SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

धनतेरस से भाईदूज तक: जयपुर में पांच दिन तक छाई रही खुशियों की रोशनी

पांच दिवसीय दीपोत्सव का समापन भाईदूज के साथ हुआ. धनतेरस, रूप चौदस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज के दौरान गुलाबीनगरी जयपुर रोशनी, आस्था और खुशियों से सराबोर रही. इस बार त्योहार की सबसे खूबसूरत तस्वीर परिवारों का एक साथ जुटना और रिश्तों में बढ़ती नजदीकियां रहीं. बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की.

Written By Deepak Goyal
Published: Nov 11, 2026, 06:03 PM IST | Updated: Nov 11, 2026, 06:11 PM IST
Image Credit: भाईदूज के तिलक के साथ थमा दीपोत्सव
Join

दीयों की जगमगाहट से शुरू हुआ खुशियों का सफर, भाई-बहन के अटूट प्रेम पर आकर पूरा हुआ. पांच दिन तक गुलाबीनगरी सिर्फ रोशनी से ही नहीं, बल्कि रिश्तों की मिठास से भी जगमगाती रही. कहीं लक्ष्मी पूजन से समृद्धि की कामना हुई, तो कहीं अन्नकूट में आस्था का रंग बिखरा और आज भाईदूज पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर लंबी उम्र की दुआ मांगी. इन पांच दिनों में सबसे खूबसूरत तस्वीर उन परिवारों की रही, जो सालभर की भागदौड़ के बाद एक छत के नीचे जुटे. गिले-शिकवे मिटे. रिश्तों की दूरियां सिमटीं और अपनों के साथ ने त्योहार की खुशियां दोगुनी कर दीं.

माथे पर रोली का तिलक, हाथों में पूजा की थाली, मिठाई की मिठास और भाई की लंबी उम्र की दुआ. ये तस्वीरें हैं भाईदूज की, जहां बहनों का स्नेह और भाइयों का प्यार एक बार फिर रिश्तों की डोर को मजबूत करता नजर आया. सुबह से ही बहनें भाईदूज की तैयारियों में जुट गई. कहीं बहनें मायके पहुंचीं तो कहीं भाई अपनी बहनों के घर पहुंचे. बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर आरती उतारी.

यह भी पढ़ेंः जेल की सलाखों के पीछे मना भाईदूज, भाइयों से मिलते ही छलक पड़े बहनों के आंसू!

भाईदूज पर तिलक और उपहारों के साथ रिश्तों में घुली मिठास
मिठाई खिलाई और सुख-समृद्धि के साथ दीर्घायु की कामना की. बदले में भाइयों ने उपहार देकर जीवनभर साथ निभाने का भरोसा दिलाया लेकिन इस बार भाईदूज की सबसे खूबसूरत बात सिर्फ तिलक और उपहार नहीं रहे बल्कि अपनों से मिलने की खुशी रही. किसी बहन को लंबे समय बाद भाई का साथ मिला, तो किसी परिवार में बरसों पुरानी यादें फिर ताजा हो गई. भाईदूज के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव का समापन जरूर हुआ लेकिन रिश्तों में घुली मिठास आने वाले दिनों तक बनी रहेगी. 

धनतेरस से भाईदूज तक पांच पर्वों ने बिखेरे खुशियों के रंग 
पांच दिन, पांच पर्व और खुशियों के अनगिनत रंग. धनतेरस पर समृद्धि की कामना के साथ शुरू हुआ दीपोत्सव, रूप चौदस पर घर-आंगन संवारने की परंपरा निभाई गई. दीपावली पर मां लक्ष्मी के स्वागत में घरों की चौखटें दीपों से जगमगा उठीं. रंगोली से सजे आंगन और रोशनी से नहाए बाजारों ने गुलाबीनगरी की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए. देवालयों में विशेष पूजा-अर्चना हुई. अन्नकूट महोत्सव में भगवान को छप्पन भोग और तरह-तरह के पकवान अर्पित किए गए. गोवर्धन पूजा के साथ प्रकृति और आस्था के प्रति श्रद्धा जताई गई और आखिर में भाईदूज ने इस महापर्व को रिश्तों की मिठास के साथ विदाई दी. इन पांच दिनों में कहीं मिठाइयां बांटी गई तो कहीं पुराने दोस्तों से मुलाकात हुई. बच्चों ने पटाखों और रोशनी का आनंद लिया तो बुजुर्गों ने परिवार के साथ बैठकर पुरानी दीपावली की यादें साझा की.

यह भी पढ़ेंः  मोतीडूंगरी गणेशजी को मिलते हैं 90 हजार कार्ड, भगवान खुद देते हैं ये खास आशीर्वाद

त्योहार ने मिटाईं दूरियां, एक छत के नीचे जुटे परिवार 
त्योहार के बहाने घरों में खुशियों की ऐसी महफिल सजी, जिसमें हर पीढ़ी का अपना अलग रंग नजर आया. दीपोत्सव की असली खूबसूरती सिर्फ हजारों दीपकों की रोशनी में नहीं बल्कि उन रिश्तों में दिखाई दी, जिन्हें रोजमर्रा की व्यस्त जिंदगी में एक-दूसरे के लिए वक्त नहीं मिल पाता. कोई नौकरी के सिलसिले में दूसरे शहर में रहता है, तो कोई कारोबार की भागदौड़ में उलझा रहता है लेकिन दीपावली ने एक बार फिर परिवारों को एक छत के नीचे आने का मौका दिया. कहीं दादा-दादी के साथ पोते-पोतियों की हंसी गूंजी, तो कहीं भाई-बहनों ने बचपन की शरारतें याद की.

बड़ों का आशीर्वाद और छोटों का दुलार, करीब आए रिश्ते
परिवार के बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद मिला. छोटों को दुलार मिला और आपसी मनमुटाव दूर करने का अवसर भी. पांच दिनों तक साथ बैठकर भोजन करने, पूजा करने और खुशियां बांटने की परंपरा ने परिवारों को फिर एक-दूसरे के करीब ला दिया. यही वजह है कि दीपोत्सव सिर्फ धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि बिखरे रिश्तों को समेटने और परिवार को नई ऊर्जा देने का अवसर भी बन गया.

पांच दिन का त्योहार, रिश्तों की रोशनी सालभर रहेगी कायम 
बहरहाल, पांच दिन तक गुलाबीनगरी में दीप जले, घर-आंगन रोशन हुए. मंदिरों में आस्था उमड़ी और बाजारों में खुशियां बिखरीं लेकिन इस दीपोत्सव की सबसे बड़ी सौगात रही रिश्तों की नजदीकियां. भाईदूज के साथ त्योहार का समापन हो गया. अब कोई फिर नौकरी पर लौटेगा, तो कोई अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में व्यस्त हो जाएगा लेकिन परिवार के साथ बिताए ये पांच दिन सालभर याद आएंगे क्योंकि दीपावली की असली रोशनी घरों में जलने वाले दीयों से नहीं बल्कि दिलों में जलने वाले अपनेपन के दीप से होती है. त्योहार पांच दिन का था, लेकिन रिश्तों की ये रोशनी सालभर बनी रहे. यही दीपोत्सव का असली संदेश है. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES