एक भी वोट नहीं पड़ेगा: जयपुर के गांव का बड़ा फैसला, परिसीमन के गुस्से में 898 ग्रामीणों ने छोड़ा पोलिंग बूथ
जयपुर के पूठ का बास गांव में पंचायत परिसीमन से नाराज 898 मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया. वहीं, जिले में सुबह 10 बजे तक 19.83 फीसदी मतदान दर्ज किया गया.
राजस्थान में पंचायत चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार को गांवों की सरकार चुनने के लिए मतदान जारी है. जयपुर जिले की 5 पंचायत समितियों की 112 ग्राम पंचायतों में सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है. इसी बीच पंचायतों के परिसीमन से नाराज ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया. जयपुर के पूठ का बास गांव के 898 मतदाताओं ने चुनाव प्रक्रिया से दूरी बनाते हुए वोट नहीं डालने का फैसला किया है.
ग्राम पंचायत बदलने से नाराज ग्रामीण
दरअसल, पूठ का बास गांव पहले मानपुरा माचेड़ी ग्राम पंचायत का राजस्व ग्राम था. हाल ही में हुए पंचायतों के परिसीमन के दौरान इस गांव को मानपुरा माचेड़ी से हटाकर नई कांट ग्राम पंचायत में शामिल कर दिया गया. ग्रामीण इस फैसले से नाराज हैं. उनका कहना है कि बिना उनकी सहमति के गांव की ग्राम पंचायत बदल दी गई.
इसी फैसले के विरोध में ग्रामीणों ने मतदान नहीं करने का ऐलान किया. गांव में वार्ड पंच के लिए तीन वार्ड निर्धारित हैं. वहीं, कांट पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतदान केंद्र बनाया गया है. इसके बावजूद पूठ का बास के ग्रामीणों ने मतदान केंद्र पर जाकर वोट डालने से दूरी बनाए रखी. गांव के कुल 898 मतदाताओं ने चुनाव का बहिष्कार किया.
यह भी पढ़ें- डूंगरपुर पंचायत चुनाव: वोटिंग के दौरान दिखी इंसानियत की मिसाल, दिव्यांग भाई का फर्ज देख हर कोई रह गया दंग
जयपुर में सुबह 10 बजे तक 19.83 फीसदी मतदान
एक ओर पूठ का बास में ग्रामीण परिसीमन के विरोध में मतदान से दूर रहे, वहीं जिले की अन्य पंचायतों में वोटिंग को लेकर उत्साह नजर आया. जयपुर जिले में सुबह 10 बजे तक कुल 19.83 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. इस दौरान 75 हजार 17 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.
जिले की पांच पंचायत समितियों की 112 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जा रहा है. मतदान प्रतिशत के मामले में रामपुरा डाबड़ी सबसे आगे रहा. यहां सुबह 10 बजे तक 21.33 फीसदी वोटिंग हुई. शाहपुरा पंचायत समिति में 20.68 फीसदी, जालसू में 19.79 फीसदी और अमरसर में 19.37 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. वहीं, आमेर पंचायत समिति में सबसे कम 18.71 फीसदी वोटिंग हुई.
पांच पंचायत समितियों में मतदान के आंकड़े
सुबह 10 बजे तक रामपुरा डाबड़ी में 15 हजार 228, आमेर में 20 हजार 206, अमरसर में 13 हजार 902, जालसू में 13 हजार 863 और शाहपुरा में 11 हजार 818 मतदाताओं ने वोट डाले.
जयपुर जिले में कुल 3 लाख 78 हजार 364 मतदाता हैं. जिले के एक मतदान केंद्र पर सुबह 7:45 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई. गांव की सरकार चुनने के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है.