गणेश चतुर्थी पर जयपुर में ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्तों पर नो-व्हीकल जोन, पार्किंग से मिलेगी बस-ई-रिक्शा सेवा
Jaipur Route Diversion: जयपुर में गणेश चतुर्थी पर घर-घर गणपति की स्थापना हो रही है. मोतीडूंगरी समेत गणेश मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मोतीडूंगरी गणेश मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की. भीड़ को देखते हुए शहर में ट्रैफिक डायवर्जन और नो-व्हीकल जोन लागू किए गए हैं.
Moti Dungri Temple: जयपुर में गणेश चतुर्थी का महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. घर-घर प्रथम पूज्य गणपति की स्थापना होगी. गणेश मंदिरों से लेकर शहर की सड़कों तक उत्सव का माहौल है. सात साल बाद सोमवार को गणेश चतुर्थी का संयोग बना है. चित्रा-स्वाति नक्षत्र, ब्रह्म और ऐंद्र योग में प्रथम पूज्य का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है.
11:09 बजे से बप्पा का शुभ समय
गणपति स्थापना और पूजन के लिए वृश्चिक लग्न को सबसे श्रेष्ठ बताया गया है. सुबह 11:09 बजे से दोपहर 1:21 बजे तक स्थापना और पूजन का सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त रहेगा. वहीं, मध्यान्ह काल सुबह 11:09 बजे से दोपहर 1:36 बजे तक रहेगा. शास्त्रानुसार मध्यान्ह काल और वृश्चिक लग्न में गणेश पूजन विशेष फलदायी माना गया है. सुबह 9:19 बजे से 10:51 बजे तक शुभ चौघड़िया रहेगा. इसके बाद दोपहर 1:51 बजे से शाम 6:30 बजे तक चर, लाभ और अमृत का चौघड़िया रहेगा. ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक गणेश चतुर्थी पर पूजा-अर्चना के साथ नई वस्तुओं की खरीदारी भी शुभ रहेगी. 11:09 बजे से स्थापना-पूजन के लिए 2 घंटे 12 मिनट का श्रेष्ठ मुहूर्त रहेगा.
मोतीडूंगरी मंदिर में भक्तों का मेला
मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में देर रात से ही भक्तों का मेला लगा हुआ है. गजानन को 14 किलो वजनी स्वर्ण मुकुट पहनाकर चांदी के सिंहासन पर विराजमान किया गया है. मुकुट में करीब एक किलो सोना-चांदी और नवरत्नों की जड़ाई है. मोती, सोना, पन्ना और माणक के भाव दर्शाता नौलखा हार भी शृंगार का आकर्षण बना हुआ है. मुंबई की तर्ज पर रंग-बिरंगी रोशनी से मोतीडूंगरी मंदिर को सजाया गया है. दिनभर श्रद्धालुओं को प्रथम पूज्य के दर्शन होंगे.
शहरभर में गणेशोत्सव की धूम
बड़ी चौपड़ के ध्वजाधीश गणेश से लेकर काले गणेशजी तक जन्मोत्सव की धूम है. सी-स्कीम से वैशाली नगर, जगतपुरा, राजापार्क और मालवीय नगर तक महाराष्ट्र की तर्ज पर गणेशोत्सव मनाया जा रहा है. अपार्टमेंट और सोसायटियों में भी बप्पा की स्थापना की जा रही है.
भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था
गणेश मंदिरों में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था की है. मोतीडूंगरी गणेश मंदिर के आसपास कल से ही नो-व्हीकल जोन रखा गया है. शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जा रहा है और कई जगहों पर नो-पार्किंग व्यवस्था है. ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए QR कोड की सुविधा भी रखी है, जिससे पार्किंग और यातायात की स्थिति की जानकारी ली जा सकती है.
रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग और राज विवि पार्किंग के उपयोग की अपील की गई है. पार्किंग स्थलों से मंदिर तक बस सेवा और निःशुल्क ई-रिक्शा की सुविधा भी उपलब्ध है. रामबाग से JDA चौराहा, त्रिमूर्ति सर्किल से राजा पार्क और पृथ्वीराज टी-पॉइंट से रामबाग समेत कई मार्गों पर नो-पार्किंग व्यवस्था रखी गई है.