SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर में शातिर नकबजन गिरोह का पर्दाफाश: 60 लाख के माल के साथ 3 बदमाश गिरफ्तार, दिन में करते थे रेकी!

Jaipur News: जयपुर पश्चिम पुलिस ने गोदामों में नकबजनी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. हरमाड़ा में 60 लाख के सामान और करणी विहार में 7000 मीटर कॉपर केबल की चोरी का खुलासा हुआ. आरोपी दिन में रेकी और रात में वारदात करते थे.

Written By Vishnu Prakash Sharma
Published: Sep 19, 2026, 07:11 AM IST | Updated: Sep 19, 2026, 07:16 AM IST
Image Credit: जयपुर में गोदाम चोर गिरोह का पर्दाफाश.
Join

Jaipur News: जयपुर में गोदामों के ताले तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी करने वाले नकबजन गिरोह का जयपुर पश्चिम पुलिस ने पर्दाफाश किया है. हरमाड़ा और करणी विहार थाना इलाके में गोदामों को निशाना बनाने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी दिन में गोदामों और दुकानों की रेकी करते थे और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. वारदात के दौरान मुख्य रास्तों की जगह गलियों का इस्तेमाल किया जाता था, ताकि CCTV कैमरों से बचा जा सके. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने आधा दर्जन से अधिक वारदातें करना कबूल किया है. पुलिस को जयपुर और आसपास के इलाकों में हुई अन्य चोरी की वारदातें भी खुलने की संभावना है.

हरमाड़ा में 60 लाख रुपये के सामान की नकबजनी
पुलिस के अनुसार हरमाड़ा थाना इलाके में BRN रोड लाइंस कंपनी के गोदाम को बदमाशों ने निशाना बनाया था. आरोपियों ने गोदाम का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा करीब 60 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया. चोरी किए गए सामान में गाड़ियों के पार्ट्स, गियर, अल्टीनेटर, मोटर, कॉपर वायर, कम्प्रेसर, बैट्री और अन्य सामान शामिल था. बदमाश चोरी का सामान टेम्पो में भरकर ले गए थे.

पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज होने के बाद जांच शुरू की. वारदात के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसके साथ ही पुलिस ने पुराने चालानशुदा बदमाशों पर भी निगरानी शुरू कर दी.

करणी विहार में 7 कॉपर केबल बंडल चोरी
दूसरी वारदात करणी विहार थाना इलाके में हुई. यहां एक गोदाम से बदमाश 7 कॉपर केबल बंडल चोरी कर ले गए. पुलिस के मुताबिक एक बंडल में करीब एक हजार मीटर कॉपर केबल थी. इस तरह कुल करीब 7 हजार मीटर कॉपर केबल चोरी हुई.

इस वारदात की CCTV फुटेज भी सामने आई थी. इसमें तीन से चार बदमाश पिकअप वाहन से गोदाम के पास पहुंचते और कॉपर केबल के बंडल ले जाते दिखाई दिए. दोनों मामलों की जांच के लिए जयपुर पश्चिम पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी.

भूरा, तसलीम और कुलदीप गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को भूरा, तसलीम उर्फ कलीम और कुलदीप के वारदात में शामिल होने का इनपुट मिला. पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी अपने ठिकानों से गायब हो गए थे और उत्तर प्रदेश में जाकर रहने लगे थे.

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भूरा और तसलीम उर्फ कलीम को नांगल जैसा बोहरा इलाके से गिरफ्तार किया. वहीं कुलदीप को दादी का फाटक से पकड़ा गया. पुलिस अब आरोपियों से चोरी के सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है. साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले कबाडियों का भी पता लगाया जा रहा है. पुलिस के अनुसार उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

दिन में रेकी, रात में गोदामों के ताले तोड़ते थे
डीसीपी वेस्ट जयपुर प्रशांत किरण की पूछताछ में आरोपियों के वारदात करने का तरीका सामने आया है. आरोपी दिन में कॉलोनियों, दुकानों और गोदामों की रेकी करते थे. जहां महंगा सामान दिखाई देता, वहां निगरानी कर रात में वारदात के लिए रास्ता तय किया जाता था.

रात में बदमाश गोदाम पर पहुंचते और ताला तोड़कर अंदर दाखिल होते थे. चोरी का सामान निकालने के बाद गोदाम का गेट दोबारा बंद कर देते थे, ताकि आसपास रहने वाले लोगों को चोरी की भनक न लगे. पुलिस के मुताबिक आरोपी मुख्य रास्तों को छोड़कर गलियों का इस्तेमाल करते थे, जिससे CCTV कैमरों से बचा जा सके.

तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया गया है. भूरा की उम्र 35 साल है. वह मूलत: यूपी के शाहरनपुर के गंगोड़ का निवासी है और संजय नगर झोटवाड़ा में किराए पर रह रहा था. उसके खिलाफ करधनी और झोटवाड़ा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं.

तसलीम उर्फ कलीम की उम्र भी 35 साल है. वह मूलत: देवबंद, यूपी का निवासी है और शिवपुरी झोटवाड़ा में किराए पर रह रहा था. उसके खिलाफ झोटवाड़ा और करधनी थाने में मामले दर्ज बताए गए हैं. तीसरा आरोपी कुलदीप 27 साल का है. वह मूलत: महेंद्रगढ़, हरियाणा का निवासी है और जोशी मार्ग झोटवाड़ा में किराए पर रह रहा था.

अन्य वारदातें खुलने की संभावना
जयपुर पश्चिम पुलिस का दावा है कि आरोपियों से पूछताछ में शहर और आसपास के इलाकों में हुई कई नकबजनी की वारदातों का खुलासा हो सकता है. फिलहाल पुलिस चोरी किए गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है. इसके साथ ही गिरोह में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश भी की जा रही है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES