)
जाने-माने डायरेक्टर और राइटर इम्तियाज अली की पिछली फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' बॉक्स ऑफिस पर काफी हिट साबित हुई थी. फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. हाल ही में इम्तियाज एक समिट का हिस्सा बने. इस दौरान उन्होंने दर्शकों के बदलते टेस्ट के बारे में बात की. इतना ही नहीं, इम्तियाज अली और एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने प्रेम कहानियों, बदलते ट्रेंड्स और कभी-कभी नियमों को तोड़ने की ताकत पर खुलकर चर्चा की.
वहीं, इम्तियाज अली ने बताया कि लोगों का ध्यान केंद्रित करने का अटेंशन स्पैन बदल रहा है. 'हम सभी यही सोच रहे हैं, आखिर क्या चलेगा?' उन्होंने आगे कहा कि दूसरी तरफ, डिस्ट्रीब्यूटर्स देख रहे हैं कि दर्शकों की पसंद कितनी अलग-अलग हो गई है. जो लोग फिल्म 'रामायण' देखते हैं, वे इंडिपेंडेंट फिल्म 'पायर' (Pyre) भी देखना चाहेंगे. डिस्ट्रीब्यूटर्स यह बात जानते हैं.

इम्तियाज अली ने कहा कि इससे यह हिसाब लगाना और भी मुश्किल हो गया है कि क्या चलेगा और कैसे चलेगा. जून में उन्होंने अपनी 10वीं निर्देशित फीचर फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' रिलीज की, जो बंटवारे की कहानी पर आधारित एक प्रेम कहानी है और इसे काफी तारीफ मिली. क्या उन्हें रिलीज से पहले इस बात की चिंता थी कि युवा दर्शक शायद इससे खुद को न जोड़ पाएं? उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी कोई चिंता नहीं थी. अली ने कहा कि भारत को ऐसी कहानियां पसंद हैं, जिनमें गहरी भावनाएं हों.
उन्होंने आगे कहा कि किसी खास दर्शक वर्ग को लुभाने की कोशिश करने के बजाय, 'हमें खुद से पूछना चाहिए कि हम कौन-सी कहानी सुना सकते हैं और फिर उसे सुनाने की कोशिश करनी चाहिए.' उन्होंने कहा कि पैटर्न की तलाश करना बंद करें, यह हमारे समय का एक अजीब-सा जुनून बन गया है. कभी-कभी बिना किसी तय पैटर्न के काम करना भी असरदार होता है. फिल्म इंडस्ट्री अब इसी ढर्रे को तोड़ने की कोशिश कर रही है.
अपनी हालिया फिल्म के बारे में बात करते हुए, अली ने बंटवारे की भयावहता को सामने लाने के महत्व पर जोर दिया. खासकर उस तीसरी पीढ़ी के नजरिए से, जो अब इस इतिहास को समझने और उससे गुजरने की कोशिश कर रही है. अली ने बताया कि ऐसा नहीं है कि सिर्फ एक खास उम्र के लोग ही दमदार कहानियों से जुड़ते हैं. खासकर युवा पीढ़ी बड़े प्यार और बड़े नुकसान वाली कहानियों से गहराई से जुड़ती है, क्योंकि वे फिल्मों में ऐसी कहानियां देखते हैं और किताबों में पढ़ते हैं, जबकि उनकी अपनी युवा जिंदगी में शायद ही ऐसे बड़े अनुभव होते हैं. वे इन कहानियों से उस तरह जुड़ सकते हैं, जैसे शायद पिछली पीढ़ियां नहीं जुड़ पातीं.
अली ने बताया कि उनका अगला प्रोजेक्ट भी एक बेहद निजी कहानी है, जो अलग हो रहे एक जोड़े के बीच पनपने वाले लगाव के बारे में है.