया. इसके बाद निविदा जारी की गई, लेकिन पहली बार जारी की निविदा में दर अधिक आने के चलते उसे निरस्त किया गया.
दूसरी निविदा के बाद चयनित फर्म को जारी किया गया कार्यादेश
दूसरी बार जारी की गई निविदा के बाद जेडीए की ओर से निविदा में चयनित फर्म को कार्यादेश जारी कर दिया गया. जेडीए की ओर से इस प्रोजेक्ट के दायरे में आ रहे मकान, दुकान व धार्मिक स्थलों को लेकर सर्वे कराया गया था. इस सर्वे के मुताबिक, करीब 600 निर्माण इस प्रोजेक्ट के दायरे में आ रहे हैं. इस मामले को लेकर हाल ही में जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में बैठक हुई थी. बैठक में जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की ओर से प्रभावित निर्माणों का वृहद सर्वे कराने के निर्देश दिए गए.
यह भी पढे़ं- 764 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा IPD टावर: दिसंबर 2027 तक प्रोजेक्ट पूरा करने का लक्ष्य
एलिवेटेड रोड का ऐसा होगा डिजाइन
सांगानेर फ्लाई ओवर से लेकर चौरड़िया पेट्रोल पंप तक यह एलिवेटेड रोड चार लेन चौड़ी होगी. एक तरफ दो लेन फ्लाई ओवर से पेट्रोल पंप तक जाने के लिए और दूसरी तरफ दो लेन पेट्रोल पंप से फ्लाई ओवर की तरफ जाने के लिए होगी. फ्लाई ओवर से करीब 100 मीटर दूरी पर यहां से पेट्रोल पंप की तरफ जाने के लिए वाहन एलिवेटेड रोड के रैंप पर चढ़ेंगे. यहीं से कुछ ही दूरी पर पेट्रोल पंप की तरफ से आने वाले वाहनों के उतरने के लिए एलिवेटेड रोड का रैंप होगा.
यह एलिवेटेड रोड पेट्रोल पंप तिराहे तक पहुंचने पर दो भागों में बंट जाएगी. यहां से बायीं तरफ मुड़कर दो लेन की एलिवेटेड रोड मालपुरा गेट को क्रॉस करते हुए आगे उतरेगी. इसी तरह दायी तरफ मुड़कर न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज से पहले उतरेगी. न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज से पेट्रोल पंप की तरफ जाने पर कुछ आगे ही इसी एलिवेटेड रोड का रैंप होगा. इस रैंप पर चढ़कर वाहन चालक इस एलिवेटेड रोड के माध्यम से सांगानेर फ्लाईओवर के नजदीक उतर सकेंगे. इस तरह गोपालपुरा फ्लाईओवर के पास से वाहन इस एलिवेटेड रोड के माध्यम से मालपुरा गेट और न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज दोनों तरफ जा सकेंगे. इस एलिवेटेड रोड से वाहन चालकों को केवल मालपुरा गेट से आगे तक जाने की सुविधा मिलेगी.
मालपुरा गेट से फ्लाईओवर की तरफ एलिवेटेड रोड से जाने के लिए सुविधा नहीं होगी. मालपुरा गेट से पेट्रोल पंप व फ्लाई ओवर तक वाहन चालकों को मौजूदा सड़क से ही आना होगा. जबकि न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज के पास से वाहन चालक एलिवेटेड रोड से फ्लाईओवर तक जा सकेंगे. सांगा सेतु पुलिया से लेकर चौरड़िया पेट्रोल पंप तक कम चौड़ी सड़क के कारण अक्सर जाम की स्थिति रहती है. सांगानेर फ्लाई ओवर से लेकर चौरड़िया पेट्रोल पंप तक आधे दर्जन से अधिक छोटे-बड़े जंक्शन है. एलिवेटेड रोड के निर्माण के बाद वाहन चालक आसानी से टोंक रोड से चौरड़िया पेट्रोल पंप होते हुए न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज और चौरड़िया पेट्रोल पंप होते मालपुरा गेट तक जा सकेंगे.
यह भी पढे़ं- राजस्थान में 2.61 लाख करोड़ की केंद्रीय परियोजनाओं पर काम जारी, 29 प्रोजेक्ट 80 प्रतिशत से ज्यादा पूरे
सांगानेर सड़क प्रोजेक्ट से करीब 600 निर्माण होंगे प्रभावित
सांगानेर फ्लाई ओवर से लेकर सांगा सेतु पुलिया तक सड़क मास्टर प्लान में 120 फीट चौड़ी है. सांगा सेतु पुलिया से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक यह सड़क मास्टर प्लान में 100 फीट चौड़ी है. सांगा सेतु पुलिया से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक सड़क मौके पर महज 60 से 70 फीट ही चौड़ी है. इसी तरह पेट्रोल पंप से लेकर मालपुरा गेट तक 100 फीट व आगे रेलवे लाइन तक 160 फीट चौड़ी है.
पेट्रोल पंप से लेकर कल्याणपुरा रेलवे ओवरब्रिज तक सड़क मास्टर प्लान में 100 फीट चौड़ी है, लेकिन मास्टर प्लान में तय चौड़ाई के मुकाबले मौके पर यह सड़क कम चौड़ी है. प्रोजेक्ट के लिए जेडीए के कराए सर्वे के सड़कों के दोनों तरफ 16 हजार 624 वर्गमीट भूमि की जरूरत है. टोंक रोड से पेट्रोल पंप तक दोनों तरफ 335 निर्माण, पंप से न्यू सांगानेर रोड की तरफ 30 निर्माण और पेट्रोल पंप से मालपुरा गेट तक 275 निर्माण इस प्रोजेक्ट से प्रभावित हैं. इन कुल करीब 600 निर्माण में अधिकतर दुकानें हैं और छह धार्मिक स्थल हैं.
मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में प्रस्तावित इस प्रोजेक्ट के प्रभावित लोगों को लेकर राज्य सरकार संवदेनशील है. इसी के चलते जेडीए ने इन प्रभावित निर्माणों को वृहद सर्वे कराने का फैसला किया है. वृहद सर्वे में पता लगाया जाएगा कि कौनसा निर्माण कितनी गहराई तक प्रभावित हो रहा है.
कितने निर्माणों को पूरी तरह तोड़ा जाना है. जरूरी अथवा कितने निर्माण आंशिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं. यह पता लगाने के बाद ही प्रोजेक्ट से प्रभावित लोगों की वास्तविक स्थिति का आकलन हो सकेगा. जानकार सूत्रों के अनुसार, इस सर्वे रिपोर्ट पर जेडीए व CMO के अधिकारियों के बीच चर्चा होगी. इसके बाद ही इन निर्माणों को लेकर जेडीए आगे फैसला करेगा. इस महीने में ही यह वृहद सर्वे पूरा होने की उम्मीद है.