)
जयपुर में गांव की सरकार चुनने के लिए लोकतंत्र का महापर्व पूरा हो गया है. चार चरणों में 13 लाख 35 हजार से ज्यादा मतदाताओं ने ईवीएम का बटन दबाया. कहीं पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में उत्साह दिखा, तो कहीं बुजुर्ग लाठी के सहारे और महिलाएं घूंघट की ओट में मतदान करने पहुंचीं. जिले में 70.14 फीसदी मतदान हुआ और महिलाओं ने मतदान प्रतिशत में पुरुषों को पीछे छोड़ दिया. अब जिला परिषद और पंचायत समितियों के 1291 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद है. 20 नवंबर को भवानी निकेतन में मतगणना के साथ तय होगा कि गांव की सत्ता की चाबी किसके हाथ लगेगी.
लोकतंत्र के महापर्व में जयपुर के गांवों ने अपनी भागीदारी की नई तस्वीर पेश की है. कहीं पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं के चेहरों पर उत्साह दिखाई दिया, तो कहीं उम्र के आखिरी पड़ाव पर पहुंचे बुजुर्ग लाठी के सहारे मतदान केंद्रों तक पहुंचे. घूंघट की ओट में ग्रामीण महिलाओं ने भी घर की चौखट लांघकर ईवीएम का बटन दबाया. गांव की सरकार चुनने के लिए चार चरणों में हुए पंचायतीराज चुनाव में जिले के 19 लाख 4 हजार 100 मतदाताओं में से 13 लाख 35 हजार 492 ने मतदान किया. कुल मतदान प्रतिशत 70.14 रहा.
जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों के 386 वार्ड और जिला परिषद के 57 वार्डों में मतदान संपन्न हो गया है. जिला परिषद के 154 और पंचायत समिति सदस्य पदों के 1137 सहित कुल 1291 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है. अब 20 नवंबर को भवानी निकेतन में मतगणना के साथ तय होगा कि गांव की सरकार में किसे प्रतिनिधित्व मिलेगा. चार चरणों के मतदान के आंकड़ों का विश्लेषण बताता है कि तीसरे चरण में सबसे ज्यादा 72.85 प्रतिशत मतदान हुआ. पहले चरण में 68.28 प्रतिशत मतदान के मुकाबले तीसरे चरण में 4.57 प्रतिशत अंक अधिक वोट पड़े. चौथे चरण में मतदान 71.68 प्रतिशत रहा. खास बात यह रही कि जिले में कुल मतदान प्रतिशत के मामले में महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया.
चार चरणों में मतदान का पूरा गणित

1. तीसरे चरण में सबसे ज्यादा मतदान, पहले में सबसे कम
तीसरे चरण में चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर पंचायत समितियों में 72.85 प्रतिशत मतदान हुआ। यह चारों चरणों में सर्वाधिक रहा. इसके विपरीत पहले चरण में आठ पंचायत समितियों में 68.28 प्रतिशत मतदान हुआ. दोनों के बीच 4.57 प्रतिशत अंक का अंतर रहा.
2. पहले से तीसरे चरण तक लगातार बढ़ा मतदान
पहले चरण में 68.28 प्रतिशत मतदान हुआ. दूसरे चरण में यह 1.16 प्रतिशत अंक बढ़कर 69.44 प्रतिशत पहुंचा. तीसरे चरण में दूसरे के मुकाबले 3.41 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई. चौथे चरण में मतदान तीसरे से 1.17 प्रतिशत अंक घटकर 71.68 प्रतिशत रह गया. हालांकि चौथे चरण का मतदान पहले दो चरणों से अधिक रहा.
3. महिलाओं ने मतदान प्रतिशत में पुरुषों को पछाड़ा
जिले में 9 लाख 16 हजार 734 महिला मतदाताओं में से 6 लाख 43 हजार 941 ने मतदान किया. महिलाओं का मतदान प्रतिशत 70.24 रहा. वहीं 9 लाख 87 हजार 364 पुरुष मतदाताओं में से 6 लाख 91 हजार 550 ने वोट डाले. पुरुषों का मतदान प्रतिशत 70.04 रहा. इस तरह महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से 0.20 प्रतिशत अंक अधिक रही.
4. पहले दो चरणों में महिलाओं की बढ़त, अंतिम दो में पुरुष आगे
पहले चरण में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 69.26 और पुरुषों का 67.36 रहा. दूसरे चरण में भी महिलाएं 70.15 प्रतिशत के साथ पुरुषों के 68.79 प्रतिशत से आगे रहीं. हालांकि तीसरे चरण में पुरुषों का मतदान 73.67 और महिलाओं का 71.98 प्रतिशत रहा. चौथे चरण में पुरुषों ने 72.74 और महिलाओं ने 70.52 प्रतिशत मतदान किया.
5. करीब 5.69 लाख मतदाताओं ने नहीं डाला वोट
चारों चरणों में कुल 19 लाख 4 हजार 100 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 13 लाख 35 हजार 492 ने मतदान किया, जबकि 5 लाख 68 हजार 608 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं किया यानी करीब 29.86 प्रतिशत मतदाता मतदान केंद्रों तक नहीं पहुंचे.
बहरहाल, जयपुर के गांवों में लोकतंत्र का उत्सव तो खत्म हो गया लेकिन उम्मीदों का इम्तिहान अभी बाकी है. कहीं पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के सपने थे तो कहीं लाठी के सहारे पहुंचे बुजुर्गों का अनुभव. घूंघट की ओट से निकली महिलाओं ने भी ईवीएम का बटन दबाकर अपनी ताकत दिखाई. सवाल सिर्फ ये नहीं कि गांव की सरकार किसकी बनेगी? बड़ा सवाल ये है कि क्या नई सरकार गांव की टूटी सड़कें, सूखे नल और अधूरे विकास के वादों की तस्वीर बदल पाएगी क्योंकि वोट तो पड़ चुका है. अब बारी वादों को निभाने की है.