App

जयपुर का मशहूर ‘रावत मिष्ठान भंडार’ हुआ सील ! मिठाइयों के नीचे मिले मरे कॉकरोच-मक्खियां

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जयपुर में रावत मिष्ठान भंडार के अजमेर रोड और नारायण सिंह सर्किल स्थित दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की.

जयपुर का मशहूर ‘रावत मिष्ठान भंडार’ हुआ सील ! मिठाइयों के नीचे मिले मरे कॉकरोच-मक्खियां
Image Credit: Rawat Misthan Bhandar Food Safety Raid Jaipur

केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. यहां खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी कई कमियां मिलीं. कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के कुल 3 नमूने जांच के लिए लिए गए और करीब 36 प्रकार की एक्सपायर्ड और अखाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई गई. अनियमितताओं को लेकर दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना जारी की जाएगी.

अजमेर रोड प्रतिष्ठान पर मिठाइयों पर जरूरी जानकारी नहीं मिली
अजमेर रोड स्थित प्रतिष्ठान पर बिक्री काउंटर और चिलर में रखी पैक्ड मिठाइयों पर पैकिंग और एक्सपायरी तारीख सहित जरूरी जानकारी अंकित नहीं मिली. तैयार खाद्य पदार्थों पर भी जरूरी जानकारी नहीं था. टीम ने जांच के लिए केसर पिस्ता बर्फी का नमूना लिया.  जांच के दौरान बेकरी काउंटर के नीचे मरे कॉकरोच और मक्खियां मिलीं. फर्श पर खाद्य पदार्थों के अवशेष और गंदगी पाई गई. कच्चे माल के भंडारण क्षेत्र में भी कीटों से जुड़ी कमियां मिलीं. राज कचौरी और दही पूरी जैसे खाद्य पदार्थों को अखबार पर रखकर परोसा जा रहा था.

Rawat Misthan Bhandar Food Safety Raid Jaipur

कोल्ड स्टोरेज में रावत मिष्ठान भंडार के नाम से बने और पैक किए गए हेजलनट मिल्क और रोस्टेड चोको आलमंड हैंडक्राफ्टेड चॉकलेट में जिंदा और मरे कीट मिले. इन उत्पादों के पैकेट पर भी खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के मुताबिक जरूरी जानकारी पूरी नहीं थी.

नारायण सिंह सर्किल पर बिना लाइसेंस चल रहा था रेस्टोरेंट
नारायण सिंह सर्किल पर बिना वैध खाद्य लाइसेंस के रेस्टोरेंट चलता मिला. यहां पिज्जा टॉपिंग, ब्रेड, पाव, फ्रूट कॉकटेल, एमडीएच चना मसाला, बेबी कॉर्न, रेड चिली सॉस, ग्रीन टी, स्वीट कॉर्न और क्रीम सहित कई एक्सपायर्ड सामान मिला. इनका उपयोग खाद्य पदार्थ बनाने में किया जा रहा था.

जांच में ये भी सामने आया कि रेस्टोरेंट चलाने, खाद्य पदार्थों की दोबारा पैकिंग करने और समोसा-कचौरी बनाने के लिए जरूरी श्रेणी का वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं था. इस पर टीम ने रेस्टोरेंट तत्काल बंद करवाया. और निर्देश दिए कि संबंधित गतिविधियों के लिए वैध लाइसेंस मिलने तक रेस्टोरेंट का संचालन, समोसा-कचौरी निर्माण और खाद्य पदार्थों की दोबारा पैकिंग नहीं की जाए. यहां से एक्सोटिक डार्क चॉकलेटियर चॉकलेट और काजू पिस्ता रोल के दो नमूने जांच के लिए लिए गए. जांच के दौरान मिली एक्सपॉयर्ड सामग्री को नष्ट कराया गया.

विभाग की ओर से दोनों प्रतिष्ठानों में मिली कमियों के बारे में नियमानुसार सुधार सूचना जारी की जाएगी. खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के सभी जरूरी मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग ने साफ किया है कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ashutosh Sharma

Ashutosh Sharma

आशुतोष शर्मा वर्ष 2011 से मुख्यधारा की मीडिया में सक्रिय एक वरिष्ठ पत्रकार हैं. डेढ़ दशक से अधिक के अपने समृद्ध पत्रकारिता करियर में उन्होंने इंडिया न्यूज़,ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ नेशन जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों के साथ काम किया है. वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और राजधानी जयपुर से राज्य के महत्वपूर्ण विषयों को कवर कर रहे हैं.उनकी मुख्य विशेषज्ञता राजस्थान की राजनीति,प्रशासनिक फैसलों,चुनाव और जनहित के मुद्दों के साथ-साथ अपराध और कानून-व्यवस्था की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग में है. पुलिस मुख्यालय (PHQ), जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े बड़े व चर्चित मामलों की एक्सक्लूसिव कवरेज उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. ब्रेकअप न्यूज़,गहन राजनीतिक विश्लेषण और एक्सक्लूसिव क्राइम स्टोरीज़ के ज़रिए आशुतोष शर्मा ने राजस्थान मीडिया जगत में अपनी एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पहचान बनाई है.
Read More